पूर्व मंत्री कविता जैन
- फोटो : संवाद
सोनीपत : फूट-फूटकर रोईं कविता
पूर्व मंत्री कविता जैन समर्थकों के सामने फूट-फूट कर रोने लगीं। उन्होंने पार्टी आलाकमान को तीन दिन में प्रत्याशी निखिल मदान को बदलने का अल्टीमेटम दिया। उनके कई समर्थकों ने इस्तीफा दिया है।
महम : निर्दलीय लड़ सकती हैं राधा
टिकट की दावेदार राधा अहलावत के पति शमशेर खरकड़ा ने 7 सितंबर को पैतृक गांव खरकड़ा में कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। खरकड़ा गांव की पंचायत ने शमशेर का साथ देने का एलान किया। राधा अहलावत निर्दलीय चुनाव लड़ सकती हैं। अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष व विधानसभा संयोजक फतेह सिंह, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष विकास सिवाच, मंडल महामंत्री मुकेश कुमार, महम मंडल महामंत्री राकेश कुमार ने इस्तीफा दिया।
सफीदों : पूर्व मंत्री का इस्तीफा
पूर्व विधायक जसबीर देशवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है। पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य ने इस्तीफा सौंप दिया है।
बेरी : अहलावत ने बुलाई बैठक
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमित अहलावत ने बेरी में समर्थकों की सांकेतिक बैठक बुलाई।
अटेली : दो दिन में फैसला लेंगे कुलदीप
भाजपा ओबीसी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व पंचायत एसोसिएशन के पूर्व प्रधान कुलदीप यादव ने दो दिन बाद आगामी फैसला लेने को कहा है।
कोसली : निर्दलीय लड़ सकते हैं सुनील राव
टिकट के दावेदार और फिल्म अभिनेता राजकुमार राव के रिश्ते में जीजा सुनील राव ने पार्टी छोड़ी। निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने बेरली में बैठक कर प्रत्याशी अनिल डहीना को बदलने की मांग की।
रेवाड़ी : खोला व यादव ने छोड़ी भाजपा
पीपीपी स्टेट को-ऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला और युवा नेता सन्नी यादव ने पार्टी छोड़ने के साथ दोनों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया।
इसराना : पति को टिकट न मिलने पर आशु का इस्तीफा
पति सत्यवान शेरा को टिकट न मिलने पर भाजपा महिला मोर्चा की पानीपत जिलाध्यक्ष आशु शेरा ने पद से इस्तीफा दिया।
समालखा : कौशिक ने चुलकाना में बुलाई बैठक
दो बार चुनाव लड़ चुके शशिकांत कौशिक ने आठ सितंबर को पैतृक गांव चुलकाना में बैठक बुलाई।
मुलाना : भाजपा कार्यालय पर नारेबाजी
पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा के समर्थकों नाराजगी जताई और अंबाला के भाजपा कार्यालय में नारेबाजी की।
थानेसर : निर्दलीय लड़ेंगे डीडी
वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी व कृष्ण लाल बजाज विरोध में आए। अब ये निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं।
पिहोवा : प्रत्याशी बदलने का अल्टीमेटम
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैठक कर शुक्रवार तक प्रत्याशी बदलने का अल्टीमेटम दिया।
गुड़गांव : नवीन का चुनाव लड़ने का एलान
भाजपा उपाध्यक्ष जीएल शर्मा व जिला मीडिया प्रभारी गजेंद्र गुप्ता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। नवीन गोयल ने पार्टी छोड़ते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने फैसला लिया।
गढ़ी सांपला किलोई : कृष्णमूर्ति ने बुलाई बैठक
पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा ने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। पार्टी में रहने या छोड़ने पर भी फैसला लेंगे।
सोहना : खेल मंत्री समर्थकों की बैठक में लेंगे फैसला
खेल मंत्री संजय सिंह ने शुक्रवार को समर्थकों की बैठक बुलाई। चुनाव लड़ने का ले सकते हैं फैसला।
पृथला : आठ को फैसला लेंगे दीपक डागर
टिकट के दावेदार दीपक डागर फूट-फूटकर रोने लगे। 8 सितंबर को समर्थकों की बैठक बुला बड़ा फैसले लेने की बात कही। जिला उपाध्यक्ष सुखबीर मलेरना ने भी समर्थकों की बैठक बुलाई।
डबवाली : आदित्य चौटाला ने बनाया दबाव
प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ, इसके बावजूद आदित्य देवीलाल चौटाला ने बागी तेवर दिखाते हुए हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है।
डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा, चार वरिष्ठों को सौंपी नाराज नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी, सीएम आज करेंगे बैठक
भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीरवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे। पार्टी ने प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डॉ. अर्चना गुप्ता व कृष्ण बेदी को नाराज नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। बिप्लब कुमार ने कहा कि टिकट न मिलने पर नाराजगी स्वाभाविक है, लेकिन भाजपा अनुशासन वाली पार्टी है। नेताओं व कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सैनी शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे प्रदेश कार्यालय रोहतक पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के साथ मिलकर प्रदेश महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, तीनों महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डॉ. अर्चना गुप्ता और कृष्ण बेदी के साथ बैठक करेंगे।
नाराज कार्यकर्ताओं को मना लेंगे : नायब सैनी
टिकट वितरण को लेकर किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी के बड़े नेता संपर्क में हैं और किसी कार्यकर्ता में नाराजगी है तो उसे भी मना लिया जाएगा। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। -नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा