अजय देवगन चंडीगढ़ में थे, यहां लोगों ने उनका जो रूप देखा, वो उनके दिल में घर कर गया। हर कोई उनकी तारीफों के पुल बांध रहा था। दरअसल अजय केएफसी के ऐड होप नाम के एक ऐसे अभियान से जुड़े हैं जिसके तहत देशभर के गरीब बच्चों को भरपेट खाना खिलाया जाता है। इस कंपनी ने अजय देवगन को ब्रांड अंबेसडर बनाया है।
इसी अभियान के तहत अजय शनिवार को सेक्टर-7 स्थित गवर्नमेंट नर्सरी स्कूल में पहुंचे और कई बच्चों को खाना भी परोसा। इस मौके पर अजय देवगन ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य है। इन्हीं बच्चों में से कल कोई नेता,डॉक्टर,या फिर इंजीनियर बनेगा। अगर भुखमरी के कारण बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं तो हम देश के उज्जल भविष्य की कामना कैसे कर सकते है?
उन्होंने कहा कि जब मुझे पता चला कि देश का हर चौथा बच्चा कुपोषण का शिकार है तो मुझे बेहद अफसोस हुआ। अगर हम इस बात को नजरअंदाज न करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसके बारे में जागरूक करें तो इस गंभीर समस्या का समाधान कर सकते हैं। जरूरी है कि सब आगे आए और भुखमरी जैसी समस्या को दूर भगाएं।
अजय देवगन ने स्कूल में गरीब बच्चों को खाना परोसा, और उनके साथ बातचीत भी की। इसके साथ ही गुड़गांव फूड बैंक को केएफसी ने 11 लाख रुपये का चेक भी सौंपा। उन्होंने कहा कि देश में भुखमरी से लड़ने के लिए इस पहल की शुरुआत की है। जिसके लिए वह फंड इकट्ठा करेंगें और कोशिश होगी कि कोई भी गरीब भूखा न सोए।