रोपड़ जेल में करीब दो साल बिताने वाले यूपी के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की सलाखों में पहुंचने की कहानी भी कम फिल्मी नहीं है। सात जनवरी 2019 को सेक्टर-70 निवासी रियल एस्टेट कारोबारी से मांगी गई रंगदारी की धमकी भरी कॉल ने उसे मुसीबत में डाल दिया। 27 सेकेंड की यह कॉल कारोबारी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। पुलिस को शिकायत दी। मोहाली के मटौर थाने में केस दर्ज हुआ और फिर पंजाब पुलिस यूपी के बांदा जेल से अंसारी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। तब से वह रोपड़ जेल में ही बंद था। पुलिस के मुताबिक, बाहुबली मुख्तार अंसारी ने रियल एस्टेट कारोबारी को फोन कर दस करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही धमकी दी कि यदि उसके आदमियों को रुपये नहीं दिए तो उसे परिवार समेत खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद कारोबारी ने उक्त रिकॉर्डिंग पुलिस अधिकारियों को दे दी। इसके बाद मटौर थाने में मुख्तार पर रंगदारी, जान से मारने की धमकी व सुबूत मिटाने का केस दर्ज हुआ था।