यूपी के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की सोमवार पांच अप्रैल को पंजाब से विदायगी हो जाएगी। अंसारी को यूपी ले जाने के लिए बांदा पुलिस कुछ ही देर में पंजाब पहुंचने वाली है। मुख्तार रोपड़ जेल में बंद है। अंसारी को सड़क के रास्ते ले जाया जाएगा। रोपड़ से बांदा की दूरी लगभग 900 किलोमीटर है। यूपी से रवाना हुई टीम में एडीजी और चित्रकूट के आईजी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अंसारी को बांदा जेल में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। इस संबंध में पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी को लिखे पत्र में कहा है कि न्यायालय के निर्देश के अनुसार 8 अप्रैल से पहले अंसारी को यूपी की बांदा जेल में शिफ्ट किया जाना है। उन्होंने इसके लिए उचित प्रबंध करने का आग्रह किया है। उन्होंने अंसारी की सेहत का पत्र में जिक्र किया है और कहा है कि शिफ्टिंग के दौरान उसकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति का भी ध्यान रखा जाए।