नवजोत सिद्धू के शिकायती पत्र का जवाब देने की बजाय मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने नगर सुधार ट्रस्ट को एक विशेष जिम्मेदारी सौंप दी है।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पूर्व मंत्री नवजोत सिद्धू को प्रदेश की राजनीति से अलग-थलग करने के बाद उनके पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सभी विकास प्रोजेक्टों की जिम्मेदारी नगर सुधार ट्रस्ट को सौंप दी है। वहीं ट्रस्ट की तरफ से सिद्धू के हलके में कई विकास कार्य शुरू भी करवाए जा चुके हैं, लेकिन सिद्धू को इनकी जानकारी ही नहीं है।
पिछले डेढ़ साल से अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाश रहे सिद्धू ने कुछ दिन पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपने हलके के विकास प्रोजेक्टों की अनदेखी करने की शिकायत का एक पत्र लिखा था। इस पत्र का उद्देश्य विकास के मुद्दे पर कैप्टन को घेरकर अपने हलके के लोगों की सहानुभूति प्राप्त करना था। अपने मतदाताओं से बनी दूरी की दरार को पाटने के लिए सिद्धू ने तुरुप का पत्ता खेला, लेकिन कैप्टन ने एक मंजे हुए राजनीतिज्ञ की तरह सिद्धू के पत्र का कोई जवाब न देकर उसे नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन दिनेश बस्सी को भेज दिया।
बस्सी को पत्र भेज कर कैप्टन ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव में बस्सी पूर्वी हलके से कांग्रेसी टिकट के दावेदार थे। सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने के बाद बस्सी का दावा खत्म हो गया था। निगम चुनाव में बस्सी ने इसी हलके से टिकट मांगी, कैप्टन तैयार हो गए, लेकिन सिद्धू विरोध में खड़े हो गए। इसके बाद सिद्धू के विरोध के बावजदू कैप्टन ने बस्सी को नगर सुधार ट्रस्ट का चेयरमैन नियुक्त कर दिया। वहीं बस्सी ने पद संभालते ही पूर्वी विधान सभा के विकास कार्यों में तेजी ला दी।
सिद्धू के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट जौड़ा फाटक में आरओबी के अंडर पाथ के लिए रेलवे को 25 करोड़ की राशि जारी कर दी गई। साढ़े 33 करोड़ की राशि से वल्ला आरओबी का काम शुरू हो चुका है। गलियों के निर्माण के लिए 13 करोड़ की राशि और फोर एस चौक में फ्लाई ओवर के निर्माण के लिए 15 करोड़ की राशि निर्धारित की गई है। भारतीय पुरातत्व विभाग ने फ्लाई ओवर के निर्माण में आपत्ति उठाई है, जल्दी ही क्लीयरेंस मिलेगी। कैप्टन को लिखे पत्र में सिद्धू ने शिकायत तो की लेकिन उन्हें धरातल की जानकारी नहीं थी। सिद्धू ने अपने हलके के विकास के लिए नगर निगम व ट्रस्ट के साथ कभी कोई बैठक नहीं की है।
मुख्यमंत्री ने नवजोत सिद्धू के हलके के विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देने के लिए आदेश दिए हैं। सिद्धू के हलके में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उनके पार्षदों ने जिन भी विकास कार्यों की सूचि दी है, उसके टेंडर लगाए गए हैं। - दिनेश बस्सी, चेयरमैन, नगर सुधार ट्रस्ट