कृषि कानून से दुखी होकर एक व्यक्ति ने सतलुज नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवान ने नदी में कूद व्यक्ति को बचा लिया। मामला पंजाब के फिरोजपुर जिले का है। नदी से बाहर निकालने पर व्यक्ति ने कहा कि उसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करवाओ, वह जल्द कृषि कानून वापस लें। इस संबंध में बीएसएफ जवानों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों व पुलिस को जानकारी दी।
बीएसएफ जवान ने बताया कि व्यक्ति स्कूटर पर सवार होकर बॉर्डर पर पहुंचा और देखते ही देखते उसने नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में तुरंत सूचित किया और नदी में छलांग लगाकर किसी तरह उसे बचाकर दरिया से बाहर निकाला।
जब उससे नदी में छलांग लगाने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह दिल्ली किसान धरने में गया था, वहां प्रधानमंत्री से मुलाकात नहीं हुई। कृषि कानून को रद्द किया जाए। जवान ने बताया कि व्यक्ति ने स्कूटर में एक सुसाइड नोट लिखकर रखा था।
उसमें लिखा था कि वह कृषि कानून से दुखी है। केंद्र सरकार कृषि कानून रद्द नहीं कर रही है। जवान ने बताया कि जब व्यक्ति का नाम व पता पूछा गया तो उसने बताने से इनकार कर दिया। बस एक ही जिद कर रहा था कि उसकी प्रधानमंत्री से बात करवाओ, वह कृषि कानून रद्द करवाने के संबंध में बात करेगा।