हर आदमी के लिए कार खरीदना एक बड़ा सपना होता है और कार लोन इसे पूरा करना आसान बना देता है। इसलिए ज्यादातर लोग सपनों की कार खरीदने के लिए कर्ज लेते हैं।
कितनी अवधि के लिए कार लोन लेना चाहिए ?
वैसे तो लोग कार लोन ज्यादातर तीन से पांच साल की अवधि के लिए खरीदते हैं, लेकिन कर्जदाता इससे अधिक सालों की अवधि के लिए भी लोन प्रदान करते हैं। अगर आप लंबे समय के लिए कार लोन लेते हैं, तो आपको कम ईएमआई देनी पड़ेगी। वहीं कम अवधि के लिए लोन लेने पर आपको ज्यादा ईएमआई का भुगतान करना होगा। इसलिए ईएमआई के भुगतान की क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही लोन लेना चाहिए।
कार लोन के लिए ग्राहकों को कौन से शुल्क देने पड़ते हैं ?
कार लोन के लिए कंपनियां ग्राहकों से ब्याज दर के अतिरिक्त प्रोसेसिंग शुल्क और कुछ अन्य शुल्क जैसे प्रीपेमेंट या डॉक्यूमेंटेशन भी वसूलती हैं। यानी अगर आप ने सोच लिया है कि कार लोन लेना है तो कंपनियों के रेट पहले ही जांच लें। इस जानकारी के बाद आप आगे मोलभाव करने में सक्षम होंगे।
क्या ग्राहक कार लोन को ट्रांसफर करवा सकते हैं ?
बैंक ग्राहकों को कार लोन को ट्रांसफर करने का भी विकल्प देते हैं। यानी आप यह लोन दूसरे व्यक्ति को भी ट्रांसफर कर सकते हैं। अगर आपने एक कार खरीदी है और बाद में उसे बेचना चाहते हैं, लेकिन उसका लोन खत्म नहीं हुआ है, तो ऐसी स्थिति में बैंकों की ये सुविधा बेहद लाभदायक साबित हो सकती है। हालांकि इसकी प्रक्रिया थोड़ी बड़ी है।