Weather Alert: देश के ज्यादातर हिस्सों में मई के महीने में भीषण गर्मी पड़ती है। लेकिन मई 2026 में मौसम बिल्कुल बदला हुआ है। उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में तूफान, भारी बारिश, ओले और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सिर्फ यूपी में तूफान और बारिश से करीब 90 लोगों की मौत हो चुकी है। सैटेलाइट तस्वीरों में देश के ऊपर एक विशाल बादलों का एक बेल्ट नजर आ रहा है। इसके कारण देशभर में तूफान और बारिश आ रही है। लोगों के मन में सवाल है कि आखिर इस महीने में ऐसा तूफान क्यों आ रहा है? इसके पीछे की वैज्ञानिक वजह क्या है?
उत्तर प्रदेश में 13 मई 2026 बुधवार को आए तेज तूफाने ने बड़ी तबाही मचाई है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने से 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। तूफान इतना भयानक था कि बरेली में एक शख्स टीन के साथ उड़ गया, जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। मई में ऐसे तूफान आना असामान्य नहीं है, लेकिन 2026 में इनकी तीव्रता और बार-बार आने से अधिक नुकसान हुआ है।