भारत की सुपरसॉनिक क्रूज मिसाइल 9 मार्च को पाकिस्तान में जा गिरी थी। इसके बाद दावा किया गया कि पाकिस्तान के शहर चन्नू मियां के पास जो मिसाइल गिरी थी वो भारत की ब्रह्मोस थी। इस घटना के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि कहीं पाकिस्तान चीन की मदद से इसकी रिवर्स इंजीनियरिंग कर अपनी क्रूज मिसाइल न बना लें। क्योंकि चीन और पाकिस्तान रिवर्स इंजीनियरिंग करने में माहिर माने जाते हैं। भारत की यह मिसाइल पाकिस्तान में 124 किमी अंदर गिरी थी।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में गिरी मिसाइल को लेकर कई विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि मिसाइल के मलबे को इकट्ठा कर पाकिस्तान उसको बनाने का तरीका समझ सकता है। भारत को भी यही चिंता सता रही है। रिवर्स इंजीनियरिंग का मतलब होता है किसी चीज को बनाने के तरीके को समझना। आइए जानते हैं कि रिवर्स इंजीनियरिंग और पाकिस्तान का क्या कनेक्शन है?