Aliens in Second World War: दुनिया ने कई जंग देखे हैं, लेकिन दूसरे विश्व युद्ध को आज तक नहीं भुलाया जा सका है। दूसरे विश्व युद्ध को बीते सात दशक से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अभी भी इससे जुड़े कई रहस्यों के बारे में खुलासे हो रहे हैं। अब द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है जो एलियंस से जुड़ा हुआ है। दरअसल दिसंबर 1944 में तानाशाह एडॉल्फ हिटलर की सेना ने बेल्जियम और लक्जमबर्ग पर अंतिम बार हमला बोला था।
इसके बाद अमेरिकी बॉम्बर पायलटों ने जर्मनी के आसमान में एक रहस्यमयी नजारा देखा। आसमान में दिखे इस दृश्य को नाजियों का सुपर हथियार (Nazi Super Weapon) बताया गया था। अमेरिकी वायुसेना के पायलटों को जर्मनी के आसमान में एक सिल्वर रंग की गोल आकृति नजर आई। पायलटों ने बताया कि यह आकृति एक या कई हिस्सों से मिलकर बनी थी और धुंधली दिख रही थी। इसके बाद यह अचानक लापता भी हो गई। इन रहस्यमयी आकृतियों को फू फाइटर्स (Mystery Of Foo Fighters) का नाम दिया गया।