Longest Total Solar Eclipse: खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वालों के लिए साल 2027 में 2 अगस्त का दिन बेहद खास है। साल 2027 में दो अगस्त को ऐतिहासिक पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा। इस दौरान दोपहर के समय ही आसमान में अंधेरा छा जाएगा। हाल के इतिहास में ऐसा सूर्य ग्रहण कभी नहीं लगा है और आने वाले करीब 100 वर्ष तक भी नहीं लगेगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मुताबिक, यह सूर्य ग्रहण अटलांटिक महासागर से शुरू होगा, जिसके बाद जिब्राल्टर जलडमरूमध्य, दक्षिणी स्पेन, उत्तरी अफ्रीका से अरब प्रायद्वीप तक नजर आएगा। हालांकि, हिंद महासागर के ऊपर यह धुंधला दिखेगा।
खगोलविदों के मुताबिक, दो अगस्त 2027 को पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखेगा। पूर्ण सूर्य ग्रहण हर साल या फिर साल के अंतराल पर लगता रहता है, लेकिन अगस्त 2027 में लगने वाला यह ग्रहण अपनी लंबी अवधि के लिए बेहद खास है। यह खगोलविदों को ब्रह्मांड के रहस्यों को जानने के लिए बेहद खास मौका होगा।