volcanoes of ice on pluto: ग्रह का दर्जा खत्म किए जाने के लगभग 16 साल बाद एक बार फिर प्लूटो ने वैज्ञानिकों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। सौरमंडल में पहले प्लूटो को ग्रह का दर्जा दिया गया था, लेकिन यह बहुत छोटा है। धरती के चांद से भी छोटा होने की वजह से इसका ग्रह का दर्जा खत्म कर दिया गया। प्लूटो पर किए गए एक नए रिसर्च में रोचक तथ्य सामने आए हैं। इस शोध में प्लूटो की सतह पर रहस्यमयी ज्वालामुखियों के मौजूद होने की बात कही गई है। सौरमंडल में कहीं भी ऐसा देखने को नहीं मिला है।
प्लूटो की उबड़ खाबड़ जमीन पर पहली बार विशाल बर्फीली ज्वालामुखियां देखी गई हैं। नेचर कम्युनिकेशन जर्नल में यह स्टडी प्रकाशित की गई है। साउथवेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट की ग्रह वैज्ञानिक और इस स्टडी की लेखक केल्सी सिंगर ने बताया है कि प्लूटो के स्पूतनिक प्लैनिटिया के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में जमीन के नीचे से इतना अधिक कीचड़ निकलता है जिससे एक से सात किमी लंबे पहाड़ बन जाते हैं। स्टडी में बताया गया है कि इम्पैक्ट क्रेटर वाले कुछ इलाकों में कई बड़े टीले नजर आते हैं।