PM Modi Europe Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूरोप के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत सोमवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचे हैं। बर्लिन पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। जहां प्रधानमंत्री ने बच्चों से दिल खोलकर मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह एक बच्चे के साथ नजर आ रहे हैं और बच्चे का हौसला बढ़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बच्चे ने पीएम मोदी के स्वागत में एक देशभक्ति गीत गाया जिसने उनका दिल जीत लिया। बच्चे द्वारा गाए गाने के बोल थे, हे जन्मभूमि भारत, हे कर्मभूमि भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा इस वीडियो को बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने भी शेयर किया है और कहा है कि इस बच्चे के देशप्रेम के इतने प्यारे अंदाज को देखकर दिल खुश हो गया है। पीएम मोदी के स्वागत में बच्चे के गाए गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो को कई लोगों ने इंटरनेट पर शेयर किया है और बच्चे की देशभक्ति की तारीफ की है।