फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुनिया के वो जानलेवा फूल, फल और पौधे, जो पल भर में सुला सकते हैं मौत की नींद

Fri, 18 Sep 2020 03:43 PM IST
नवनीत राठौर फीचर डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 8
एकोनिटम फूल - फोटो : सोशल मीडिया
2014 में ब्रिटेन के देहात में एक बड़े फार्म की देखरेख करने वाले माली की अचानक मौत हो गई। उसके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उसकी मौत क्यों हुई, इसकी वजह का पता नहीं चल पा रहा था, लेकिन मुकदमे के दौरान सबूत पेश हुए कि उसकी मौत फूलों के एक लोकप्रिय पौधे की वजह से हुई। इस फूल वाले पौधे का नाम है एकोनिटम। इसके खिले हुए फूल के कई नाम हैं जैसे - भेड़िए का दुश्मन, शैतान की हेलमेट, क्वीन ऑफ प्वायजन्स। इन नामों से इसकी खासियत का अंदाजा लगाया जा सकता है। सच यही है कि एकोनिटम दुनिया का सबसे खतरनाक पौधा है क्योंकि ये हार्ट की गति को धीमा कर देता है जिससे मौत हो जाती है।
विज्ञापन

2 of 8
एकोनिटम फूल - फोटो : सोशल मीडिया
इसका सबसे जहरीला हिस्सा होता है जड़, लेकिन पत्तों में भी जहर होता है। दोनों में न्यूरोटॉक्सिन होते हैं, यानी वो जहर जो दिमाग पर असर करता है। इसे त्वचा भी सोख सकती है। जब ये फूल, पत्ते या इसकी जड़ त्वचा से संपर्क में आते हैं तो वहां झुनझुनी पैदा होती है, वह हिस्सा अकड़ने लगता है। अगर गलती से इसे खा लिया जाए तो उल्टी और दस्त का दौर शुरू हो जाता है।
विज्ञापन

3 of 8
एकोनिटम फूल - फोटो : सोशल मीडिया
2010 में ब्रिटेन में भारतीय मूल की एक महिला लखवीर सिंह को हत्या का दोषी पाया गया था। उन्होंने अपने प्रेमी को कड़ी में इंडियन एकोनाइट मिला कर दे दिया था। इसके कारण प्रेमी की पाचन शक्ति तो गड़बड़ा ही गई, साथ ही उसके हृदय की गति धीमी हो गई जिसके चलते उसकी मौत हो गई। लेकिन हर बार ऐसा हो, ये जरूरी नहीं है। विशेषज्ञ जॉन रॉर्बटसन के मुताबिक, हमारी उल्टी करने की क्षमता के कारण कई लोग अपनी कहानी बताने के लिए बच भी जाते हैं।

राबर्टसन कहते हैं, 'मैंने उन लोगों से बात की है, जो इसे खाने के बाद भी जीवित थे। एक दंपत्ति ने गलती से इसकी पत्तियों को सलाद में इस्तेमाल कर लिया। अगले 24 घंटे तक दोनों की स्थिति बेहद खराब रही लेकिन दोनों बच गए।' आम मान्यता ये है कि पौधों में ये टॉक्सिन या जहर खुद की सुरक्षा के लिए विकसित हुआ है। इसके चलते यह पौधा कीटों और जानवरों से अपना बचाव कर पाता है।

4 of 8
दुनिया का सबसे जहरीला पौधा - फोटो : सोशल मीडिया
ऐसा ही एक पौधा है हॉगवीड (हेरेसलियम मांटेगाजिएनम)। अगर यह इंसानों की त्वचा के संपर्क में आए और फिर सूर्य की रोशनी से रिएक्ट करे तो त्वचा पर जलन उत्पन्न करने लगता है। हालांकि गाजर, अजवाइन और नींबू के पौधों में भी यह गुण होता है और बुरी परिस्थितियों में ये पौधे त्वचा पर छाले कर सकते हैं।
विज्ञापन

5 of 8
मेंचिलीन पेड़ - फोटो : सोशल मीडिया
इसी तरह दक्षिणी अमरीका के उत्तरी हिस्से यानी फ्लोरिडा और कैरेबियाई द्वीप में भी उगने वाला पौधा मैनकीनील (हिप्पोमाने मैनकीनीला) को छूना भी खतरनाक माना जाता है। इसे भी दुनिया के खतरनाक पौधों में एक माना जाता है। इसके आसपास चेतावनी के संकेत वाला बोर्ड भी आपको नजर आ सकता है। इस पौधे के नीचे बारिश में खड़ा होना भी खतरनाक हो सकता है। इसके पत्तों से टकरा कर आने वाला पानी भी त्वचा को काफी नुकसान पहुंचाता है। इन पौधों को जलाना भी खतरनाक हो सकता है। इसके धुंए के संपर्क में आने से आंखों की रोशनी तक जा सकती है और सांस की समस्या भी हो सकती है।
विज्ञापन

6 of 8
लिटिल एप्पल ऑफ डेथ - फोटो : सोशल मीडिया
जाहिर है मैनकीनील पौधे का असर तो अच्छा नहीं होता है, लेकिन इसके संपर्क में आने से आपकी मौत नहीं होगी, लेकिन अगर इसके छोटे से फल को किसी ने खा लिया तो मौत का खतरा हो सकता है। इस फल का स्पेनिश नाम है लिटिल एप्पल ऑफ डेथ। इस फल को खाने से उल्टी और दस्त से पूरे शरीर का पानी बाहर निकल जाता है और मौत हो जाती है।
विज्ञापन

7 of 8
रिकिनस कोमूनिस - फोटो : सोशल मीडिया
इसके अलावा रिकिनस कोमूनिस की झाड़ी भी बेहद खतरनाक होती है। इस पौधे की बीज से ही केस्टर आयल (अरंडी का तेल) निकलता है। इस पौधे के साइंटिफिक लेटिन नाम है राइसिन। इस वजह से अरंडी के पौधे को दुनिया के सबसे जहरीला पौधों में से एक माना जाता है। इसके बीज से तेल निकालने के बाद बचे हिस्से में भी काफी टॉक्सिन मौजूद होते हैं। राइसिन मेटाबॉलिज्म की कोशिकाओं को नष्ट करता है। ये कोशिकाएं जीवन के लिए बेहद आवश्यक होती हैं। इससे उल्टी और दस्त शुरू हो सकती है और एक सप्ताह के अंदर अंग काम करना बंद कर देते हैं और मौत हो सकती है।

अब सवाल यह है कि इतने खतरनाक पौधों को हम बगीचे में क्यों उगाते हैं। जॉन राबर्टसन बताते हैं, 'जहरीला और हानिकारक होने में अंतर है। आप ये आसानी से कह सकते हैं कि कौन सा पौधा जहरीला है, उसमें कौन सा टॉक्सिन है और उससे क्या हो सकता है? लेकिन अगर आप उसे खाना चाहें तभी वह नुकसानदायक हो सकता है।' अरंडी का बीज शरीर में पचता नहीं है और यदि निगल लिया जाए तो शरीर को ज्यादा नुकसान पहुंचाए बिना ही बाहर निकल जाता है। लेकिन यदि इसके पांच बीज चबा लिए जाएं और फिर पेट में पहुंच जाए तो ये खुराक घातक साबित होगी। बच्चों के लिए एक ही काफी है। अगर इसे इंजेक्शन के तौर पर दिया जाए तो यह और भी खतरनाक होता है।
विज्ञापन

8 of 8
अबरीन के बीज - फोटो : सोशल मीडिया
इसी तरह का जहरीला पौधा है अबरीन। इसका बीज भी खतरनाक होता है। यह काफी हद तक राइसिन से मिलता जुलता है लेकिन यदि ये शुद्ध हो और पाउडर की तरह खाया जाए, तभी खतरनाक है। हालांकि इसका बाहरी कवच काफी सख्त होता है लिहाजा इसे पचाना और भी मुश्किल होता है। वैसे आधुनिक चिकित्सा जगत में जहरीले पौधों की वजह से मौत के मामले दुर्लभ ही हैं। लेकिन इन पौधों के बारे में जानने से खतरा कम जरूर हो जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें