आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में लिफ्ट से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला की उस वक्त जान चली गई, जब वह अपनी बेटी और नाती के साथ लिफ्ट से बाहर निकल रही थीं। पहली मंजिल पर पहुंचने के बाद जैसे ही लिफ्ट का दरवाजा खुला, बेटी और नाती बाहर निकल गए। इसी दौरान लिफ्ट अचानक नीचे की ओर चल पड़ी। देखते ही देखते महिला लिफ्ट और शाफ्ट के बीच फंस गईं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
बेटी के घर आई थीं वनिता
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका की पहचान वनिता के रूप में हुई है। वह प्रकाशम शहर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी बेटी के घर आई हुई थीं। हादसे के वक्त उनके साथ बेटी और नाती भी लिफ्ट में मौजूद थे। तीनों को अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर उतरना था। पहली मंजिल पर पहुंचने के बाद लिफ्ट के दरवाजे खुले। वनिता की बेटी और नाती बाहर निकल गए। इसी दौरान वनिता ने भी बाहर आने के लिए कदम बढ़ाया, लेकिन तभी लिफ्ट अचानक नीचे की तरफ चलने लगी। खास बात यह रही कि लिफ्ट के दरवाजे खुले हुए थे।
कुछ समझ पाते, उससे पहले हुआ हादसा
अचानक हुई इस घटना से वनिता लिफ्ट और शाफ्ट के बीच फंस गईं। आसपास मौजूद लोगों को जब चीख-पुकार सुनाई दी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह वनिता को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बनी रही। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद वनिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
लिफ्ट की तकनीकी खराबी या मेंटेनेंस में लापरवाही?
हादसे ने अपार्टमेंट में लगी लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अब जांच इस बात की जा रही है कि लिफ्ट में कोई तकनीकी खराबी थी या उसके रखरखाव में लापरवाही बरती गई थी। लिफ्ट हादसे का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे कुछ दिन पहले नोएडा की एक सोसाइटी में भी 73 वर्षीय महिला की लिफ्ट में फंसने से मौत हुई थी। प्रकाशम की घटना ने एक बार फिर लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।