Life on Mars: ब्रह्मांड में वैज्ञानिक सालों से जीवन की तलाश कर रहे हैं। अगर सौर मंडल में जीवन खोजने की बात की जाए, तो वैज्ञानिकों का सबसे पहला लक्ष्य मंगल ग्रह है। अब इस बीच अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल ग्रह की कुछ तस्वीरें भेजी हैं। क्यूरियोसिटी रोवर द्वारा भेजी गईं यह तस्वीरें पत्थरों के अजीबोगरीब संरचना की हैं। मंगल ग्रह की तस्वीरों में पत्थरों की अंदरूनी बनावट दिखाई दे रही है जो पूर्व ऐतिहासिक काल के जानवरों के अवशेषों की तरह नजर आ रही हैं।
क्यूरियोसिटी रोवर की इन तस्वीरों में चट्टान की तरह दिखने वाली संरचना दिख रही है जिससे स्पाइक्स का एक गुच्छा भी बाहर निकला हुआ दिखाई दे रहा है। मंगल ग्रह पर 154 किलोमीटर लंबे गेल क्रेटर के सतह पर यह तस्वीरें ली गई हैं। क्यूरियोसिटी रोवर ने इन तस्वीरों को लेने के लिए मास्ट कैमरा और केमकैम का इस्तेमाल किया है। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद मंगल पर प्राचीन जीवन होने को लेकर बहस शुरू हो गई है।