Crab Attack in Cuba: क्यूबा में लोग इन दिनों एक अजोबीगरीब समस्या से परेशान हैं। इस परेशानी के बारे में आपको जानकर यकीन नहीं होगा, लेकिन यह बिल्कुल सच है। दरअसल, इस समय क्यूबा में सड़कों से लेकर घर की दीवारों तक हर जगह केकड़ों का कब्जा हो गया है। लाल, नारंगी और पीले रंग के केकड़ों ने क्यूबा के कई तटीय इलाकों में हमला कर दिया है। इनके हमले से देश का बे ऑफ पिग्स इलाका सबसे अधिक प्रभावित है। ऐसा नहीं है कि यह पहली जमीन से बाहर आए हैं, क्योंकि यह हर साल बाहर आते हैं, लेकिन इस बार जल्द ही निकल आए हैं। स्थानीय सरकारों ने इनसे निपटने की अभी तैयारी नहीं की थी जिसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केकड़ों के लिए कोरोनाकाल फायदेमंद साबित हुआ, क्योंकि महामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की वजह से इंसानों का सड़कों से लेकर समुद्री इलाकों तक आना जाना लगभग बंद था। इस दौरान केकड़ों को कहीं भी घूमने, प्रजनन करने का मौका मिल गया जिसकी वजह से लैटिन देश में केकड़ों की आबादी में भारी वृद्धि हो गई।