3I/ATLAS Comet: दुनिया भर के वैज्ञानिकों की नजर धूमकेतु 3I/ATLAS पर है। यह हमारे सौरमंडल के बाहर से आया है। वैज्ञानिक इसकी अनोखी विशेषताओं को समझने और अंतरिक्ष सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए इस पर लगातार नजर रख रहे हैं। यह हमारे सौरमंडल में आने वाला तीसरा अंतरतारकीय धूमकेतु है। सूर्य के करीब से गुजरने के बाद अब यह 19 दिसंबर 2025 को पृथ्वी के सबसे करीब आएगा। धूमकेतु 3I/ATLAS को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं।
नासा के वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह धूमकेतु आज सूरज के करीब से गुजरा। इस दौरान इसकी दूरी 21 करोड़ किमी रही। वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके व्यवहार से ब्रह्मांड के कई अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठ सकता है। इस धूमकेतु को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के एटलस टेलीस्कोप ने खोजा था। यह अपने दुर्लभ गुणों, जैसे 'ऐंटी टेल' और कार्बन डाइऑक्साइड की अधिकता की वजह से वैज्ञानिकों के लिए रहस्य बना हुआ है।