Hottest Place on Earth: दुनिया की सबसे गर्म जगह के बारे में जानकर आप हैरान हो जाएंगे। इस जगह का नाम है, डानाकिल डिप्रेशन, जो उत्तरी अफ्रीकी देश इथियोपिया में है। इसका एक हिस्सा पड़ोसी देश इरीट्रिया से भी मिलता है। 'डानाकिल डिप्रेशन' दुनिया की सबसे गर्म, सबसे सूखी, और धरती पर सबसे नीची जगह है। इथियोपिया के अफार इलाके में यह जगह स्थित है। यहां का मौसम बेहद खतरनाक है। फिर भी आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे कि बेहद खराब माहौल होने के बावजूद यहां बहुत से लोग रहते हैं। इथियोपिया के अफार समुदाय के लोग बेरहम मौसम वाले ठिकाने को अपना घर मानते हैं।
डानाकिल डिप्रेशन' को दुनिया की सबसे गर्म जगह इसलिए कहा जाता है, क्योंकि यहां साल भर औसत तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहता है। धरती पर जो और गर्म जगहें हैं, वहां औसतन इतना तापमान नहीं रहता। कभी-कभी बहुत ज्यादा गर्मी पड़ती है। मगर 'डानाकिल डिप्रेशन' में औसत तापमान ही 35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहता है। इसके सिवा यहां बारिश भी बेहद कम होती है। साल भर में सिर्फ 100 से 200 मिलीमीटर बारिश यहां होती है। इसके अलावा एक खास बात और भी है कि 'डानाकिल डिप्रेशन' समुद्र तल से करीब सवा सौ मीटर नीचे है। यहां के यह हालात इसे रहने के लिए धरती पर सबसे बदतर ठिकाना बना देते हैं।