भारत और पाकिस्तान के रिश्ते भले ही तनावपूर्ण हों, लेकिन दोनों देशों ने एक-दूसरे की विरासत को संभालकर रखा हुआ है। पाकिस्तान में कई बेहद खूबसूरत इमारतें हैं जो हिंदू इतिहास को अपने आप में समेटे हुए हैं। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पोतोहार क्षेत्र में अभी भी हिंदू मालिकों की कई हवेलियां हैं जिन पर हिंदुओं की कुछ खास शैलियां नजर आती हैं। कुछ खूबसूरत हवेलियां खाली पड़ी हैं, तो वहीं कुछ में अभी भी एक दो लोग रहते हैं। आइए जानते हैं हिंदू इतिहास से जुड़ी पाकिस्तान की इन खूबसूरत हवेलियों के बारे में...
पाकिस्तान के पोतोहार में कई खूबसूरत हवेलियां हैं। हवेली एक पर्शियन शब्द है जिसका मतलब होता है विशाल भवन। हवेलियां अमीर लोगों की निवास स्थान हुआ करती थीं। पोतोहार की खूबसूरत हवेलियों में शामिल हैं खेम सिंह बेदी हवेली। अविभाजित भारत के रावलपिंडी में खेम सिंह बेदी का जन्म हुआ था जिनके नाम पर यह हवेली है। खेम सिंह बेदी बताते थे कि वह सिख गुरु नानक देव के वंशज हैं। बेहद पढ़े लिखे बेदी की हवेली काफी विशाल है जो अपने आप में हिंदू और अंग्रेजी वास्तुकला को समेटे हुए है।