Ellora Kailasanatha Temple: हिंदू धर्म में भगवान और मंदिरों का बेहद महत्व है। माना जाता है कि भगवान ही इस सृष्टि का संचालन करते हैं। उनकी ही इच्छा से धरती पर सबकुछ होता है। वैसे तो हिंदू धर्म की मान्यता है कि भगवान हर जगह मौजूद हैं, लेकिन भारत की संस्कृति ही ऐसी है कि यहां जगह-जगह आपको अलग-अलग देवी-देवताओं के मंदिर मिल जाएंगे। ऐसा सदियों से चला आ रहा है कि लोग अपनी श्रद्धा से मंदिरों का निर्माण करवाते हैं। हम अपनी खबर में आपको ऐसे ही एक मंदिर के बारे में बताएंगे, जो किसी अजूबे से कम नहीं है। कहा जाता है कि इस मंदिर के निर्माण में 100 साल से भी ज्यादा का समय लगा था।
यह मंदिर महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में स्थित एलोरा की गुफाओं में है। इस मंदिर को एलोरा के कैलाश मंदिर के नाम से जाना जाता है। 276 फीट लंबे और 154 फीट चौड़े इस मंदिर की खासियत यह है कि इसे सिर्फ एक ही चट्टान को काटकर बनाया गया है। ऊंचाई की अगर बात करें तो यह मंदिर किसी दो या तीन मंजिला इमारत के बराबर है।