Bermuda Triangle Mystery: बरमूडा ट्रायंगल समुद्र के बीचों-बीच एक ऐसा इलाका है, जिसका नाम सुनते ही रहस्य, डर और अनसुलझी कहानियां दिमाग में घूमने लगती हैं। दशकों से यह जगह कभी गायब हुए जहाजों, कभी लापता विमानों और कभी अचानक फेल हुए कंपास की वजह से सुर्खियों में रही है। कई बार इसे एलियन या किसी रहस्यमयी ताकत से भी जोड़ दिया गया, लेकिन अब विज्ञान ने इस कहानी में एक नया मोड़ ला दिया है।
हाल ही में हुई एक रिसर्च ने इस रहस्य को आसमान से हटाकर समुद्र की गहराई में ला खड़ा किया है। 'जियोफिजिकल रिसर्च लेटर्स' में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, वैज्ञानिकों ने बरमूडा द्वीप के करीब 20 किलोमीटर नीचे एक बेहद अनोखी और हल्की चट्टानी परत का पता लगाया है। खास बात यह है कि ऐसी संरचना अब तक किसी अन्य समुद्री द्वीप के नीचे देखने को नहीं मिली।
दरअसल, बरमूडा ट्रायंगल अटलांटिक महासागर का वह क्षेत्र है, जिसे मियामी, सान जुआन और बरमूडा को जोड़कर बने एक काल्पनिक त्रिकोण के रूप में समझाया जाता है, और यही इसकी पहचान बन गई।