शिवभक्ति में डूबा बिहार
- फोटो : अमर उजाला
लखीसराय के अशोकधाम में उमड़ी कांवड़ियों की अपार भीड़
लखीसराय जिले स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर अशोकधाम में सावन के पहले सोमवार के दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पैदल, साइकिल और अन्य साधनों से पहुंचे कांवड़ियों ने गंगा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। तड़के तीन बजे ही मंदिर के पट खुलने के साथ ही भक्तों की कतार लग गई और जलार्पण का क्रम शुरू हो गया।
मंदिर का कोना-कोना केसरिया रंग में रंगा हुआ प्रतीत हुआ। भक्तों के जयकारों से मंदिर परिसर की दीवारें गूंजती रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में शिवभक्ति का अद्भुत उत्साह देखा गया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन के साथ पूजा-अर्चना की और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासनने अभूतपूर्व तैयारियां की थीं। पुलिस बल की भारी तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, पेयजल व्यवस्था और चिकित्सा कैंप ने आयोजन को व्यवस्थित बनाए रखा। मंदिर समिति और स्वयंसेवकों ने भी बड़ी कुशलता से भीड़ को संभाला।
बाबा भैरवनाथ मंदिर में नेपाल तक से पहुंचे भक्त
मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड स्थित बाबा भैरवनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में सुबह चार बजे से ही कांवड़ियों की कतारें लग गईं। नेपाल, सीतामढ़ी और उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों से पहुंचे भक्तों ने बोल बम के नारों के साथ बाबा भैरवनाथ का जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से लगा रहा। मंदिर प्रबंधन की ओर से जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पिछले वर्ष हुई अफरातफरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती गई।
स्थानीय डीएम सुब्रत राय सेन के निर्देश पर औराई क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंधन लगातार माइकिंग कर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दे रहा था।
श्रद्धालु राहुल कुमार ने बताया कि वे पहलेजा घाट से गंगा जल लेकर बाबा भैरवनाथ मंदिर पहुंचे हैं और इस बार जलाभिषेक का अनुभव बेहद संतोषजनक रहा। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में व्यवस्था काफी बेहतर थी और दर्शन में कोई कठिनाई नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- Bihar: लालू ने पीएम मोदी-सीएम नीतीश पर बोला हमला, इस बार AI तस्वीर के साथ वीडियो बनवा कर कहीं यह बातें