बिहार पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित बिहार पर्यटन लेख लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को शुक्रवार को एक भव्य कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम पर्यटन निदेशालय सभागार, मुख्य सचिवालय में आयोजित हुआ, जहां पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने सभी विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
प्रतियोगिता में मिली जोरदार भागीदारी
जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर से 14 दिसंबर 2023 के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर 10,000 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। प्रतिभागियों ने बिहार के पर्यटन स्थलों, कला-संस्कृति, व्यंजन और अन्य विषयों पर मौलिक लेख प्रस्तुत किए। पर्यटन सचिव ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल बिहार के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने का माध्यम है, बल्कि लोगों को अपने अनुभव साझा करने और उनकी लेखन प्रतिभा को पहचानने का भी अवसर देती है।