फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Flood: मुजफ्फरपुर में SDRF ने बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला को सुरक्षित निकाला, बागमती-बूढ़ी गंडक का जलस्तर बढ़ा

Tue, 01 Oct 2024 02:05 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

Flood: मुजफ्फरपुर में SDRF ने बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला को सुरक्षित निकाला, बागमती-बूढ़ी गंडक का जलस्तर बढ़ा
Muzaffarpur: SDRF rescued a pregnant woman trapped in flood, water level increased in Bagmati and Budhi Gandak
विज्ञापन
1 of 6
लोगों को किया जा रहा रेस्क्यू - फोटो : अमर उजाला
बागमती और बूढ़ी गंडक नदी के उफान से मुजफ्फरपुर जिले के औराई, कटरा, गायघाट और मीनापुर प्रखंडों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है, जिससे सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है और खेतों में खड़ी फसलें डूबने लगी हैं। लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं, जबकि जिला प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
 
एसडीआरएफ ने गर्भवती महिला को सुरक्षित निकाला
ताजा मामला औराई प्रखंड के बेदौल इलाके का है, जहां बाढ़ में फंसी एक गर्भवती महिला को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बाढ़ के पानी के बीच फंसी इस महिला को बचाने के बाद इलाके में राहत की सांस ली जा रही है। स्थानीय लोग एसडीआरएफ की टीम की तेजी से किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना कर रहे हैं।
 
विज्ञापन

2 of 6
लोगों को किया जा रहा रेस्क्यू - फोटो : अमर उजाला
बागमती नदी से बाढ़ का कहर, प्रभावित गांवों में राहत कार्य तेज
बागमती नदी के कारण औराई, कटरा और गायघाट प्रखंड के कई गांव जलमग्न हो चुके हैं। जिला प्रशासन लगातार राहत कार्यों में जुटा हुआ है और एसडीआरएफ की टीमें मोटर बोट से बाढ़ में फंसे लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। बाढ़ से प्रभावित लोग ऊंचे स्थानों पर मवेशियों और परिवार के साथ शरण लिए हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में कम्युनिटी किचन शुरू कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को खाने-पीने की किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
 
विज्ञापन

3 of 6
रिहायशी इलाके पूरी तरह हुए जलमग्न - फोटो : अमर उजाला
जिला प्रशासन की सक्रियता
डीएम सुब्रत सेन ने लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की राहत और बचाव कार्य में दिक्कत न हो। प्रशासन के आदेश पर कम्युनिटी किचन का संचालन तेजी से किया जा रहा है और बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
 

4 of 6
रिहायशी इलाके पूरी तरह हुए जलमग्न - फोटो : अमर उजाला
बूढ़ी गंडक नदी का रौद्र रूप, मीनापुर में कटाव से सड़कें क्षतिग्रस्त
बागमती नदी के बाद अब बूढ़ी गंडक नदी भी रौद्र रूप धारण कर चुकी है। मीनापुर प्रखंड के मदारीपुर कर्ण इलाके में बाढ़ के कारण सड़कें ध्वस्त हो गई हैं। वार्ड नंबर 13 और 14 में बाढ़ के पानी के तेज बहाव से सड़क मार्ग टूट गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। बाढ़ के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पानी तेजी से खेतों और घरों में घुसने लगा है।
 
विज्ञापन

5 of 6
रिहायशी इलाके पूरी तरह हुए जलमग्न - फोटो : अमर उजाला
बूढ़ी गंडक में लगातार बढ़ता जा रहा जलस्तर
लगातार बारिश और नेपाल के तराई क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन पानी में निरंतर वृद्धि के कारण बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जिले के बोचहा और मुरौल प्रखंड क्षेत्रों में भी जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
रिहायशी इलाके पूरी तरह हुए जलमग्न - फोटो : अमर उजाला
शहरी क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा
बूढ़ी गंडक के जलस्तर में बढ़ोतरी से शहरी क्षेत्रों के निचले हिस्सों में पानी प्रवेश करने लगा है। अखाड़ाघाट, चंदवारा, सोडा गोदाम चौक, आश्रम घाट और लकड़ीढही के पास नदी का पानी तेजी से फैल रहा है, जिससे इन इलाकों के लोग भी बाढ़ के खतरे से जूझ रहे हैं।
 
आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें बाढ़ से निपटने के लिए मुस्तैद हैं और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ के चलते जिले में जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। राहत और बचाव कार्यों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे लोग जल्द ही राहत की आस लगाए बैठे हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें