ट्रायम्फ मोटरसाइकिल ने सोमवार, 23 दिसंबर को भारतीय बाजार में 2025 Speed Twin 900 (2025 स्पीड ट्विन 900) मोटरसाइकिल लॉन्च की है। कंपनी ने इसकी कीमत 8.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। 2025 ट्रायम्फ स्पीड ट्विन 900 स्पोर्टी डिजाइन और कई बेहतरीन एस्थेटिक अपग्रेड के साथ भारत में आई है। साथ ही इसकी कीमत भी अपने पिछले मॉडल से करीब 40,000 रुपये ज्यादा है। दोपहिया वाहन निर्माता द्वारा वैश्विक बाजारों में इसे पेश करने के करीब दो महीने बाद इस बाइक को भारत में लॉन्च किया गया है।
कलर ऑप्शंस
ट्रायंफ ने नई स्पीड ट्विन 900 को तीन अलग-अलग रंगों में पेश किया है। इनमें नीले और नारंगी रंग की धारियों के साथ प्योर व्हाइट, गहरे भूरे रंग की धारियों और सुनहरे रंग के साथ फैंटम ब्लैक और ट्रायंफ लोगो के लाल फ्रेमिंग के साथ एल्युमिनियम सिल्वर शामिल हैं।
बुकिंग
ट्रायम्फ ने नई स्पीड ट्विन 900 के लिए बुकिंग पहले ही शुरू कर दी है और कहा है कि यह बाइक इस महीने के आखिर तक डीलरशिप पर टेस्ट राइड के लिए उपलब्ध होगी।
इंजन पावर और राइड मोड
ट्रायम्फ ने 2025 स्पीड ट्विन 900 में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया है। यह 900 सीसी के साथ आता है जो 7,500 आरपीएम पर 64 बीएचपी का अधिकतम पावर और 3,800 आरपीएम पर 80 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ एक 6-स्पीड यूनिट गियरबॉक्स मिलता है। बाइक दो राइडिंग मोड - रोड और रेन के साथ आती है। जो राइडर्स को अलग-अलग राइडिंग परिदृश्यों से निपटने में मदद करती है। ट्रायम्फ स्पीड ट्विन 900 के साथ एक्सेसरी के रूप में क्रूज कंट्रोल फीचर भी दे रहा है।
2025 ट्रायम्फ स्पीड ट्विन 900: क्या हुए बदलाव
ट्रायम्फ स्पीड ट्विन 900 बाइक को इसके 2025 वर्जन में कई डिजाइन अपडेट मिले हैं। इनमें अपसाइड-डाउन फोर्क्स, आगे की तरफ स्पोर्ट-स्टाइल मडगार्ड और फोर्क प्रोटेक्टर, पीछे की तरफ नए फैब्रिकेटेड एल्युमीनियम स्विंगआर्म और पिगी-बैक रियर सस्पेंशन यूनिट्स के साथ-साथ पतले मडगार्ड और कॉम्पैक्ट टेल-लाइट के साथ स्लीक रियर फ्रेम शामिल हैं। बेंच सीट अब 780 मिमी लंबी है और इसे पतला आकार दिया गया है। ताकि राइडर को कॉर्नरिंग करते समय ज्यादा आराम महसूस हो।
कैसे हैं फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो ट्रायम्फ ने एनालॉग डिस्प्ले को हटाकर नया TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर लगाया है जो रेव्स, स्पीड और गियर की जानकारी दिखाता है। स्क्रीन ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन भी देती है। और स्मार्टफोन से फोन कॉल करने और म्यूजिक एक्सेस करने की सुविधा देती है। बाइक में USB-C सॉकेट भी दिया गया है जो स्मार्टफोन को रिचार्ज करता है।