भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इंतजार कर रहे और टाटा मोटर्स (Tata Motors) की गाड़ियों को चाहनेवालों के लिए एक रोमांचक खबर आई है। देश की सबसे पसंदीदा इलेक्ट्रिक एसयूवी में से एक टाटा सिएरा ईवी (Tata Sierra EV) आगामी 30 जून को भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह कार साल 2020 के ऑटो एक्सपो में अपने कॉन्सेप्ट मॉडल के तौर पर पहली बार सामने आने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। अब, जबकि इसके पेट्रोल/डीजल (इंटरनल कंबशन इंजन) (ICE) वर्जन को पहले ही लॉन्च किया जा चुका है। टाटा मोटर्स इसके ऑल-इलेक्ट्रिक अवतार को बाजार में उतारने के लिए तैयार है। इस बड़े लॉन्च से ठीक पहले कंपनी ने एक नया टीजर जारी कर इसके लुक से पूरी तरह पर्दा उठा दिया है।
दिलचस्प बात यह है कि इस नए टीजर वीडियो में न केवल कार के बाहरी डिजाइन और स्टाइलिंग एलिमेंट्स का खुलासा हुआ है। बल्कि यह भी संकेत मिले हैं कि यह ईवी अपनी साथी कार 'टाटा हैरियर ईवी' (Tata Harrier EV) की तरह ही एक बेहद पावरफुल और सक्षम ऑफ-रोडर गाड़ी होगी। टीजर के मुताबिक, इस कार में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) के लिए डुअल मोटर सेटअप दिया जाएगा, यानी कार के दोनों एक्सेल पर एक-एक मोटर लगी होगी।