सड़क पर बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए आने वाले समय में नियम और सख्त हो सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मंत्रालय ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र के लिए ग्रेडेड पॉइंट सिस्टम लाने पर विचार कर रहा है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत हर ट्रैफिक उल्लंघन का असर चालक के लाइसेंस रिकॉर्ड पर पड़ेगा। तय सीमा तक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित किया जा सकता है या उसे रद्द भी किया जा सकता है। वहीं, जिम्मेदारी से वाहन चलाने वालों को प्रोत्साहन देने की भी योजना है।