BMW F 900 R और BMW F 900 XR मोटरसाइकिल का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। बता दें कि यह बाइक भारतीय बाजार में 21 मई को लॉन्च होने जा रही है। BMW F 900 R एक नेकेड मिडलवेट रोडस्टर मोटरसाइकिल होगी। वहीं BMW F 900 XR एक मिडलवेट स्पोर्ट मोटरसाइकिल होगी। इन दोनों के स्टाइल और डिजाइन को छोड़ दिया जाए तो इनमें एक जैसा ही इंजन दिया गया है। दोनों ही बाइक एक ही प्लेटफॉर्म पर बनाई गई हैं।
कीमत
BMW F 900 R भारत में लॉन्च होने वाली कंपनी की पहली नेकेड मिडल-वेट मोटरसाइकिल होगी। बाजार में इस बाइक का मुकाबला Ducati Monster 821, Kawasaki Z900 और KTM Duke 790 से होगा। उम्मीद की जा रही है कि इस बाइक की कीमत 11 लाख रुपये और F 900 XR की कीमत 12 लाख रुपये हो सकती है।
फीचर्स
BMW F 900 XR की बात करें तो इसमें एडजस्टेबल हैंड ब्रेक और क्लच लिवर्स, स्टीयरिंग डैंपर्स, सेल्फ-कैंसलिंग टर्न इंडीकेटर्स, एक 12V चार्जिंग सॉकेट, एक स्टीयरिंग डैम्पर और एक एडजस्टेबल विंडशील्ड दी जाएगी। वहीं अन्य फीचर्स के तौर पर इलेक्ट्रॉनिक राइडर एड्स के साथ ऑटोमैटिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ASC), दो विभिन्न राइडिंग मोड्स रेन और रोड और एक एंटी लॉक ब्रेक सिस्टम (ABS) दिया जाएगा।
ब्रांड की कनेक्टेड टेक्नोलॉजी स्टैंडर्ड
बाइक में ट्विन एलईडी हेडलैंप्स, टेल लैंप्स और टर्न इंडीकेटर्स भी मिलेंगे। साथ ही एक टीएफटी डिस्प्ले के साथ ब्रांड की कनेक्टेड टेक्नोलॉजी स्टैंडर्ड दी जाएगी। बता दें कि इसकी सीट की ऊंचाई 825 एमएम होगी।
पावर
F900 ट्विन्स में कंपनी 895 सीसी का इंजन देगी। यह 895 सीसी लिक्विड-कूल्ड, पैरेलेल-ट्विन सिलेंडर इंजन 8,500 आरपीएम पर 105 बीएचपी की पावर और 6,500 आरपीएम पर 92 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ स्लिपर असिस्ट क्लच के साथ आता है। बता दें कि इन बाइक्स को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इनका डिजाइन युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह दोनों ही स्पोर्टी बाइक हैं।