कंपनी के कई स्कूटर हैं जिनकी कीमत एक लाख से ज्यादा है। कई अन्य निर्माताओं की तरह, Piaggio India (पिआजियो इंडिया) ने भी अपने स्कूटर को नए BS6 ईंधन उत्सर्जन मानकों के साथ अपग्रेड किया है। कंपनी ने बाजार में VXL 149 and SXL 149 को BS6 वर्जन के साथ लॉन्च किया है।
VXL 149 और SXL 149 पुराने BS4 VXL 150 और SXL 150 को रिप्लेस करेंगे। VXL 149 की कीमत अब 1,22,664 रुपये और SXL 149 की कीमत 1,26,650 रुपये है। ये सभी काफी महंगे ऑटोमैटिक स्कूटर्स हैं जिन्हें भारतीय बाजार में बेचा जाएगा। दोनों ही स्कूटर्स एक इटेलियन डिजाइन के साथ आते हैं जिसके चलते इन्हें बाजार में दूसरे स्कूटर्स से अलग स्थान दिलाते हैं।
स्कूटर का डिजाइन पुराने वेरिएंट के जैसा ही है। पूरी बॉडी में शार्प कैरेक्टर लाइन्स के बजाए एक चकोर और कर्वी लाइन्स दी गई हैं। VXL 149 में Vespa का सिग्नेचर डिजाइन राउंड हेडलैंप्स के साथ रियर व्यू मिरर्स के लिए राउंड क्रोम प्लेटेड दी गई हैं। SXL 149 में फ्रंट एप्रॉन में थोड़े बदलाव देखने को मिलेंगे, जैसे कि इसमें अलग डिजाइन के साथ रेक्टेंगुलर हेडलैंप्स और रेक्टेंगुलर प्लेटेड रियर व्यू मिरर्स दिया गया है।
Vespa VXL 149 और SXL 149 में एक जैसे इंजन दिए गए हैं। दोनों इंजन में BS6 ईंधन उत्सर्जन वाले 149 cc, सिंगल-सिलेंडर, फ्यूल इंजेक्टेड इंजन दिए गए हैं जो 10.32 Bhp का पावर और 10.6 Nm का टॉर्क जनरेट करते हैं। इस इंजन में CVT गियरबॉक्स दिया गया है और इसमें अलॉय व्हील्स स्टैंडर्ड मिलते हैं। स्कूटर के फ्रंट में एक वेंटिलेटेड डिस्क और बेहतर ब्रेकिंग अनुभव के लिए ABS भी दिया गया है।
पियाजियो वेस्पा स्कूटर अपने रेट्रो या क्लासिक लुक के कारण देश में लोकप्रिय हो गए। बाजार में दूसरे ब्रांड की तुलना में पियाजिओ के ज्यादातर स्कूटर काफी महंगे हैं। पियाजियो ने इस साल के शुरू में ऑटो एक्सपो में एक मैक्सी स्कूटर SXR 160 (एसएक्सआर 160) को भी पेश किया था। आने वाले महीनों में इसकी बुकिंग शुरू होने की संभावना है और त्योहारी सीजन के आसपास लॉन्च होने की उम्मीद है।
संभावना है कि मौजूदा स्थिति के कारण लॉन्च को आगे बढ़ाया जा सकता है। भारत में बेचे जाने वाले सबसे महंगे स्कूटरों में वेस्पा के ऑटोमैटिक स्कूटरों की रेंज शामिल है। वे उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं जिन्हें बढ़िया क्वालिटी, रेट्रो स्टाइल और मजबूती की तलाश रहती है। सभी वेस्पा स्कूटर मेटल मोनोकोक बॉडी के साथ आते हैं जो उन्हें एक मजबूत अपील देता है।