पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों के बाद भारतीय कार बाजार में ग्राहक वैकल्पिक ईंधन का रुख करने लगे हैं। ग्राहक वाहन खरीदने से पहले यह भी विचार करने लगे हैं कि महंगी डीजल या पेट्रोल पर चलने वाली कार खरीदें या तुलनात्मक रूप से सस्ती सीएनजी से चलने वाली कार खरीदें। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएनजी कारों की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में वाहन निर्माता कंपनियां अपनी कारों के सीएनजी वेरिएंट को उतारने की तैयारी में हैं। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) भी अपनी लोकप्रिय एसयूवी का सीएनजी वेरिएंट लाने वाली है।
मारुति सुजुकी आने वाले महीनों में अपने सीएनजी उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करने की योजना बना रही है। इंडो-जापानी कार निर्माता अपने तीन लोकप्रिय मॉडल Swift (स्विफ्ट), Dzire (डिजायर) और Vitara Brezza (विटारा ब्रेजा) के सीएनजी वेरिएंट पर काम कर रही है। हाल ही में, आगामी मारुति विटारा ब्रेजा सीएनजी का स्पेसिफिकेशंस इंटरनेट पर लीक हो गया था। लीक हुए दस्तावेज के अनुसार, मॉडल फैक्ट्री-फिटेड CNG किट के साथ 1.4-लीटर K15B पेट्रोल इंजन के साथ आएगा। कार के पावर और टॉर्क आउटपुट में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।
मारुति विटारा ब्रेजा सीएनजी वेरिएंट में 91 bhp का अधिकतम पावर और 122Nm का टार्क जनरेट करेगा। एसयूवी का पेट्रोल मॉडल 103 bhp का पावर और 138 Nm का टार्क जेनरेट करता है। सीएनजी किट को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किया जा सकता है। मारुति सुजुकी की अन्य सीएनजी कारों की तरह इसमें भी डुअल इंटरडिपेंडेंट ईसीयू और इंटेलिजेंट इंजेक्शन सिस्टम होगा। इसके अलावा सीएनजी किट के साथ कार के वजन में फर्क पढ़ जाएगा। वहीं इसके सस्पेंशन सेटअप और ब्रेकिंग सिस्टम में भी बदलाव किया जा सकता है।
मारुति सुजुकी का कहना है कि "S-CNG कारें को ऑप्टिमम परफॉर्मेंस, सुरक्षा, इंजन ड्यूरिबिलिटी, फीचर्स और बेहतर माइलेज देने के लिए डिजाइन किया गया है।" फिलहाल कार निर्माता ने मारुति विटारा ब्रेजा सीएनजी वेरिएंट के लॉन्च डिटेल्स का खुलासा नहीं किया है। कंपनी नई पीढ़ी की मारुति सेलेरियो को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है जो वैगनआर की तरह ही 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ आएगी और 83 bhp का पावर देगी। इसके अलावा कार में व्यापक डिजाइन और फीचर अपग्रेड का देखने को मिलेंगे।
नई सेलेरियो के बाद, कार निर्माता दूसरी पीढ़ी की मारुति विटारा ब्रेजा लाएगी जो 2022 की शुरुआत में लॉन्च होने की उम्मीद है। कॉम्पैक्ट एसयूवी को मौजूदा पेट्रोल पावरट्रेन के साथ नए बीएस-6 स्टैंडर्ड के तौर पर तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी इसे 1.5 लीटर के डीजल इंजन के साथ भी उतार सकती है। यही डीजल इंजन नई XL6 MPV, Ciaz सेडान और Ertiga एमपीवी में भी पेश किया जाएगा। इसमें मौजूदा 4-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के बजाय 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा।