ऑटो सेक्टर के लिए यह साल किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल करीब दो महीने सभी कंपनियों के प्रोडक्शन बंद रहे। हालांकि, अब ऑटो सेक्टर ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है और इसका एक बड़ा कारण भारत में त्योहारी सीजन है। दरअसल लॉकडाउन के बाद जब इस साल सभी शोरूम खुलने लगे, तो कंपनियों और डीलरों के जहन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या लोग वाहनों की खरीदारी करेंगे। लेकिन कहना गलत नहीं होगा कि कोरोना काल में वाहन कंपनियों को ग्राहकों का बंपर साथ मिला। लेकिन इसी भारी मांग के कारण ग्राहकों को एक नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल इस त्योहार वाहनों की इतनी जबरदस्त खरीदारी हो रही है कि वाहनों पर 8 से 9 महीने तक का वेटिंग पीरियड बढ़ गई है। इससे ग्राहक अपनी पसंद की गाड़ी को इस त्योहार घर नहीं ला पा रहे हैं।