फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saptahik Rashifal (11-17 August): धनु राशि वालों को ऑफिस में रहना होगा सतर्क, पढ़ें साप्ताहिक राशिफल

Fri, 08 Aug 2025 10:20 AM IST
श्वेता सिंह ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Saptahik Rashifal 11-17  august 2025: नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा? सभी प्रश्नों के उत्तर को जानने के लिए पढ़ें चंद्र राशि के आधार पर साप्ताहिक राशिफल में।
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल - फोटो : amarujala
Weekly Horoscope 11-17 August 2025: हिंदू पंचांग के अनुसार इस सप्ताह की शुरुआत 11 अगस्त से हो रही है, और यह सप्ताह ग्रहों की विशेष चाल और नक्षत्रों के संगम से प्रभावित होगा। इस सप्ताह में आपको कई बदलाव, नए अवसर और चुनौतियाँ देखने को मिल सकती हैं, जो आपकी ज़िंदगी में कुछ नया लेकर आएंगी। इस सप्ताह का ग्रह गोचर आपके स्वास्थ्य, भाइयों से संबंध, बच्चों से सहयोग और करियर में सफलता के लिहाज से खास रहेगा। आइए, जानते हैं कि इस सप्ताह के दौरान आपकी राशि के लिए क्या खास होने वाला है।
Raksha Bandhan 2025: वास्तु के अनुसार बांधें भाई को राखी, रिश्तों में बढ़ेगा प्रेम और विश्वास
यह सप्ताह आपको न सिर्फ मानसिक शांति, बल्कि व्यावसायिक सफलता और रिश्तों में सामंजस्य बनाने का भी मौका देगा। ग्रहों की इस स्थिति का सही तरीके से लाभ उठाने के लिए आपको सावधानी और समझदारी से कदम उठाने होंगे। जानते हैं प्रत्येक राशि के लिए इस सप्ताह का सटीक फलादेश।
Sawan Purnima 2025 : सावन पूर्णिमा पर 30 साल बाद बन रहा खास संयोग, जानिए कौन सी 3 राशियां होंगी सबसे भाग्यशाली
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष राशि 
तत्व: अग्नि 
स्वामी ग्रह: मंगल
स्वभाव: ऊर्जा से भरपूर, साहसी, पहल करने वाला, कभी-कभी आवेगी।

साप्ताहिक राशिफल

मेष राशि के जातकों के लिए सेहत, संबंध और संपत्ति आदि की दृष्टि से यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है। यदि आपका पैतृक संपत्ति अथवा किसी अन्य भूमि-भवन आदि को लेकर किसी के साथ विवाद चल रहा है तो किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से उसका समाधान निकल आएगा। आपके मित्र काफी मददगार और आपके लिए भाग्यवर्धक साबित होंगे। कोर्ट-कचहरी के मामलों में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है।
इस सप्ताह आपके भीतर एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा बनी रहेगी। आप अपनी वाणी और व्यवहार से लोगों को प्रभावित करने में कामयाब होंगे। तर्क के साथ अपनी बात रखने पर आपको विभिन्न क्षेत्रों में सफलता और सम्मान मिलेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में खर्च की अधिकता बनी रहेगी। इस दौरान आप सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर बड़ी धन राशि खर्च कर सकते हैं। करियर-कारोबार की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय ज्यादा शुभता लिए रहने वाला है। इस दौरान आपको इन दोनों क्षेत्रों में बड़ी सफलता मिल सकती है।
इस सप्ताह सगे-संबंधियों, इष्ट मित्रों और परिवार के प्रिय सदस्यों के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। प्रेम संबंध में आपसी विश्वास बढ़ेगा। लव पार्टनर के साथ आपके रिश्ते और भी ज्यादा मजबूत होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन शिव परिवार की पूजा एवं रुद्राष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ राशि 
तत्व: पृथ्वी
स्वामी ग्रह: शुक्र
स्वभाव: स्थिर, धैर्यवान, मेहनती, व्यावहारिक।

साप्ताहिक राशिफल

वृष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। वृष राशि के जातकों को इस सप्ताह उन लोगों से उचित दूरी बना कर चलना होगा जो अक्सर आपकी छवि को धूमिल करने या फिर आपका उपहास उड़ाने का प्रयास करते रहते हैं। वृष राशि के जातकों को किसी की मीठी बातों में आकर ऐसे निर्णय नहीं लेने चाहिए जिसमें धोखा होने की आशंका बनी हो। यदि आप व्यवसाय से जुड़ें हैं तो धन निवेश करते समय विशेष सावधानी बरतें।
इस सप्ताह घर के कुछ सदस्यों के साथ वैचारिक मतभेद होने के कारण आपका मन थोड़ा खिन्न रह सकता है। तमाम तरह के तनाव और जिम्मेदारियों के बीच जीवनसाथी की सेहत भी आपके लिए चिंता का विषय बनेगी। नौकरीपेशा लोगों को सप्ताह के उत्तरार्ध में अपने कार्य को विशेष सावधानी के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आपकी एक छोटी सी गलती बॉस के गुस्से का कारण बन सकती है।
इस दौरान आपको समझना होगा कि बॉस इज ऑलवेज राइट, ऐसे में अपने सीनियर के साथ तर्क-वितर्क करने से बचें। परिवार में आर्थिक तंगी के चलते तनाव बना रहेगा। इस सप्ताह प्रेम प्रसंग में सावधानीपूर्वक कदम आगे बढ़ाएं और उसका बेवजह सोशल मीडिया समाज में प्रदर्शन न करें।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन राशि 
तत्व: वायु  
स्वामी ग्रह: बुध
स्वभाव: बुद्धिमान, संवादकुशल, जिज्ञासु, बहुमुखी प्रतिभा वाले।

साप्ताहिक राशिफल

मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सकारात्मक परिणाम देने वाला साबित होगा। इस सप्ताह आपके सोचे हुए कार्य समय पर पूरे होंगे। घर और बाहर दोनों जगह आपको लोगों का सहयोग और समर्थन मिलेगा। यदि आप बीते कुछ समय से धन की समस्या से जूझ रहे थे या फिर कारोबार आदि में निवेश के लिए आपको आर्थिक मदद की जरूरत थी तो आपकी इस समस्या का समाधान इष्ट मित्रों की मदद से निकल आएगा।
इस सप्ताह आपको अचानक कहीं से बड़ी धनराशि प्राप्त हो सकती है, जिससे आपकी वित्तीय स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर इस सप्ताह आर्थिक मामलों में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर आपको आशा से कहीं ज्यादा लाभ होगा। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों के साथ तर्क-वितर्क करने की बजाय उनसे तालमेल बिठाते हुए अपना काम निकालने की आवश्यकता रहेगी।
सप्ताह के मध्य में करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्रा सुखद एवं नये संबंधों का विस्तार करने वाली साबित होगी। छात्रों का शिक्षा के प्रति भाव सकारात्मक बना रहेगा। उन्हें उनके परिश्रम और प्रयास का पूरा फल मिलेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पीले पुष्प चढ़ाकर पूजा एवं श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क राशि 
तत्व: जल  
स्वामी ग्रह: चंद्र
स्वभाव: भावुक, संवेदनशील, परिवारप्रिय, सुरक्षात्मक।

साप्ताहिक राशिफल


कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह आपको "संतोषं परमं सुखं" पर अमल करते हुए जो मिला है उसके लिए ईश्वर को धन्यवाद देना होगा। इस सप्ताह छात्र वर्ग को उनके परिश्रम के मुकाबले कुछ कम फल मिल सकता है। यदि आप विदेश में अपने करियर-कारोबार या फिर उच्च शिक्षा आदि के लिए प्रयासरत हैं तो इससे जुड़ी सफलता के लिए आपको अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
इस सप्ताह आपको भावनाओं में बहकर कोई निर्णय लेने और अपने कामकाज के प्रति लापरवाह होने से बचना होगा। यदि आप अपने व्यवसाय के विस्तार की अथवा उससे जुड़े कोई बड़ा निर्णय लेने की सोच रहे हैं तो इस संबंध में किसी के भरोसे न रहें, अन्यथा अंतिम क्षणों में सहयोग और समर्थन न मिलने के कारण आपके काम अटक सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में अचानक से लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा के दौरान अपनी सेहत और सामान का खूब ख्याल रखें। इस दौरान आपको मौसमी बीमारी के कारण शारीरिक कष्ट की आशंका बनी रहेगी।
रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए इस सप्ताह आपको लोगों के साथ तर्क-वितर्क करने की बजाय उनकी बातों को सुनना और समझना बहुत जरूरी रहेगा। वैवाहिक जीवन में घरेलू समस्याओं को लेकर जीवनसाथी के साथ मतभेद हो सकते हैं।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव को काला तिल मिलाकर जल चढ़ाएं और शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।

 
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह राशि 
तत्व: अग्नि  
स्वामी ग्रह: सूर्य
स्वभाव: आत्मविश्वासी, नेतृत्वकर्ता, ऊर्जावान, उदार।

साप्ताहिक राशिफल


सिंह राशि के जातकों के लिए इस सप्ताह जिंदगी में शॉर्टकट अपनाने की बजाय सीधे रास्ते पर चलते हुए अपने समय और ऊर्जा का सदुपयोग करने की आवश्यकता रहेगी। आपको इस बात को समझना होगा कि थोड़ी देर से ही सही लेकिन शॉर्टकट अपना कर या फिर लंद-फंद किए बगैर भी जीवन में सफलता पाई जा सकती है।
सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने धन को बहुत सोच-समझकर खर्च करने की आवश्यकता रहेगी। अपनी आवश्यकताओं को अधिक न बढ़ने दें। आत्मीय रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए उनकी भावनाओं की कद्र करें और उनके लिए समय निकालें। सप्ताह के पूर्वार्ध में लंबी दूरी की यात्रा पर निकलना पड़ सकता है। यात्रा सुखद और संतोषजनक साबित होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको अपने कार्यक्षेत्र में उन लोगों से खूब सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी जो आपका काम बिगाड़ने के लिए हर समय षड्यंत्र रचते रहते हैं। इस सप्ताह प्रेम प्रसंग में आपको अड़चनें आ सकती हैं।
किसी बात को लेकर लव पार्टनर के साथ तनाव बढ़ सकता है। लव पार्टनर हो या फिर लाइफ पार्टनर, आपको इस सप्ताह किसी भी समस्या का समाधान विवाद की बजाय संवाद के जरिये खोजना होगा। इस सप्ताह घर के किसी बुजुर्ग सदस्य की खराब सेहत आपकी चिंता का कारण बन सकती है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्य देवता को अर्घ्य देकर आदित्य हृदय स्तोत्र का तीन बार पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या राशि 
तत्व: पृथ्वी  
स्वामी ग्रह: बुध
स्वभाव: विश्लेषणात्मक, व्यवस्थित, मेहनती, तार्किक।

साप्ताहिक राशिफल

कन्या राशि के जातकों के लिए इस सप्ताह भी शुभता बनी हुई है। जीवन के प्रत्येक कदम पर सौभाग्य का साथ मिलने के कारण आपके सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे। कार्यक्षेत्र में लोगों के साथ मिलजुल कर काम करने पर आपको उम्मीद से कहीं ज्यादा सफलता प्राप्त होगी।
सप्ताह के पूर्वार्ध में किसी उच्च अधिकारी या सत्ता-सरकार से जुड़े किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से लंबे समय से अटका कोई महत्वपूर्ण कार्य पूरा होने पर संतोष का अनुभव होगा। भूमि-भवन अथवा पैतृक संपत्ति आदि मामलों के लिए सप्ताह के उत्तरार्ध का समय अत्यंत ही शुभ साबित होगा। यदि आप बहुत समय से भूमि या मकान लेने की सोच रहे थे तो इस सप्ताह आपके इस दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल हो सकते हैं। किसी नये काम की शुरुआत भी संभव है।
इस सप्ताह आपको माता-पिता की तरफ से यथासंभव सुख, स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। छात्र वर्ग का पढ़ाई में मन रमेगा। सही दिशा में परिश्रम करने पर सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। इस सप्ताह आपकी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। लव पार्टनर के साथ सुखद समय व्यतीत करने के अवसर प्राप्त होंगे। पति-पत्नी के बीच अच्छा तालमेल बना रहने के कारण दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन विधि-विधान से भगवान श्री गणेश जी की पूजा और उनके मंत्र 'ॐ गं गणपतये नमः' की एक माला जप करें।

 

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला राशि 
तत्व: वायु 
स्वामी ग्रह: शुक्र
स्वभाव: सौम्य, न्यायप्रिय, सामाजिक, संतुलित।

साप्ताहिक राशिफल


तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस सप्ताह आपकी मेहनत रंग लाएगी और आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों का भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। यह सप्ताह विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों के लिए अधिक लाभप्रद साबित होगा। सप्ताह के अंत तक विदेश यात्रा के भी योग बन सकते हैं। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आर्थिक मामलों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर उम्मीद से कहीं ज्यादा लाभ और प्रगति मिल सकती है।
सप्ताह के मध्य में भूमि-भवन अथवा पैतृक संपत्ति के सिलसिले में ज़रा अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है, लेकिन सुखद पहलू यह है कि आपके द्वारा इस दिशा में किया गया प्रयास सफल होगा। नौकरीपेशा लोगों का कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ेगा। सीनियर उनके परिश्रम और प्रयास की तारीफ करेंगे। किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के भी योग बन सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में व्यवसाय के विस्तार की योजना फलीभूत होती हुई नजर आएगी। सामाजिक मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। सेहत सामान्य बनी रहेगी। विद्यार्थियों के लिए यह सप्ताह सकारात्मक रहने वाला है। उनका मन पढ़ाई में रमेगा। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। पति-पत्नी के बीच आपसी सहयोग बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की सफेद चंदन लगाकर पूजा एवं शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक राशि 
तत्व: जल  
स्वामी ग्रह: मंगल
स्वभाव: गूढ़, मजबूत इच्छाशक्ति, साहसी, रहस्यमय।

साप्ताहिक राशिफल


वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह छोटी-मोटी परेशानियों के बीच जिंदगी सामान्य गति के साथ आगे बढ़ती हुई नजर आएगी। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में दूसरों की आलोचनाओं पर ध्यान न देते हुए अपने कार्य को बेहतर तरीके से करने पर फोकस करना उचित रहेगा। विशेष रूप से सप्ताह के पूर्वार्ध में कार्यक्षेत्र में अधिक परिश्रम और प्रयास करने के साथ रिजल्ट ओरिएंटेड कार्यों के प्रति अत्यधिक जागरूक रहना होगा।
सप्ताह के मध्य में आपको छोटे-छोटे कार्यों के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान आपको भावना में बहकर कोई भी अहम निर्णय लेने से बचना होगा। इसी प्रकार लोगों के साथ बातचीत करते समय अपनी वाणी और व्यवहार पर भी नियंत्रण रखना होगा। इस दौरान लोगों का बर्ताव आपके प्रति सकारात्मक नहीं रहेगा।
वृश्चिक राशि के जातकों को सप्ताह के उत्तरार्ध में अनावश्यक विवाद में उलझने से बचना होगा, अन्यथा आपके महत्वपूर्ण कार्यों के प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। इस सप्ताह कभी आपके लोगों के साथ बिगड़ते तो कभी बनते नजर आएंगे। प्रेम प्रसंग में लव पार्टनर का विश्वास बनाए रखने की चुनौती बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु राशि 
तत्व: अग्नि  
स्वामी ग्रह: गुरु (बृहस्पति)
स्वभाव: उत्साही, ज्ञानप्रिय, स्वतंत्र, दयालु।

साप्ताहिक राशिफल


धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए रहने वाला है। इस सप्ताह आपके सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे, जिससे आपके भीतर उत्साह और ऊर्जा बनी रहेगी। सप्ताह के पूर्वार्ध का समय व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए अत्यधिक शुभ एवं लाभप्रद रहने वाला है। इस सप्ताह आपका बाजार में फंसा हुआ धन अप्रत्याशित रूप से निकल आएगा।
पूर्व में किए गए निवेश से बड़ा लाभ होगा। आप बाजार में आई तेजी का लाभ उठाने में कामयाब होंगे। कुल मिलाकर आर्थिक दृष्टि से यह सप्ताह अत्यंत ही लाभदायक रहने वाला है। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप भौतिक संसाधनों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। इस दौरान आपको नवीन भूमि-भवन और वाहन सुख की प्राप्ति संभव है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। सीनियर का आप पर पूरा आशीर्वाद बरसेगा।
सप्ताह के अंत तक आपको कोई महत्वपूर्ण पद या जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस सप्ताह सिंगल लोगों का विपरीत लिंग की तरफ आकर्षण बढ़ेगा। किसी के साथ हाल में हुई मित्रता प्रेम संबंध में बदल सकती है। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। परिवार के सदस्यों के साथ सुखद समय व्यतीत होगा। धार्मिक पर्यटन का सुख भी प्राप्त हो सकता है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
 

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर राशि 
तत्व: पृथ्वी  
स्वामी ग्रह: शनि
स्वभाव: मेहनती, धैर्यशील, अनुशासित, लक्ष्यपरक।

साप्ताहिक राशिफल


मकर राशि के जातक इस सप्ताह जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों को लेकर असमंजस की स्थिति में रह सकते हैं। इस सप्ताह आपको अपने और पराये में भेद करने में कठिनाई महसूस होगी। आपके विरोधी कठिन स्थिति के बीच आपका गलत लाभ उठाने की कोशिश कर सकते हैं। मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी भी प्रकार का नशा या फिर गलत खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचना होगा, अन्यथा आपको शारीरिक कष्ट झेलना पड़ सकता है।
सेहत के अधिक खराब होने पर अस्पताल के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं। सप्ताह के मध्य में परिवार के सदस्यों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी। इस दौरान आपको छोटे-भाई बहनों से अपेक्षाकृत सुख-सहयोग कम मिल पाएगा। व्यवसाय की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय अधिक चुनौती भरा रह सकता है। आय के मुकाबले खर्च की अधिकता बनी रहेगी।
इस दौरान योजनाओं को कार्यरूप देने में कुछेक बाधाएं आ सकती हैं। व्यावसायिक यात्रा करते समय अपनी सेहत और सामान का विशेष ख्याल रखें। क्रय-विक्रय करते समय खूब सावधानी बरतें। मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह प्रेम संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए अपने लव पार्टनर पर हावी होने से बचना होगा। यदि आप उस पर अपनी इच्छाएं थोपने की कोशिश करेंगे तो आपके संबंधों में दरार आ सकती है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव को जल एवं बेलपत्र अर्पित करके शिवाष्टकं का पाठ करें।

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ राशि 
तत्व: वायु
स्वामी ग्रह: गुरु, शनि (पारंपरिक), यूरेनस (आधुनिक)
स्वभाव: नवीन विचारक, स्वतंत्र, सामाजिक, मानवतावादी।

साप्ताहिक राशिफल


कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस सप्ताह आपको किसी इष्ट मित्र अथवा प्रभावी व्यक्ति की मदद से अपनी लंबी समय से चली आ रही समस्या का समाधान खोजने में मदद मिलेगी। आपको परिश्रम और प्रयास करने पर आशा के अनुरूप सकारात्मक फल की प्राप्ति होगी। सप्ताह के पूर्वार्ध का समय धन लाभ की दृष्टि से अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। इस दौरान आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे।
सप्ताह की शुरुआत में करियर-कारोबार से जुड़ा कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। आपको अपने परिश्रम और प्रयासों का आशातीत परिणाम प्राप्त होगा। पद और कद में वृद्धि होगी। मनचाहे स्थान पर तबादले की कामना पूरी हो सकती है। व्यवसाय में उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। कारोबार का मनचाहा विस्तार होने पर मन में प्रसन्नता बनी रहेगी। बाजार में आपकी साख बढ़ेगी।
सप्ताह के मध्य में किसी श्रेष्ठ व्यक्ति के साथ संपर्क होगा, जिसकी मदद से भविष्य में लाभ की योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों का भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। परिवार के सदस्यों के बीच एकता और आपसी विश्वास बना रहेगा। संतान से जुड़ा सुखद समाचार मिल सकता है। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह लाभप्रद रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' की 108 बार जप करें।

 
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन राशि 
तत्व: जल  
स्वामी ग्रह: बृहस्पति 
स्वभाव: संवेदनशील, कल्पनाशील, सहानुभूतिपूर्ण, आध्यात्मिक।

साप्ताहिक राशिफल


मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सौभाग्यशाली रहने वाला है। इस सप्ताह आपकी आर्थिक स्थिति में मजबूती देखने को मिलेगी। आपकी किसी पुरानी योजना पर कार्य प्रारंभ होने से संतोष का अनुभव होगा। किसी मांगलिक या धार्मिक कार्य में व्यस्तता बढ़ सकती है। सप्ताह के मध्य में किसी महिला मित्र अथवा प्रभावी महिला की मदद से आपके करियर या कारोबार से जुड़ी कोई बड़ी समस्या का समाधान निकलेगा।
नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में उनकी मेहनत और योग्यता के अनुरूप लाभ की प्राप्ति होगी। सीनियर से सराहना और बॉस से बोनस दोनों मिलने की पूरी संभावना है। इस सप्ताह किसी की मदद से आपके हाथ कोई बहुत अच्छा अवसर लग सकता है। नए व्यापार में निवेश के भी योग हैं।
सप्ताह के उत्तरार्ध में लंबी दूरी की यात्रा हो सकती है। छात्रों को परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाही सफलता मिलेगी। आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी। पारिवारिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। जीवनसाथी के साथ रिश्ते मजबूत होंगे। प्रेम संबंध में आपसी विश्वास और नजदीकियां बढ़ेंगी। इस सप्ताह सेहत सामान्य बनी रहेगी लेकिन वाहन चलाते समय सतर्क रहें।

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर केसर और मिश्री मिश्रित दूध अर्पित करें एवं महामृत्युंजय मंत्र का जप करें।



डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें