फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weekly Horoscope (02 May To 08 May 2022) : इस हफ्ते क्या कहते हैं आपके सितारे, जानिए किसको मिलेगा भाग्य का साथ

Fri, 29 Apr 2022 05:08 PM IST
श्वेता सिंह ज्योतिष डेस्क, अमरउजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 12
weekly horoscope - फोटो : अमर उजाला
मेष 
मेष राशि के जातक इस सप्ताह दूसरों पर जल्द भरोसा न करें। किसी अन्य के भरोसे अपना कोई भी कार्य न छोड़ें, अन्यथा आपके बने बनाए काम भी बिगड़ सकते हैं। सप्ताह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में काम का बोझ अधिक रहेगा और इस दौरान आपके विरोधी भी सक्रिय रहेंगे। कारोबार में लेन-देन करते समय खूब सावधानी बरतें, अन्यथा आपको नुकसान झेलना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले या फिर किसी अन्य विवाद को सुलझाने के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। कामकाजी महिलाओं के लिए इस सप्ताह घर और ऑफिस  में तालमेल बिठाने में दिक्कत आ सकती है। सप्ताह के अंत में घरेलू समस्याएं बनी रहेंगी। प्रेम संबंध में भी कुछ गलतफहमियां देखने को मिल सकती है। लव पार्टनर के साथ अपने संबंध विवाद की बजाय संवाद से सुधारने का प्रयास करें। जीवनसाथी की सेहत को लेकर मन चिंतित रह सकता है।
 
उपाय : प्रतिदिन हनुमान जी को लाल पुष्प की माला चढ़ाकर सात बार हनुमान चालीसा का विशेष रूप से पाठ करें। 
विज्ञापन

2 of 12
TAURUS RASHIFAL - फोटो : अमर उजाला
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अनुकूल और लाभप्रद साबित हो सकता है । सप्ताह की शुरुआत से ही आपके भीतर पराक्रम और उत्साह बना रहेगा। इस सप्ताह आप अपने तय किए हुए लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल रहेंगे। यह सफलता आपकी और आपके परिवार की खुशियों का कारण बनेगी। सप्ताह के मध्य में किसी धार्मिक या मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के अवसर प्राप्त होंगे। समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा लोग आपसे संपर्क बढ़ाने का प्रयास करेंगे। हालांकि सप्ताह के उत्तरार्ध में घर के किसी प्रिय सदस्य के साथ वाद-विवाद हो जाने के कारण मन थोड़ा दु:खी या तनावपूर्ण रह सकता है। इस दौरान छोटी-मोटी बातों को तूल देने से बचें। कारोबार में भी दूरदर्शिता को ध्यान में रखते हुए हई कोई निर्णय लें। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय व्यतीत करेंगे। संभव है कि परिजन आपके प्रेम संबंध को स्वीकार कर विवाह के लिए हामी भर दें। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा और माता पिता से पूरा सहयोग मिलेगा। 

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की साधना करें और शुक्रवार के दिन किसी धार्मिक स्थान पर चीनी, चावल, मिश्री या सफेद कपड़े का दान करें। 
विज्ञापन

3 of 12
Gemini - फोटो : अमर उजाला
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों को इस सप्ताह कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पहले सोच विचार की आवश्यकता है। हो सके तो अपने शुभचिंतकों की सलाह लें। यदि आप कोई निर्णय लेने में असमंजस की स्थिति में तो उस निर्णय को आगे के लिए टाल दें। सप्ताह के उत्तरार्ध तक आपकी स्थितियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान न सिर्फ आप अपनी बुद्धि और चातुर्य से अपनी समस्याओं का समाधान खोजने में कामयाब होंगे, बल्कि आपको अपने इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों का भी भरपूर सहयोग मिलेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में कार्य के सिलसिले में लंबी या छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत दोनों का ख्याल रखें। नौकरीपेशा लोगों का स्थानांतरण हो सकता है। प्रेम संबंध सामान्य रहेंगे। दांपत्य जीवन में भी मधुरता बनी रहेगी। कठिन समय में जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। संतान पक्ष को लेकर चिंता बनी रह सकती है। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पीले पुष्प से पूजा और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। 

4 of 12
Cancer - फोटो : अमर उजाला
कर्क 
कर्क राशि के जातकों को लिए यह पूरा सप्ताह उतार-चढ़ाव भरा ही रहेगा। इस सप्ताह घर और बाहर छोटी-मोटी बातों को नजरंदाज करना ही बेहतर रहेगा। किसी भी स्थिति में अपना आपा न खोएं और अपने अच्छे समय आने का इंतजार करते हुए चुनौतियों का जमकर मुकाबला करें। समय और अपनी उर्जा का प्रबंधन करके आप सभी परेशानियों से पार पाने में सफल हो सकते हैं।  सप्ताह के उत्तरार्ध तक चीजें आपको सुलझती हुई नजर आएंगी। भूमि-भवन से संबंधित विवाद को कोर्ट-कचहरी के बाहर निबटा लेना बेहतर रहेगा। लव पार्टनर की भावनाओं की उपेक्षा न करें अन्यथा बनी बात बिगड़ सकती है। दांपत्य जीवन में भी खट्टी-मीठी तकरार देखने को मिल सकती है। घर के किसी बुजुर्ग व्यक्ति की सेहत को लेकर मन चिंतित रह सकता है।
 
उपाय : प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और शिव सहस्त्रनाम का पाठ करें। 
विज्ञापन

5 of 12
Leo - फोटो : अमर उजाला
सिंह 
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिला-जुला साबित होगा। इस सप्ताह आपको कभी चीजें आसानी से बनती हुई तो कभी बने हुए काम बिगड़ते हुए नजर आएंगे। सप्ताह की शुरुआत में किसी महिला की मदद से लंबे समय से रुक हुआ कार्य पूरा हो सकता है। वहीं कार्यक्षेत्र में भी सीनियर और जूनियर दोनों ही आप पर मेहरबान रहेंगे। इस दौरान आपके पारिवारिक रिश्तों में कुछ खटास-मिठास देखने को मिल सकती है। किसी बात को लेकर आपका कोई प्रिय व्यक्ति आपसे खफा हो सकता है। हालांकि किसी वरिष्ठ सदस्य की मदद से आप चीजों को बहुत हद तक सही करने में कामयाब रहेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में यात्रा के योग बनेंगे और कार्य की अधिकता रहेगी। कारोबार में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान बाजार में फंसे पैसे को निकालने या फिर कारोबार को आगे बढ़ाने को लेकर मन चिंतित रहेगा। प्रेम संबंध सामान्य रहेंगे। लव पार्टनर के साथ बेहतर तालमेल बना रहेगा। दांपत्य जीवन में भी मधुरता बनी रहेगी। 

उपाय: प्रतिदिन उगते हुए सूर्य को जल दें और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। 
विज्ञापन

6 of 12
Virgo - फोटो : अमर उजाला
कन्या
कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह कार्यक्षेत्र या व्यवसाय में बड़ी सफलता मिल सकती है। इस सप्ताह आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। कार्यक्षेत्र में आपके उच्चअधिकारी पर आपकी विशेष कृपा रहेगी। पदोन्नति और आय में वृद्धि के योग बनेंगे। जो लोग विदेश जाना चाहते हैं या फिर विदेश से जुड़ा कोई कार्य करके लाभ की इच्छा रखे हैं, इस सप्ताह उनकी यह कामना भी पूरी हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनने की संभवाना है। घर-परिवार में कोई धार्मिक या फिर मांगलिक कार्य संपन्न हो सकता है। भूमि-भवन के क्रय-विक्रय से मनचाहा लाभ मिलने की भी संभावना है। सप्ताह के अंत तक संतान पक्ष से सुखद समाचार प्राप्त हो सकता है, जिससे घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होने के कारण दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा। हालांकि पत्नी की सेहत को लेकर मन थोड़ा चिंतित रह सकता है।
 
उपाय : शुभता और सफलता को कायम रखने के लिए प्रतिदिन गणपति की उपासना और उनके मंत्र का जाप करें। 
विज्ञापन

7 of 12
Virgo - फोटो : अमर उजाला
तुला 
तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह बहुत ही सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कार्यक्षेत्र में किसी भी प्रकार की  लापरवाही न बरतें अन्यथा आपको अपनी गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। इस दौरान आपके ज्ञात-अज्ञात शत्रु सक्रिय रहेंगे, जिनसे आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। कार्यक्षेत्र में किसी के साथ अमर्यादित व्यवहार न करें, अन्यथा आपके मान-सम्मान को भी ठेस पहुंच सकती है। इस दौरान आपको कारोबार या किसी योजना में जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में अधिक भाग-दौड़ संभव है। सप्ताह के उत्तरार्ध में सेहत का ध्यान रखें। कार्य की अधिकता की थकान बनी रह सकती है। जो लोग प्रेम संबंध में हैं, उनका लव पार्टनर उनके कठिन समय में परछाईं की तरह साथ रहेगा और बड़ा संबल बनेगा। जीवनसाथी के साथ बेहतर तालमेल बना रहेगा।
 
उपाय : प्रतिदिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करें और उन्हें सफेद चंदन का तिलक लगाएं और प्रसाद स्वरूप अपने माथे पर भी लगाएं। 

8 of 12
Scorpio - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों को इस सप्ताह अपनी सेहत और संबधों दोनों का ही विशेष ख्याल रखना होगा। इस दौरान वाहन खूब सावधानीपूर्वक चलाएं। घर हो या फिर आपका कार्यक्षेत्र अपने मन और क्रोध पर पूरा काबू पाना होगा । इस सप्ताह आपका स्वभाव थोड़ा उग्र हो सकता है और साथ ही कुछ बातों को लेकर मन में अभिमान भी जागृत हो सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में कोई घरेलू या दांपत्य जीवन से जुड़ी समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है। किसी भी समस्या को सुलझाते समय या कोई बड़ा निर्णय लेते समय स्वजनों की सलाह लेना न भूलें। इस सप्ताह  कारोबार थोड़ा मंदा रह सकता है। प्रेम संबंधों में सावधानी के साथ कदम बढ़ाएं अन्यथा आप सामाजिक बदनामी के शिकार हो सकते हैं। दांपत्य जीवन सामान्य रहेगा। 

उपाय : प्रतिदिन हनुमत उपासना करें। यदि संभव हो तो प्रतिदिन सुंदरकांड पाठ अथवा सात बार हनुमान चालीसा का पाठ भी करें। 

9 of 12
Sagittarius - फोटो : अमर उजाला
धनु 
इस सप्ताह धनु राशि के जातकों के जीवन में काफी व्यस्तता बनी रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में कार्यक्षेत्र में कार्य का अतिरिक्त भार रहेगा। हालांकि आप अपने समय और उर्जा का प्रबंधन करते हुए उसे समय पर करने में कामयाब हो जाएंगे। आपकी मुश्किलों को आसान बनाने के लिए आपके मित्र मदद करेंगेऔर उनका पूरा सहयोग मिलेगा। विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों को अप्रत्याशित लाभ मिल सकता है। कारोबार में मनचाही प्रगति देखने को मिलेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपका बजट कुछ गड़बड़ा सकता है। इस दौरान आप सुख-सुविधा से जुड़ी किसी महंगी चीज पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। इस दौरान आप परिवार के साथ किसी यात्रा पर भी निकल सकते हैं। इस सप्ताह आपको किसी धार्मिक या मांगलिक कार्य में शामिल होने का मौका मिलेगा। यदि आप किसी को प्रपोज करना चाह रहे थे, तो इस सप्ताह आपका प्रयास सफल हो सकता है। वहीं पूर्व में चले आ रहे प्रेम संबंध विवाह में तब्दील हो सकते हैं। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। परिवार के साथ हंसी-खुशी पल बिताने के कई अवसर प्राप्त होंगे। 

उपाय : प्रतिदिन सूर्योदय से पहले उठें और स्नान-ध्यान करके उगते हुए सूर्य को जल दें और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

10 of 12
Capricorn - फोटो : अमर उजाला
मकर 
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिला-जुला साबित होने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में ही स्वास्थ्य आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकता है। इस दौरान आपको अपनी दिनचर्या और खान-पान का विशेष ख्याल रखना है। सप्ताह के मध्य में आपके स्वभाव में थोड़ी उग्रता देखने को मिल सकती है। यह परिजनों के साथ रिश्ते बिगाड़ सकता है। घर परिवार का कोई मसला हो या भूमि-भवन से जुड़ा कोई विवाद उसे सुलझाते समय अपनी बात कहने के साथ दूसरों को भी सुनने और समझने का प्रयास करना होगा, अन्यथा बात बिगड़ सकती है। इस दौरान कारोबार में मंदी आने की संभावना है। सप्ताह के उत्तरार्ध में कार्य विशेष में विलंब होने के कारण मन खिन्न रहेगा। इस दौरान आपके मन में निराशाजनक अथवा नकारात्मक भाव आ सकते हैं। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह समय शुभ नहीं कहा जा सकता है ऐसे में सावधानी बरतें। जीवनसाथी की तबीयत को लेकर मन चिंतित रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की विधि-विधान से उपासना करें और मंगलवार के दिन श्री हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं।

11 of 12
Aquarius - फोटो : अमर उजाला
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों को इस सप्ताह किसी भी कार्य में जल्दबाजी से बचना होगा। साथ ही साथ भावनाओं में बहकर कोई भी बड़ा निर्णय लेने से भी बचना होगा, अन्यथा बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में आपके कामकाज में आने वाली मुश्किलें आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेंगी। आपके इष्ट-मित्र भी आपकी चाहकर मदद नहीं कर पाएंगे। इस दौरान आपको कार्य विशेष में सफलता की प्राप्ति के लिए अतिरिक्त प्रयास और परिश्रम करना होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में कामकाज के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है। इस दौरान संतान से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेगी। प्रेम संबंध में किसी तीसरे व्यक्ति की दखलंदाजी से कुछ खटास-मिटास आ सकती है। किसी गलतफहमी को विवाद की बजाय संवाद से दूर करने का प्रयास करें। दांपत्य जीवन को मधुर बनाने के लिए जीवनसाथी की भावनाओं की अनदेखी न करें। 

उपाय: भगवान शिव की साधना से आपके सभी कार्य निर्विघ्न संपन्न होंगे। ऐसे में प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र का रुद्राक्ष की माला से जप करें।
विज्ञापन

12 of 12
Pisce - फोटो : अमर उजाला
मीन 
मीन राशि के लिए यह सप्ताह अनुकूल एवं कार्य विशेष में बड़ी सफलता दिलाने वाला साबित होगा। सप्ताह की शुरुआत में ही संतान पक्ष से जुड़ी कोई खुशखबरी पूरे परिवार के उत्साह का कारण बनेगी। पूर्व में किए गए निवेश से बड़े धन लाभ की प्राप्ति के योग हैं। करियर-कारोबार में मनचाही प्रगति देखने को मिलेगी। परिजनों एवं मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपको आलस्य से बचना होगा। इस दौरान आज का काम कल पर टालने से बचें, अन्यथा बेवजह की परेशानियां हो सकती हैं। इस दौरान कार्य में भले ही प्रगति धीमी देखने को मिले लेकिन लाभ की स्थिति बनी रहेगी। सप्ताह के अंत में परिवार के साथ तीर्थयात्रा के योग बनेंगे। इस दौरान किसी मांगलिक कार्य में शामिल होने और किसी प्रिय से मुलाकात होने का भी संयोग बनेगा। प्रेम संबंध में प्रगाढ़ता आएगी। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। 

उपाय : प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु और माता लक्ष्मी की साधना करें और विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें