Weekly Horoscope (3 To 9 November 2025): नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा सप्ताह? सभी प्रश्नों के उत्तर को जानने के लिए पढ़ें चंद्र राशि के आधार पर साप्ताहिक राशिफल में।
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल 03 से 09 नवंबर 2025
- फोटो : Amar Ujala
Weekly Horoscope (3 To 9 November 2025): नवंबर माह का यह सप्ताह खास रहने वाला है। इस सप्ताह ग्रह-नक्षत्रों की चाल से कुछ राशियों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है, वहीं कुछ राशियों के लिए सावधानी और सतर्कता की आवश्यकता रहेगी। यह समय बदलाव और नए अवसर लेकर आएगा, जिससे आपकी जिंदगी के कई पहलुओं में प्रभाव देखने को मिलेगा। इस सप्ताह आपको अपने कार्यों में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ना होगा, लेकिन कुछ राशियों को अनावश्यक विवादों और उलझनों से बचने की सलाह दी जाती है। आर्थिक मामले, स्वास्थ्य, और संबंधों में संतुलन बनाना इस समय बेहद महत्वपूर्ण होगा। Chhoti Diwali Horoscope 2025: छोटी दिवाली पर बड़ा ज्योतिषी परिवर्तन, इस ग्रह के गोचर से बदलेगी किस्मत
इस सप्ताह ग्रहों की स्थिति कुछ राशियों के लिए शुभ संदेश लेकर आएगी, जिससे वे अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहेंगे। वहीं कुछ राशियों को धैर्य और समझदारी से काम लेकर सावधानी बरतनी होगी, ताकि अनचाही समस्याओं से बचा जा सके। आइए, विस्तार से जानते हैं इस सप्ताह आपकी राशि पर ग्रहों का क्या प्रभाव पड़ेगा और किन बातों का ध्यान रखना होगा, ताकि आप अपने जीवन में आने वाले उतार-चढ़ावों को समझदारी से संभाल सकें।
विज्ञापन
2 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह रोजी-रोजगार की दृष्टि से शुभ रहने वाला है। इस सप्ताह आपका मनमुताबिक स्थान पर तबादला संभव है। वरिष्ठ अधिकारी आपके कामकाज से संतुष्ट रहते हुए आपको अहम जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। करियर और कारोबार में होने वाले सकारात्मक बदलाव से आप संतुष्ट रहेंगे। व्यवसाय की दृष्टि से पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध कहीं ज्यादा शुभ और फलदायी रहेगा। इस दौरान कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी। इससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को सप्ताह के उत्तरार्ध में बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार की प्राप्ति होगी।
इस सप्ताह पठन-पाठन दोनों ही दृष्टि से अनुकूल रहने वाला है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ है। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा। इस सप्ताह आपको भाई-बहनों से विशेष सहयोग प्राप्त होगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। प्रेम संबंध में आप इस सप्ताह अपने रिश्ते को नई दिशा देना चाहेंगे। संभव है परिजन आपके रिश्ते को स्वीकार करते हुए इसे विवाह में तब्दील करने के लिए इजाजत दे दें। वैवाहिक जीवन खुशियों से भरा रहेगा।
उपाय: प्रतिदिन किचन में बनी पहली रोटी गाय को खिलाएं।
विज्ञापन
3 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
वृष
वृष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह आपको कठिन परिश्रम के बाद ही किसी कार्य में अपेक्षित परिणाम की प्राप्ति होगी। सप्ताह की शुरुआत लंबी दूरी की यात्रा से होगी। इस दौरान आपकी मुलाकात सत्ता सरकार से जुड़े किसी बड़े अधिकारी या राजनीतिक व्यक्ति से हो सकती है। जिसकी मदद से आपके अटके कार्य पूरे हो सकते हैं। यदि आप लंबे समय से रोजी-रोजगार के लिए भटक रहे हैं तो आपको अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
इस सप्ताह नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में मिले हुए टारगेट को पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम और प्रयास करने होंगे। यदि आप अपनी नौकरी में बदलाव की सोच रहे हैं तो भूलकर भी भावनाओं में बहकर कोई फैसला न लें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। व्यवसाय की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान आपको सेहत के साथ संबंधों पर विशेष ध्यान देना होगा। आपकी किसी बात पर करीबी लोग नाराज हो सकते हैं। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। जीवनसाथी की भावनाओं की कद्र करें।
उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा करें तथा शुक्रवार को पानी में थोड़ा सा कच्चा दूध डालकर नहाएं।
4 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सुख और सौभाग्य को लिए हुए है। इस सप्ताह आपको करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों का सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। इस सप्ताह आप अपने आलस्य और काम को टालने की प्रवृत्ति पर लगाम लगाते हुए अपने कार्य को समय पर पूरे मनोयोग से करेंगे, जिसके आपको सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिलेंगे। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर आपके बेहतर प्रदर्शन की तारीफ भी करेंगे। व्यवसाय की दृष्टि से भी यह सप्ताह सुखद परिणाम लिए हुए है।
आपको कारोबार पहले से ज्यादा तेजी से आगे बढ़ता हुआ दिखाई देगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप कोई बड़ी कारोबारी डील कर सकते हैं। इस दौरान आपको पूर्व में किए गए निवेश से बड़ा लाभ मिल सकता है। बाजार में अटके धन अप्रत्याशित रूप से निकल आएगा। इस सप्ताह स्थायी संपत्ति के मामलों में बड़ी सफलता मिल सकती है। प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। परिजनों एवं मित्रों से अपेक्षित सुख-सहयोग की प्राप्ति होगी। संतान से जुड़ी समस्या दूर होने पर आप राहत की सांस लेंगे।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की पूजा में गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
विज्ञापन
5 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रहेगा। इस सप्ताह आपको अपने काम में लापरवाही बरतने से बचना चाहिए अन्यथा आपको बेवजह की परेशानियां और अपमान झेलना पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत सेहत और संबंध दोनों ही दृष्टि से प्रतिकूल रहने वाली है। इस दौरान आपको मौसमी बीमारी अथवा किसी पुरानी बीमारी के उभरने पर शारीरिक कष्ट मिल सकता है। खराब सेहत का असर आपके कामकाज पर भी देखने को मिलेगा।
सप्ताह के पूर्वार्ध में सेहत और संबंधों में आई दिक्कतों के चलते आप अपने काम पर पूरी तरह से फोकस नहीं कर पाएंगे। इस दौरान आपके भीतर काम को टालने की प्रवृत्ति पनप सकती है। बेरोजगार लोगों को रोजी-रोजगार के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। व्यवसायी वर्ग के लिए यह सप्ताह सामान्य रूप से व्यतीत होना चाहिए। इस सप्ताह उन्हें जोखिम भरे निवेश से बचने की आवश्यकता रहेगी। इस सप्ताह आर्थिक दिक्कतों से बचने के लिए आपको सप्ताह की शुरुआत से वित्तीय प्रबंधन करके चलना उचित रहेगा। अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखें।
उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन
6 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मध्यम फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह सिंह राशि के जातकों को अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। इस सप्ताह आपको न सिर्फ मौसमी बीमारी से बल्कि चोट आदि से शारीरिक कष्ट मिलने की आशंका बनी रहेगी। ऐसे में अपनी दिनचर्या और खानपान सही रखें तथा वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं।
सिंह राशि के जातक इस सप्ताह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी परेशानियों के चलते नौकरी में बदलाव का मन बना सकते हैं। हालांकि इस संबंध में कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले उन्हें अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। इस संबंध में उचित समय में समझदारी के साथ निर्णय लेने की आवश्यकता रहेगी अन्यथा बाद में आपको पछताना भी पड़ सकता है।
सप्ताह के मध्य का समय व्यवसाय की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान आपको अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। बाजार में आई मंदी भी आपको परेशान करेगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस दौरान धन के लेनदेन में खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी। प्रेम संबंध की दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य रूप से व्यतीत होना चाहिए। कठिन समय में आपका लव पार्टनर संबल प्रदान करेगा।
उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को जल में हल्दी मिलाकर अर्घ्य दें तथा सूर्याष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन
7 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। पूरे सप्ताह आपका गुडलक काम करता हुआ नजर आएगा। सभी सोचे हुए कार्य जब समय से पूरे होंगे तो आपके आत्मविश्वास और पराक्रम में वृद्धि होगी। इस सप्ताह करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं उम्मीद से कहीं ज्यादा शुभ और फलदायी साबित होंगी।
इस सप्ताह योजना बनाकर कार्य करने की प्रवृत्ति से आपको लाभ होगा। लोग आपके व्यवहार और वाणी से प्रभावित होंगे। इस सप्ताह आपकी सेहत सामान्य रहेगी और आप पूरे जोश-खरोश के साथ अपने कार्य को अंजाम देंगे। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो आपको इस सप्ताह के उत्तरार्ध में बड़ा लाभ प्राप्त हो सकता है।
आप अपने कारोबार को इस दौरान विस्तार देने की योजनाओं पर काम करेंगे। वित्तीय दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल साबित होगा। इस सप्ताह आपकी आर्थिक समस्याएं दूर होंगी और संचित धन में वृद्धि होगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। लव पार्टनर के साथ सुखद पल बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: प्रतिदिन गणेश जी की दूर्वा चढ़ाकर चालीसा का पाठ करें।
8 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह किसी व्यक्ति विशेष के कारण तनाव लिए रह सकता है। करियर-कारोबार में आपको इस सप्ताह कुछेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपको अपने कामकाज में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी क्योंकि इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपके काम को बिगाड़ने की साजिश रचेंगे। निजी जीवन में भी आपको गुप्त शत्रुओं से सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो आपको धन और कागज संबंधी काम को सावधानी के साथ काम करने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आपको जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए।
नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह के उत्तरार्ध का समय प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान आपके कामकाज में अचानक से बड़ा बदलाव हो सकता है। अनचाही जगह पर तबादला या फिर अनचाही जिम्मेदारी मिल जाने से आपको कठिनाई का अनुभव होगा। उच्च अधिकारियों के साथ वाद-विवाद होने की आशंका बनी रहेगी। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। इस सप्ताह आपको अपने पिता की सेहत को लेकर चिंता रह सकती है।
उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
9 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले जुले फल देने वाला रहेगा। इस सप्ताह वृश्चिक राशि के जातकों को प्रत्येक कार्य बड़ी सूझबूझ के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। इस सप्ताह करियर हो या फिर कारोबार, उसमें सावधानी हटी, दुर्घटना घटी का स्लोगन आपको हमेशा याद रखना होगा। यदि बात करें नौकरीपेशा लोगों की तो इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में आपकी जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकते हैं। नई जिम्मेदारियों को निभाने के लिए आपको अतिरिक्त परिश्रम और प्रयास की आवश्यकता रहेगी।
इस सप्ताह किसी नई योजना से जुड़कर काम करने की सोच रहे हैं तो आपको उसके बारे में सभी जानकारी पता करना उचित रहेगा। किसी के बहकावे में आकर न तो किसी योजना से जुड़े और न ही अपना धन जोखिम योजनाओं में लगाएं, अन्यथा धन हानि के साथ आपको बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है। व्यवसाय की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है।
इस दौरान धन के लेनदेन में सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी। वित्तीय दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय कठिनाई भरा रह सकता है। इस दौरान आपके सामने कुछ एक बड़े खर्च आ सकते हैं। इस सप्ताह स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
10 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य को लिए हुए है। यदि आप बीते कुछ समय से किसी बड़ी समस्या को लेकर परेशान चल रहे थे तो इस सप्ताह किसी प्रभावी व्यक्ति या इष्ट मित्र की मदद से उसका समाधान निकालने में कामयाब हो जाएंगे। इस सप्ताह आपको सौभाग्य का साथ मिलने के कारण चीजें समय पर और मन मुताबिक तरीके से होती हुई नजर आएंगी। इससे आपके भीतर सकारात्मक विचारों की वृद्धि होगी। आपके भीतर एक अलग ही आत्मविश्वास देखने को मिलेगा।
कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों आप पर मेहरबान रहेंगे। आप अपनी योग्यता और अनुभव के बल पर काम को बेहतर तरीके से करेंगे। घर हो या फिर बाहर आपके भीतर आगे बढ़कर जिम्मेदारियों को निभाने की प्रवृत्ति पनपेगी। व्यवसाय की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए राहतकारी रहने वाला है। यदि आप लंबे समय से कारोबार से जुड़ी किसी परेशानी का सामना कर रहे थे तो इस सप्ताह उसका समाधान निकल आएगा। कारोबार में लाभ और उसके विस्तार से आप संतुष्ट रहेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी सरकारी मामले में राहत मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे। प्रेम संबंध में नजदीकियां और विश्वास बढ़ेगा। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
11 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला हैं। इस सप्ताह आपको भाग्य का अपेक्षित सहयोग प्राप्त होने पर करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। जिसके कारण आप प्रत्येक कार्य को पूरे मनोयोग से करेंगे और उसमें मनचाही सफलता भी प्राप्त करेंगे। सेहत और संबंध की दृष्टि से भी यह पूरा सप्ताह आपके लिए अनुकूल साबित होगा। आपको घर और बाहर दोनों जगह शुभचिंतकों और स्वजनों का सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा।
सप्ताह के मध्य में नौकरीपेशा लोगों को कोई बड़ी उपलब्धि हासिल होगी, जिसके कारण उनका मन प्रसन्न रहेगा। इस दौरान आपको पदोन्नति या वेतन वृद्धि से जुड़ा शुभ समाचार मिल सकता है। यह समय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे लोगों के लिए भी अनुकूल रहेगा। इस दौरान उच्च शिक्षा के लिए प्रयासरत लोगों को मनचाही सफलता मिलेगी। व्यवसाय की दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य फलदायी रहने वाला है। व्यवसाय सामान्य गति से चलता रहेगा और आपको उसमें अपेक्षित लाभ की प्राप्ति होगी। प्रेम संबंध सामान्य बने रहेंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
12 of 13
weekly rashifal
- फोटो : amar ujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह कड़ी मशक्कत करने वाला रहेगा। इस सप्ताह आपको कठिन परिश्रम और प्रयास के बाद ही काम में मनचाही सफलता मिल पाएगी। सप्ताह के पूर्वार्ध में निजी कार्यों में व्यस्त रहने के कारण आपका करियर और कारोबार प्रभावित हो सकता है। सप्ताह की शुरुआत में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले आपकी चिंता का कारण बनेंगे। इस दौरान किसी सरकारी निर्णय के कारण आपको कठिनाई का अनुभव महसूस हो सकता है।
सप्ताह का पूर्वार्ध न सिर्फ सेहत बल्कि संबंधों की दृष्टि से परेशानी भरा रह सकता है। इस दौरान आपकी सेहत जहां नरम रहेगी वहीं आपका स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों से अपेक्षित समर्थन और सहयोग न मिल पाने के कारण आपका मन खिन्न रहेगा। यह सप्ताह वित्तीय दृष्टि से थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है।
सप्ताह के उत्तरार्ध में अचानक से कुछ एक बड़े खर्च आ जाने से आपका बना बनाया बजट बिगड़ सकता है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों को मनचाही सफलता के लिए सामान्य से ज्यादा परिश्रम की आवश्यकता रहेगी।
उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा में चालीसा का पाठ करें।
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य रूप से अनुकूल रहना चाहिए। इस सप्ताह आपके सोचे हुए काम समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे। चूंकि समय आपके पक्ष में बना हुआ है, इसलिए आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों से भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। इस सप्ताह आपकी कर्मठता और क्रिएटिविटी में वृद्धि होगी। आप अपने काम को योजनाबद्ध तरीके से करेंगे। जिसका आपको सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिलेगा।
सप्ताह के मध्य में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। इस दौरान आपके प्रभावी लोगों के साथ संपर्क स्थापित होंगे। यदि आप बीते कुछ समय से रोजी-रोजगार की तलाश में भटक रहे थे तो आपको
सप्ताह के उत्तरार्ध में इस संबंध में कोई अच्छी खबर मिल सकती है। इस दौरान आपके व्यावसायिक कौशल में वृद्धि होगी और आप अपनी सूझबूझ से अपने कारोबार को विस्तार देने की योजनाओं पर काम करेंगे। मार्केट में आपकी साख बढ़ेगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। लव पार्टनर के साथ आपकी अच्छी ट्यूनिंग देखने को मिलेगी। दांपत्य जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।