फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saptahik Rashifal (29 September-05 October): कैसा रहने वाला है अक्तूबर का पहला सप्ताह? पढ़ें साप्ताहिक राशिफल

Mon, 29 Sep 2025 11:59 AM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

29 September-5 October 2025: नौकरी, व्यापार, सेहत, करियर और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा सप्ताह? सभी प्रश्नों के उत्तर को जानने के लिए पढ़ें चंद्र राशि के आधार पर साप्ताहिक राशिफल में।
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल (29 सितंबर-05 अक्तूबर) - फोटो : Amar Ujala
Weekly Horoscope (29 September-05 October): सितंबर माह के अंत से शुरू होने जा रहा अक्तूबर माह का पहला सप्ताह खास रहने वाला है। इस सप्ताह ग्रह-नक्षत्रों की चाल से कुछ राशियों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है, वहीं कुछ राशियों के लिए सावधानी और सतर्कता की आवश्यकता रहेगी। यह समय बदलाव और नए अवसर लेकर आएगा, जिससे आपकी जिंदगी के कई पहलुओं में प्रभाव देखने को मिलेगा। इस सप्ताह आपको अपने कार्यों में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ना होगा, लेकिन कुछ राशियों को अनावश्यक विवादों और उलझनों से बचने की सलाह दी जाती है। आर्थिक मामले, स्वास्थ्य, और संबंधों में संतुलन बनाना इस समय बेहद महत्वपूर्ण होगा।
October Grah Gochar 2025: अक्तूबर में होगी ग्रहों की उथल-पुथल, मंगल, बुथ, गुरु, शुक्र और सूर्य सभी बदलेंगे चाल
Lucky Rashiyan: अक्तूबर में सूर्य-मंगल की युति, मकर संग इन राशि वालों के मान-सम्मान में होगी वृद्धि
इस सप्ताह ग्रहों की स्थिति कुछ राशियों के लिए शुभ संदेश लेकर आएगी, जिससे वे अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहेंगे। वहीं कुछ राशियों को धैर्य और समझदारी से काम लेकर सावधानी बरतनी होगी, ताकि अनचाही समस्याओं से बचा जा सके। आइए, विस्तार से जानते हैं इस सप्ताह आपकी राशि पर ग्रहों का क्या प्रभाव पड़ेगा और किन बातों का ध्यान रखना होगा, ताकि आप अपने जीवन में आने वाले उतार-चढ़ावों को समझदारी से संभाल सकें।
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष 
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यधिक व्यस्तता लिए रहने वाला है। इस सप्ताह आप सिर पर अचानक से जिम्मेदारियों का बड़ा बोझ आ सकता है, जिसे निभाने के लिए आपको अतिरिक्त समय और ऊर्जा खर्च करना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को इस दौरान बेहद सावधानी के साथ काम करने की आवश्यकता रहेगी। किसी दूसरे व्यक्ति पर जरूरत से ज्यादा विश्वास करना नुकसानदायक साबित हो सकता है।

कार्यक्षेत्र में विरोधियों से सतर्क रहें और वरिष्ठ अधिकारियों से बेहतर तालमेल बनाए रखें। इस सप्ताह व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में आ रहे उतार-चढ़ाव को लेकर चिंता बनी रहेगी। यदि आप साझेदारी में कारोबार करते हैं तो पार्टनर को लेकर आपका मन आशंकित रहेगा। इस दौरान कारोबारी निर्णय बहुत सोच समझकर लेने की आवश्यकता रहेगी।

सप्ताह के उत्तरार्ध में लंबी दूरी की यात्रा संभव है। घर-परिवार की दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य फलदायी है। माता-पिता, भाई-बहन और जीवनसाथी आदि का पूरा सहयोग और समर्थन बना रहेगा। किसी भी कार्य को करते समय परिजनों को पूरा सपोर्ट मिलेगा। परिवार संग हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। मानसिक तनाव भले ही बना रहे लेकिन सेहत सामान्य रहेगी। छात्र वर्ग को मनचाहे परिणाम के लिए सामान्य से ज्यादा परिश्रम की आवश्यकता रहेगी। 
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा और चालीसा का पाठ करें।
 
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ 
वृषभ राशि के जातकों को इस सप्ताह सेहत और संबंध दोनों पर ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में आप अपने स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहे क्योंकि आप मौसमी बीमारी या फिर कोई पुराने रोग के दोबारा उभरने से परेशान हो सकते हैं। यह दिक्कत आपको सप्ताह के पूर्वार्ध में होने की आशंका रहेगी तो वहीं उत्तरार्ध में इससे राहत मिल जाएगी। आर्थिक दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए थोड़ा प्रतिकूल है। इस सप्ताह सोच समझकर धन खर्च करें। धन का लेन-देन करते समय सावधानी बरतें। किसी नई योजना में धन निवेश करने से पहले विशेषज्ञों अथवा शुभचिंतकों की राय अवश्य लें।

सप्ताह का पूर्वार्ध नौकरीपेशा लोगों के लिए अनुकूल नहीं कहा जा सकता है, लेकिन उत्तरार्ध में वृषभ राशि वालों को कोई बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। यह समय व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रह सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में अचानक कहीं से धन लाभ प्राप्ति के योग बन सकते हैं. पार्टनरशिप में काम करने वाले लोगों के लिए यह समय शुभ साबित होगा। आपसी सामंजस्य से अच्छा लाभ पाने में कामयाब होंगे। विद्यार्थी वर्ग के लिए यह सप्ताह अच्छा रह सकता है। सप्ताह के अंत तक कोई सुखद समाचार मिल सकता है। प्रेम संबंध सामान्य बना रहेगा। पारिवारिक सुख की प्राप्ति होगी। 
उपाय: प्रतिदिन पारद शिवलिंग की पूजा एवं रुद्राष्टकं का पाठ करें।

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए सप्ताह सामान्यतः अच्छा रहने वाला है। इस सप्ताह आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों का भरपूर समर्थन और सहयोग मिलेगा। सप्ताह के पूर्वार्ध का समय नौकरीपेशा लोगों के लिए अनुकूल रहने वाला है। इस दौरान आपको परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। कार्यक्षेत्र में सीनियर आपके कामकाज की प्रशंसा करेंगे तो वहीं जूनियर की तरफ से पूरा सहयोग और समर्थन बना रहेगा। लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति से संतोष का अनुभव होगा, वहीं व्यवसायियों को अपेक्षित लाभ होने की संभावना बन रही है। आर्थिक दृष्टिकोण से यह सप्ताह आपके लिए अच्छा रहने की संभावना बन रही है।

सप्ताह के प्रारंभ में लंबी दूरी की यात्रा संभव है यात्रा सुखद और कारोबार को आगे बढ़ाने वाली साबित होगी। इस दौरान आपके द्वारा किया समझदारी भरा निवेश भविष्य में लाभकारी सिद्ध हो सकता है. सप्ताह के मध्य में लंबे समय से चली आ रही पारिवारिक समस्या का बातचीत के जरिये समाधान निकल सकता है। स्वजनों के साथ गलतफहमी दूर होगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में व्यवसाय में खासा लाभ होने के योग बन रहे हैं। बाजार में आपकी साख बढ़ेगी। प्रेम-प्रसंग में नजदीकियां बढ़ेंगी। जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।
उपाय: प्रतिदिन किचन में बनी पहली रोटी गाय को खिलाएं। 
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस सप्ताह आपको कभी चीजें अनुकूल तो कभी प्रतिकूल नजर आएंगी। सप्ताह की शुरुआत कर्क राशि वाले जातकों के लिए सेहत और धन की दृष्टि से पूर्व की अपेक्षा कम अच्छी कही जाएगी। इस दौरान आपको बाजार में मंदी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान कर्क राशि के जातकों को अपनी जीवनशैली सही रखते हुए मौसमी बीमारियों से बचने की आवश्यकता रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को इस दौरान काम की अधिकता रहेगी, जिसके चलते कर्क राशि के जातक शारीरिक थकावट का अनुभव कर सकते हैं, लेकिन यह स्थिति अधिक समय तक नहीं रहेगी।

इस सप्ताह कर्क राशि के जातकों को धन के लेनदेन में खूब सावधानी रखनी होगी। किसी योजना में सोच-समझकर धन लगाएं और किसी को पैसा उधार देने से बचें। कर्क राशि के जातकों को इस दौरान दीर्घकालिक निवेश करना उचित नहीं रहेगा। सप्ताह के उत्तरार्ध का समय नौकरीपेशा लोगों के लिए थोड़ा राहत भरा कहा जाएगा। इस दौरान उच्चाधिकारियों से आपको अपने कार्यों के लिए प्रशंसा की प्राप्ति होगी। कार्यक्षेत्र में कोई अहम जिम्मेदारी मिलने के योग बनेंगे। पारिवारिक सुख की दृष्टि से यह सप्ताह सामान्य फलदायी कहा जाएगा। जीवनसाथी के साथ समन्वय बना रहेगा। 
उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर दूध एवं जल चढ़ाकर शिव चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह 
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। इस सप्ताह आप अपने शुभचिंतकों के व्यवहार में आए अचानक बड़े बदलाव के कारण व्यथित रह सकते हैं। सप्ताह की शुरुआत में नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान आपकी जिम्मेदारियों में बड़े बदलाव हो सकते हैं। यह समय सेहत की दृष्टि से भी उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। व्यापारी वर्ग के लिए यह सप्ताह मध्यम फलदायी साबित होगा।

इस सप्ताह किसी भी योजना या कारोबार में निवेश करने से पूर्व विशेषज्ञों की सलाह लेना आपके लिए लाभदायक सिद्ध होगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में जहां आपको कामकाज में दिक्कतें आएंगी वहीं मध्य में स्थितियां आपके अनुकूल रहेंगी। इस दौरान भाग्य आपके साथ रहेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए यह समय अच्छा है। हालांकि छात्र वर्ग को पूरे मनोयोग से पढ़ाई पर फोकस करने की आवश्यकता बनी रहेगी।

इस सप्ताह परीक्षा-प्रतियोगिता आदि में मनचाही सफलता पाने के लिए अतिरिक्त परिश्रम की आवश्यकता है। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए लोगों की भावनाओं का आदर करें तथा अभिमान से बचें। प्रेम प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं।
उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को जल देकर आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। 
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मध्यम फलप्रद रहने वाला है। इस सप्ताह आपको छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने पड़ सकते हैं। नौकरीपेशा वालों के लिए यह सप्ताह कुछ परेशानियों वाला रह सकता है। इस सप्ताह आपको कार्यक्षेत्र में कामकाज से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सीनियर और जूनियर से अपेक्षित सहयोग और समर्थन न मिल पाने पर आपका मन खिन्न रहेगा। इसके बावजूद भी आपको अधिकारी वर्ग से नम्रता पूर्ण व्यवहार रखने की कोशिश करना चाहिए। व्यापारी वर्ग के लिए सप्ताह की शुरुआत मध्यम फलदायी कही जाएगी, जबकि उत्तरार्ध लाभ की दृष्टि से उत्तम रह सकता है।

इस दौरान कारोबार से जुड़ी कोई बड़ी डील कर सकते हैं। बाजार में आई तेजी का पूरा लाभ उठाएंगे। छात्र वर्ग के लिए यह सप्ताह कुछ दिक्कतों को लिए रह सकता है। उच्च शिक्षा प्राप्ति की राह में अड़चनें आ सकती हैं। परीक्षा के परिणाम में परिश्रम के अनुरूप फल नहीं मिलने से मन दुखी रहेगा। सेहत की दृष्टि से सप्ताह सामान्य रहेगा। पारिवारिक सुख की दृष्टि सप्ताह के पूर्वार्ध का समय प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान पिता के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो सकता है। पिता की तरफ से अपेक्षित सहयोग न मिल पाने के कारण मन दुखी रहेगा। 
उपाय: प्रतिदिन भगवान गणेश जी की दूर्वा चढ़ाकर पूजा एवं गणेश चालीसा का पाठ करें। 

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला
तुला राशि के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है। आपको इस सप्ताह सौभाग्य का साथ मिलता नजर आएगा। घर और बाहर दोनों जगह लोगों से भरपूर सहयोग मिलेगा। सप्ताह की शुरुआत में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिल सकती है। जिन चीजों को लेकर आप लंबे समय से परेशान होते चले आ रहे थे, उनमें इस सप्ताह अनुकूलता देखने को मिलेगी। कुल मिलाकर परिस्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी। जिसके कारण आप पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ अपने कार्यों को पूरा करेंगे।

इस सप्ताह आप अपनी सूझबूझ के माध्यम से अपने कारोबार को ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेंगे। आपका प्रयास काफी हद तक सफल होता भी नजर आएगा। कार्यों में अपेक्षा के अनुरूप प्रगति होगी। व्यवसाय में मनचाहा लाभ होगा और संचित धन में वृद्धि होगी। नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे। सप्ताह के उत्तरार्ध में आप सुख—सुविधा से जुड़ी चीजों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। इस दौरान घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। संतान पक्ष की उपलब्धि से मन हर्षित रहेगा। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री सूक्त का पाठ करें।
 

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायक कहा जाएगा। इस सप्ताह आप अपनी वाणी और व्यवहार में संयम बनाए रखें अन्यथा क्रोध करने से बने बनाए काम भी बिगड़ सकते हैं। आर्थिक दृष्टि से पूर्वार्ध का समय थोड़ा प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान अचानक से कोई बड़ा खर्च आने से आपकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। निवेश की दृष्टि से यह समय उचित नहीं कहा जाएगा। यदि कहीं धन लगाना बेहद जरूरी हो तो अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें। जोखिम भरा निवेश न करें। नौकरीपेशा लोगों का इस सप्ताह अपने सहयोगियों तथा अधिकारियों से कुछ मनमुटाव हो सकता है।

इस सप्ताह आपको अपने अधिकारियों एवं सहयोगियों से नम्रतापूर्वक व्यवहार करना चाहिए। सप्ताह के मध्य में अचानक से लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा के दौरान अपनी सेहत और सामान का विशेष ख्याल रखें। यह यात्रा थकान भरी और उम्मीद से कम फलदायी साबित होगी। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान शारीरिक परेशानियों से अधिक मानसिक परेशानियां आपको अधिक पीड़ित कर सकती हैं। पारिवारिक सुख के दृष्टिकोण से यह समय मध्यम फलकारी है।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
 

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायक रहेगा। इस सप्ताह आपको कामकाज को लेकर काफी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। सप्ताह के पूर्वार्ध में किसी घरेलू परेशानी को लेकर मन चिंतित रहेगा। हालांकि उत्तरार्ध तक आप अपने बुद्धि और विवेक से उसका समाधान खोजने में कामयाब हो जाएंगे। धनु राशि के जातकों को इस सप्ताह व्यवसाय में सोच समझकर निर्णय लेने की आवश्यकता रहेगी। कोई भी कारोबारी निर्णय जल्दी में लेन से बचें अन्यथा फायदे की जगह नुकसान होने की आशंका बनी रहेगी।

सप्ताह के मध्य में अपने स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखें। इस दौरान आप मौसमी अथवा किसी पुरानी बीमारी के दोबारा उभरने से परेशान हो सकते हैं। यह समय पारिवारिक मामलों की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान आपको परिवार के किसी प्रिय सदस्य से जुड़ी कोई बड़ी समस्या परेशान कर सकती है। सप्ताह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को अपना काम सावधानी के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। हालांकि आप अपने कार्य में पूर्ण ध्यान देंगे, लेकिन फिर भी किसी प्रकार की त्रुटि या चूक होने की आशंका बनी रहेगी। ऐसे में अपने कार्य को पूर्ण ध्यान से करें और उसे किसी दूसरे के भरोसे न छोड़ें। प्रेम प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और अपने पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें।
उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और भगवान विष्णु की विधि विधान से पूजा करें।
 

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता लिए हुए है। इस सप्ताह आपको किसी लंबे समय से चली आ रही समस्या से निजात मिल सकती है। सप्ताह की शुरुआत किसी शुभ समाचार से होगी। इस दौरान किसी प्रिय सदस्य के घर में आने से परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा। पारिवारिक दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए संतोषप्रद रहेगा। संतान एवं परिजनों का सहयोग आपको प्राप्त होगा, लेकिन जीवनसाथी की सेहत को लेकर थोड़ा मन चिंतित रह सकता है। नौकरीपेशा जातकों को इस सप्ताह अपने कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा।

सप्ताह की शुरुआत से ही आपका कार्यों के प्रति पूरा उत्साह बना रहेगा। आपकी नेतृत्व क्षमता की अधिकारीगण प्रशंसा करेंगे। व्यापारी वर्ग के लिए यह सप्ताह सामान्य रूप से शुभता लिए हुए है। हालांकि आपको किसी भी योजना में जोखिमपूर्ण निवेश करने से बचना चाहिए। सप्ताह के उत्तरार्ध में मकर राशि के जातकों को सत्ता सरकार से जुड़े किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से लाभप्रद योजना से जुड़ने का अवसर प्राप्त हो सकता है। सरकारी पक्ष से किसी प्रकार का लाभ प्राप्त होने का पूरा योग है। छात्र वर्ग का मन पढ़ाई में रमेगा। परीक्षा प्रतियोगिता में मनचाही सफलता मिलेगी।
उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा और चालीसा का पाठ करें।
 

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है। सप्ताह के पूर्वार्ध में कुछ एक समस्याएं रह सकती हैं लेकिन उत्तरार्ध में उनका समाधान निकल आने पर राहत मिल सकती है। नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत मध्यम फलदायी कही जाएगी। इस दौरान आपको कामकाज से जुड़ी कुछ एक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। बीते दिनों में हुए कुछ अनचाहे परिवर्तनों के कारण आप अभी भी छोटी-मोटी परेशानियों को अनुभव कर सकते हैं।

इस सप्ताह आपको सभी के साथ नम्रतापूर्ण व्यवहार करते हुए बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश करनी चाहिए। व्यापारी वर्ग के लिए भी यह सप्ताह मध्यम फलप्रद कहा जाएगा। ऐसे में इस सप्ताह धन के मामले में बेहद सावधानी के साथ निर्णय लें। किसी भी योजना में धन निवेश करने से पूर्व अपने साझेदार से भी राय कर लें। हालांकि इस सप्ताह किसी योजना में धन निवेश न करना ही उचित रहेगा। यदि अत्यधिक आवश्यक हो तो उसके लिए सप्ताह के पूर्वार्ध का समय चुनें।

आर्थिक दृष्टिकोण से यह समय आपके लिए मनोनुकूल रह सकता है। घर-परिवार की दृष्टि से यह सप्ताह कुछ उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। इस सप्ताह आपको अपने बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। प्रेम प्रसंग में उतावलेपन से बचें। सुखी वैवाहिक जीवन के लिए जीवनसाथी की भावनाओं का आदर करें।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
 
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन
मीन राशि वाले जातकों के लिए यह सप्ताह उत्तरार्ध की अपेक्षा पूर्वार्ध में अधिक अच्छा रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत किसी शुभ सूचना के साथ होगी। यदि आप लंबे समय से पदोन्नति या फिर मनचाहे स्थान पर तबादले की उम्मीद लगाए बैठे थे आपको इस सप्ताह इससे जुड़ा सकारात्मक समाचार सुनने को मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह सप्ताह मध्यम फलदायी रहने वाला है। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपका कामकाज में खूब मन लगेगा और आप पूर्ण उत्साह के साथ अपने टारगेट को पूरा करेंगे। इस दौरान सीनियर आपकी नेतृत्व क्षमता की तारीफ करेंगे। व्यापारी वर्ग के लिए यह सप्ताह सामान्य से कहीं ज्यादा लाभदायक रहने वाला है। हालांकि बावजूद इकसे आपको इस सप्ताह किसी भी प्रकार का जोखिमपूर्ण निवेश करने से बचना चाहिए।

इस सप्ताह आपकी सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी। सप्ताह के उत्तरार्ध में अचानक कहीं से बड़ी धनराशि प्राप्त होने के योग बनेंगे। छात्र वर्ग के लिए यह सप्ताह पूरी तरह से अनुकूल कहा जाएगा। इस सप्ताह विद्यार्थी वर्ग धैर्य के साथ पूरे मनोयोग से अध्ययन करेंगे। आपको परीक्षा-प्रतियोगिता में अनुकूल परिणाम प्राप्त होंगे। पारिवारिक दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहेगा। जीवनसाथी के साथ सुखद समय व्यतीत करने का अवसर प्राप्त होगा।
उपाय: प्रतिदिन केले के पेड़ को जल दें और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।



डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें