फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साप्ताहिक राशिफल 12-18 अक्तूबर: इन राशियों को मिल सकती है बड़ी सफलता, जानें मेष से मीन तक का हाल

Mon, 12 Oct 2026 11:47 AM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

साप्ताहिक राशिफल (12 से 18 अक्तूबर 2026): अक्तूबर का यह सप्ताह ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। ऐसे में आइए जानते हैं 12 से 18 अक्तूबर 2026 तक का साप्ताहिक राशिफल।
 
विज्ञापन
1 of 13
साप्ताहिक राशिफल 12 से 18 अक्तूबर 2026 - फोटो : AI
12 से 18 अक्तूबर 2026 का सप्ताह ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस दौरान कई ग्रहों की स्थिति में बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका प्रभाव करियर, धन, व्यापार, रिश्तों और पारिवारिक जीवन पर पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में सूर्य कन्या राशि में रहेंगे और 18 अक्तूबर को तुला राशि में प्रवेश करेंगे। वहीं बुध और वक्री शुक्र पूरे सप्ताह तुला राशि में स्थित रहेंगे। इससे बातचीत, साझेदारी, रिश्तों और आर्थिक मामलों से जुड़े निर्णय प्रमुख रह सकते हैं। वक्री शुक्र के प्रभाव में पुराने रिश्तों, अधूरे फैसलों और आर्थिक योजनाओं की दोबारा समीक्षा करनी पड़ सकती है।

मंगल और गुरु इस सप्ताह कर्क राशि में रहेंगे। गुरु यहां उच्च अवस्था में हैं, जबकि मंगल नीच अवस्था में माने जाते हैं। ऐसे में भावनाओं और महत्वपूर्ण फैसलों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। शनि मीन राशि में वक्री रहेंगे, जबकि राहु कुंभ और केतु सिंह राशि में रहेंगे।

18 अक्तूबर को सूर्य के तुला राशि में प्रवेश के साथ ग्रहों की स्थिति में एक और महत्वपूर्ण बदलाव होगा। कुल मिलाकर यह सप्ताह पुराने काम पूरे करने, आर्थिक फैसलों में सावधानी बरतने और रिश्तों में समझदारी से आगे बढ़ने का रहेगा। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों के लिए यह सप्ताह कैसा रहने वाला है। 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मेष राशि

मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिलाजुला परिणाम देने वाला रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में किसी महत्वपूर्ण काम में अचानक रुकावट आने से मन परेशान हो सकता है। किसी करीबी व्यक्ति से समय पर मदद न मिलने के कारण भावनात्मक ठेस पहुंचने की आशंका है। इस दौरान भागदौड़ अधिक रहेगी और करियर, कारोबार या निजी काम के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। आपको अपनी सेहत, संपत्ति और रिश्तों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत होगी।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह के पूर्वार्ध में खानपान और दिनचर्या को व्यवस्थित रखें। मौसमी बीमारियों के प्रति लापरवाही न बरतें। कारोबारियों के लिए सप्ताह की शुरुआत सामान्य रह सकती है, लेकिन उत्तरार्ध में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं। किसी नई योजना में निवेश करने से पहले उसके सभी पहलुओं की अच्छी तरह जांच कर लें। नौकरीपेशा लोगों को अपने काम समय पर और सावधानीपूर्वक पूरे करने होंगे। सप्ताह के दूसरे हिस्से में खर्च बढ़ने की संभावना है। घरेलू महिलाओं का अधिकतर समय धार्मिक गतिविधियों में बीत सकता है। प्रेम संबंधों में मतभेद उभर सकते हैं, इसलिए पार्टनर से बातचीत करते समय संयम रखें। भावनाओं में बहकर कोई बड़ा फैसला न लें। जीवनसाथी से कुछ समय की दूरी भी संभव है।

उपाय: प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा करें और दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृषभ राशि

वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य फल देने वाला रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में आपको धैर्य और समझदारी के साथ परिस्थितियों का सामना करना होगा। अचानक कुछ बड़े खर्च सामने आने से आर्थिक बजट प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पैसों से जुड़े मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी होगा। कारोबार करने वाले जातकों को किसी नई योजना में निवेश करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करना चाहिए। यदि निवेश करना जरूरी हो, तो अनुभवी या भरोसेमंद लोगों की सलाह लें और जरूरी दस्तावेजों से जुड़े काम समय पर पूरे करें।

साप्ताहिक राशिफल:
नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चलना होगा। सप्ताह के पूर्वार्ध की तुलना में उत्तरार्ध कुछ राहत देने वाला रह सकता है। इस दौरान पुरानी समस्या का समाधान मिलने से मन को सुकून मिल सकता है। हालांकि, क्रोध, बेचैनी और चिड़चिड़ेपन पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा, क्योंकि जल्दबाजी में कही गई बात किसी मामले को बिगाड़ सकती है। अनजान व्यक्ति पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचें। परिवार में किसी बात को लेकर मतभेद हों, तो बातचीत के जरिए उन्हें सुलझाने का प्रयास करें। रिश्तों में अपनी बात रखने के साथ दूसरों की भावनाओं को भी समझें। प्रेम संबंधों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के श्री यंत्र की पूजा करें और श्री सूक्त का पाठ करें।

4 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह उतार-चढ़ाव से भरा रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में घरेलू परेशानियां मानसिक तनाव बढ़ा सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में अपनी वाणी और व्यवहार पर संयम रखना आपके लिए जरूरी होगा। कुछ मामलों में समझौता करना ही बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। अपनी बात मनवाने की जिद से बचें, अन्यथा छोटी-सी बात भी विवाद का रूप ले सकती है। नौकरीपेशा लोगों को सप्ताह के शुरुआती दिनों में काम का अतिरिक्त दबाव झेलना पड़ सकता है। कार्यस्थल पर जिम्मेदारियों में बदलाव होने की भी संभावना है।

साप्ताहिक राशिफल:
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मनचाही सफलता पाने के लिए अधिक मेहनत और एकाग्रता के साथ आगे बढ़ना होगा। आर्थिक मामलों में सप्ताह का उत्तरार्ध थोड़ा परेशानी भरा हो सकता है। अचानक खर्च बढ़ने या किसी परिचित को मजबूरी में उधार देने से आपका बजट प्रभावित हो सकता है। इसलिए पैसों से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें। सप्ताह के दूसरे हिस्से में जीवनसाथी की सेहत को लेकर चिंता हो सकती है। कामकाजी महिलाओं को घर और नौकरी के बीच संतुलन बनाने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। प्रेम संबंधों में किसी गलतफहमी के कारण तनाव बढ़ने की आशंका है। अपने पार्टनर से खुलकर बात करें और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उनकी बात भी सुनें।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा करें और हनुमान चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कर्क राशि

कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सुखद और लाभकारी रहने की संभावना है। इस दौरान आपके कई महत्वपूर्ण काम समय पर पूरे हो सकते हैं, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। सप्ताह की शुरुआत में परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से मुलाकात होने के योग हैं। नौकरीपेशा जातकों के लिए परिस्थितियां अनुकूल रह सकती हैं। यदि पिछले कुछ समय से काम की अधिकता के कारण आप परेशान थे, तो इस सप्ताह कार्यभार कम होने से राहत मिल सकती है। पदोन्नति या मनचाहे स्थान पर तबादले की इच्छा पूरी होने के भी संकेत हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई में रुचि रहेगी और मेहनत के अनुरूप अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह के मध्य में कोई नया अनुबंध या काम मिलने की संभावना बन सकती है। इस दौरान सोच-समझकर लिए गए फैसले भविष्य में लाभ पहुंचा सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी और किसी विशेष उपलब्धि के लिए सम्मान मिल सकता है। भूमि, मकान या वाहन खरीदने की योजना भी आगे बढ़ सकती है। आर्थिक और व्यावसायिक मामलों में मिलने वाले अवसरों का समझदारी से लाभ उठाएं। रिश्तों के लिहाज से भी सप्ताह अनुकूल रह सकता है। अविवाहित जातकों के लिए विवाह की बातचीत आगे बढ़ने की संभावना है। सिंगल लोगों के जीवन में नया प्रेम संबंध शुरू हो सकता है, जबकि पहले से रिश्ते में मौजूद लोगों के बीच नजदीकियां बढ़ेंगी। दांपत्य जीवन में प्रेम और सामंजस्य बना रह सकता है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा करें और रुद्राष्टकम् का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
सिंह राशि

सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह भाग्य का साथ और सफलता के नए अवसर लेकर आ सकता है। यदि आप पिछले कुछ समय से करियर या कारोबार से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे थे, तो किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से समस्या का समाधान मिलने की संभावना है। आर्थिक मामलों में भी परिस्थितियां अनुकूल रह सकती हैं और आय के अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों के काम से वरिष्ठ अधिकारी संतुष्ट रहेंगे। सहकर्मियों का सहयोग मिलने से कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों को पूरा करना आसान होगा।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह के पूर्वार्ध में आपका पूरा ध्यान करियर और कारोबार को आगे बढ़ाने पर रहेगा। वहीं, उत्तरार्ध में परिवार के साथ कहीं घूमने या यात्रा पर जाने की योजना बन सकती है। इस दौरान किसी धार्मिक स्थल पर दर्शन-पूजन करने का अवसर भी मिल सकता है। व्यापारियों के लिए पूरा सप्ताह अनुकूल रहने की संभावना है। कारोबार में संतोषजनक परिणाम मिलने के साथ कमाई के नए रास्ते खुल सकते हैं। हालांकि, सुख-सुविधाओं पर खर्च करते समय अपने बजट का ध्यान रखें। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी और लव पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। वैवाहिक जीवन में भी सुख और सामंजस्य बना रह सकता है।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देव को जल अर्पित करें और सूर्याष्टकम् का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कन्या राशि

कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले परिणाम देने वाला रह सकता है। इस दौरान आपको अपने समय, धन और ऊर्जा का सही इस्तेमाल करने की जरूरत होगी। ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखें, जो आपको गलत सलाह देकर भ्रमित करने की कोशिश करते हैं। सप्ताह की शुरुआत कारोबारियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है। कामकाज में दबाव बढ़ने के कारण कुछ मामलों में अपनी योजना बदलनी पड़ सकती है या दूसरों की शर्तें स्वीकार करनी पड़ सकती हैं। आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतना जरूरी होगा। किसी को उधार देने से बचें और लेनदेन में सावधानी रखें।

साप्ताहिक राशिफल:
नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। लापरवाही करने पर वरिष्ठ अधिकारियों की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। यदि जमीन या मकान से जुड़ा कोई विवाद चल रहा है, तो उसे अदालत तक ले जाने से पहले आपसी बातचीत से सुलझाने का प्रयास करें। पारिवारिक जीवन में किसी मुद्दे को लेकर तनाव पैदा हो सकता है। ऐसे में अपनी बात रखते समय दूसरों की भावनाओं का भी ध्यान रखें। रिश्तों में धैर्य और समझदारी से काम लेना बेहतर रहेगा। प्रेम संबंधों में असमंजस की स्थिति बन सकती है। जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के बजाय परिस्थितियों को समझने और रिश्ते को पर्याप्त समय देने का प्रयास करें।

उपाय: प्रतिदिन भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित करके पूजा करें और संकटनाशन गणेश स्तोत्र का पाठ करें।

8 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य परिणाम देने वाला रह सकता है। सप्ताह की शुरुआत में किसी जरूरी काम के सिलसिले में अचानक छोटी या लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा में थकान अधिक होने और अपेक्षित परिणाम न मिलने से मन थोड़ा निराश हो सकता है। परिवार के किसी करीबी सदस्य के साथ मतभेद होने की आशंका भी है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ सकता है। ऐसे समय में धैर्य बनाए रखना और विवाद को बढ़ने से रोकना आपके लिए महत्वपूर्ण होगा।

साप्ताहिक राशिफल:
कारोबार से जुड़े लोगों को इस सप्ताह निवेश के मामलों में सोच-समझकर आगे बढ़ना चाहिए। धन लगाने के लिए समय अनुकूल नहीं माना जा रहा है, इसलिए किसी भी योजना की पूरी जानकारी लेने के बाद ही निर्णय करें। पूरे सप्ताह आर्थिक लेनदेन में सावधानी बरतें और गैरजरूरी खर्चों पर नियंत्रण रखें। लापरवाही से किया गया खर्च भविष्य में बजट बिगाड़ सकता है। सप्ताह के उत्तरार्ध में विरोधी आपकी छवि या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए कार्यक्षेत्र और सामाजिक जीवन में सतर्क रहें। उच्च शिक्षा के लिए प्रयास कर रहे विद्यार्थियों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। मुश्किल समय में किसी महिला मित्र का सहयोग आपको भावनात्मक मजबूती दे सकता है। जमीन, मकान या वाहन खरीदने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति का आकलन जरूर करें। प्रेम संबंधों में दिखावे और जल्दबाजी से बचें।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा करें और शिव चालीसा का पाठ करें।

9 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सुख, सौभाग्य और सफलता के नए अवसर लेकर आ सकता है। सप्ताह की शुरुआत से ही आपके कई महत्वपूर्ण काम योजना के अनुसार पूरे होने की संभावना है। किसी महिला के सहयोग से कार्यक्षेत्र में आ रही परेशानियों का समाधान मिल सकता है। विद्यार्थियों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा और उन्हें पढ़ाई या परीक्षा में उम्मीद से बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह के पूर्वार्ध में नौकरी या रोजगार से जुड़ा कोई शुभ समाचार मिलने से परिवार में खुशी का माहौल बन सकता है। यदि आप लंबे समय से नया काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो इस दिशा में कदम बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। व्यापारियों को कारोबार में अच्छी प्रगति देखने को मिलेगी। आय के नए स्रोत विकसित होने और बचत में वृद्धि के योग हैं। आर्थिक मामलों में परिस्थितियां अनुकूल रहने से आत्मविश्वास बढ़ेगा।

पारिवारिक जीवन में भी सकारात्मकता बनी रह सकती है। आप अपनी समझदारी और सूझबूझ से घर की समस्याओं को सुलझाने में सफल हो सकते हैं। परिजनों का सहयोग मिलने से लंबे समय से अटके कामों में तेजी आएगी। सप्ताह के अंत में किसी पुराने मित्र या रिश्तेदार से मुलाकात होने की संभावना है। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी और पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताने के अवसर मिलेंगे। वैवाहिक जीवन भी सुखद रहने की उम्मीद है।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और सुंदरकांड का पाठ करें।

10 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
धनु राशि

धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभ परिणाम और लाभ के अवसर लेकर आ सकता है। इस दौरान सत्ता या प्रशासन से जुड़े प्रभावशाली लोगों के साथ आपके संपर्क बढ़ सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपके काम की सराहना होगी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सहकर्मियों का सहयोग भी प्राप्त होगा। यदि आप नौकरी बदलने की कोशिश कर रहे हैं, तो इस सप्ताह कोई अच्छा अवसर या नौकरी का प्रस्ताव मिलने की संभावना बन सकती है।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह के मध्य में किसी करीबी व्यक्ति की मदद से कार्यक्षेत्र की बाधाओं को दूर करने में सफलता मिल सकती है। अदालत या कानूनी मामलों में राहत मिलने के संकेत हैं। राजनीति से जुड़े लोगों की लोकप्रियता और प्रभाव में वृद्धि हो सकती है। पद या प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी के अवसर भी बनेंगे। व्यापारियों के लिए सप्ताह लाभकारी रह सकता है। कारोबार में धन का प्रवाह बना रहेगा और बाजार की अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाने का अवसर मिलेगा।

सेहत और रिश्तों के लिहाज से भी यह सप्ताह अच्छा रहने की संभावना है। जीवनसाथी का सहयोग मिलने से किसी महत्वपूर्ण काम को पूरा करने में आसानी होगी। दांपत्य जीवन में आपसी समझ और विश्वास मजबूत हो सकता है। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी। अविवाहित जातकों का किसी खास व्यक्ति के प्रति आकर्षण बढ़ सकता है। हालांकि, रिश्तों में आगे बढ़ते समय दूसरे व्यक्ति की भावनाओं और पसंद का सम्मान करना जरूरी होगा।

उपाय: प्रतिदिन पूजा के समय केसर का तिलक लगाएं और श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें।

11 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मकर राशि

मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह नए अवसरों और सकारात्मक बदलावों का संकेत दे रहा है। हालांकि, इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए आपको मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना होगा। सप्ताह की शुरुआत किसी अच्छी खबर से हो सकती है, जिससे आपका उत्साह बढ़ेगा। अचानक धन प्राप्ति के योग बन सकते हैं। पहले किए गए निवेश से लाभ मिलने की संभावना है। शेयर बाजार से जुड़े मामलों में भी सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह अनुकूल रहने की उम्मीद है।

साप्ताहिक राशिफल:
कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों की सराहना होगी। यदि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपके संबंधों में पहले कोई खटास आ गई थी, तो उसमें सुधार होने की संभावना है। सहकर्मियों का सहयोग मिलने से कामकाज सुचारु रूप से आगे बढ़ेगा। कारोबारियों को सप्ताह के मध्य में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़ सकते हैं। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी। यदि आप किसी रिश्ते में हैं, तो परिवार के सदस्यों की सहमति मिलने से विवाह की बातचीत आगे बढ़ सकती है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा करें और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें।

12 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
कुंभ राशि

कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह करियर और कारोबार के लिहाज से अच्छा रह सकता है, लेकिन सेहत के मामले में कुछ सावधानियां बरतनी होंगी। इस दौरान लोगों से बातचीत करते समय अपने शब्दों और व्यवहार का ध्यान रखें। यदि आप किसी काम या जिम्मेदारी को निभाने में सहज महसूस नहीं कर रहे हैं, तो विनम्रता से अपनी असमर्थता जाहिर करना बेहतर रहेगा। दूसरों की अपेक्षाओं के दबाव में आकर अपनी क्षमता से अधिक जिम्मेदारियां न लें।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह की शुरुआत में करियर और कारोबार में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। प्रभावशाली लोगों से संपर्क स्थापित होने से भविष्य में लाभकारी संभावनाएं बनेंगी। सप्ताह के मध्य में घर की मरम्मत या सुख-सुविधाओं से जुड़ी चीजों पर बड़ा खर्च होने की संभावना है। कुछ जातक नया कारोबार शुरू करने की योजना भी बना सकते हैं। विद्यार्थियों की रुचि पढ़ाई में बढ़ेगी और वे नए विषयों या अध्ययन के तरीकों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। प्रेम संबंधों में सतर्कता बरतें, क्योंकि छोटी-सी गलतफहमी करीबी रिश्तों में दूरी पैदा कर सकती है। 

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
weekly rashifal - फोटो : amar ujala
मीन राशि

मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह कुछ चुनौतियों और उतार-चढ़ाव के साथ आगे बढ़ सकता है। कार्यक्षेत्र में आने वाली बाधाओं और करीबी लोगों से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण मन परेशान रह सकता है। इस दौरान आप अकेलापन महसूस कर सकते हैं और आत्मविश्वास में कमी का अनुभव हो सकता है। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को मनचाहा अवसर पाने के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।

साप्ताहिक राशिफल:
सप्ताह के मध्य में मौसमी बीमारियों के प्रति सावधान रहने की जरूरत होगी। खानपान और दिनचर्या व्यवस्थित रखें तथा अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें। नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर सतर्क रहना होगा। कुछ लोग आपकी छवि खराब करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए अपने कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखें और बिना सोचे-समझे किसी पर भरोसा न करें।पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंधों के लिहाज से सप्ताह थोड़ा कठिन रह सकता है। प्रेम संबंधों में रुकावट या मतभेद होने से मानसिक परेशानी बढ़ सकती है। परिवार के किसी सदस्य की चिंता भी आपको परेशान कर सकती है। जीवनसाथी से कुछ समय के लिए दूर रहने की स्थिति बन सकती है। 

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्रीविष्णु की पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें।

वास्तु टिप्स: घर में लाफिंग बुद्धा रखने से पहले जान लें ये वास्तु नियम, इन जगहों पर रखने से बचें

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें