Vivah Muhurat 2025: 1 जनवरी से साल 2025 की शुरुआत होने वाली है, जिसका इंतजार सभी को बेसब्री से हैं। पंचांग के मुताबिक साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2025 को हर्षण, शिववास योग, बालव और कौलव जैसे कई योग का संयोग बन रहा है, जो सभी के लिए बेहद खास है। मान्यता है कि इन शुभ योगों में पूजा-पाठ करने पर साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
ज्योतिष गणना के मुताबिक साल का पहला माह बेहद शानदार होने वाला है, इस माह में सूर्य मकर राशि में गोचर करेंगे। सूर्य के मकर राशि में आने से एक बार फिर शादी-विवाह, सगाई, ग्रह प्रवेश व अन्य सभी मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने वाली हैं। माना जाता है कि शादी जीवन का सबसे खूबसूरत पल होता है, इस समय व्यक्ति अपने जीवन में एक नई शुरुआत करता है। इसे न केवल दो लोगों बल्कि दो परिवारों का मिलन कहा जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार शादी-विवाह व्यक्ति को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाते हैं, और शास्त्रों में शादी को 16 संस्कारों में सबसे प्रमुख संस्कार माना गया है, इसके जरिए व्यक्ति एक सुखी परिवार का निर्माण करता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2025 में विवाह के लिए कौन-कौन से शुभ दिन और मुहूर्त बन रहे हैं।