Parivartan Rajyog: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में गुरु और शुक्र दोनों ही ग्रहों का विशेष महत्व होता है। गुरु जहां ज्ञान, संतान और धन के कारक माने जाते है तो वहीं शुक्र सुख, सौंदर्य और भोग-विलास के कारक ग्रह होते हैं। गुरु और शुक्र दोनों का ही राशि परिवर्तन बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है। गुरु और शुक्र दोनों ही ग्रह जब-जब एक निश्चित अंतराल पर अपनी राशि परिवर्तन करते हैं तो इसका व्यापक असर सभी राशियों के जातकों के जीवन पर देखने को मिलता है। सुख और वैभव प्रदान करने वाले शुक्र ग्रह हर 26 दिनों में राशि परिवर्तन करते हैं वहीं गुरु करीब 13 महीनों के अंतराल पर राशि परिवर्तन करते हैं। गुरु और शुक्र की वर्तमान स्थिति की बात करें तो गुरु अभी शुक्र की राशि वृषभ में हैं वहीं शुक्र 07 नवंबर को गुरु की राशि धनु राशि में प्रवेश कर जाएंगे।
गुरु का शुक्र की राशि में होने से और शुक्र का गुरु की राशि में आने से राशि परिवर्तन राजयोग का निर्माण होगा। शुक्र और गुरु के कारण राशि परिवर्तन राजयोग बनने से कुछ राशि के जातकों को शुभ समाचार मिल सकता है। आपको बता दें कि शुक्र धनु राशि में 07 नवंबर को सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर प्रवेश करेंगे। वहीं गुरु पहले से ही शुक्रदेव की राशि वृषभ में पहले से मौजूद हैं। गुरु-शुक्र का यह परिवर्तन राजयोग 28 दिसंबर तक बना रहेगा।