फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मासिक राशिफल अक्तूबर 2026: इन 4 राशियों के लिए बनेंगे तरक्की और धन लाभ के योग, पढ़ें 12 राशियों का हाल

Sat, 26 Sep 2026 08:51 PM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला

सार

अक्टूबर 2026 ग्रह-गोचर की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। इस महीने कई ग्रहों की चाल और राशि परिवर्तन का प्रभाव सभी 12 राशियों पर देखने को मिलेगा। करियर, धन, प्रेम, स्वास्थ्य और परिवार के लिहाज से किस राशि के लिए कैसा रहेगा यह महीना, आइए जानें मासिक राशिफल।
विज्ञापन
1 of 13
मासिक राशिफल अक्तूबर 2026 - फोटो : AI
अक्तूबर 2026 ज्योतिषीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस महीने बुध, शुक्र, सूर्य, मंगल और गुरु की स्थिति में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे, जिसका प्रभाव सभी 12 राशियों के करियर, आर्थिक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर अलग-अलग रूप में पड़ सकता है। महीने की शुरुआत 1 अक्तूबर को बुध के तुला राशि में प्रवेश से होगी। इसके बाद 3 अक्तूबर को शुक्र तुला राशि में वक्री होंगे। 8 अक्तूबर को गुरु अश्लेषा नक्षत्र के चरण में प्रवेश करेंगे, जबकि 17 अक्तूबर को सूर्य तुला राशि में प्रवेश करेंगे। इसी दिन मंगल अश्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। महीने के अंत में 24 अक्तूबर को बुध तुला राशि में वक्री होंगे और 31 अक्तूबर को गुरु कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे।

इसके अलावा शनि पूरे महीने मीन राशि में वक्री रहेंगे, जबकि राहु कुंभ और केतु सिंह राशि में स्थित रहेंगे। अक्तूबर में शुक्र और बुध की वक्री गति तथा गुरु का राशि परिवर्तन विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा सकता है। ऐसे में यह महीना कुछ राशियों के लिए करियर, धन और नए अवसरों के लिहाज से महत्वपूर्ण रह सकता है, वहीं कुछ राशि वालों को आर्थिक फैसलों, रिश्तों और कामकाज से जुड़े मामलों में धैर्य बरतने की जरूरत होगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि अक्तूबर का महीना सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहने वाला है।
विज्ञापन

2 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना मिश्रित फलदायक कहा जाएगा। इस महीने आपको करियर-कारोबार से लेकर आम जीवन में उतार-चढ़ाव भरी स्थिति से गुजरना पड़ सकता है। माह की शुरुआत में आपको बीते कुछ समय से चली आ रही समस्याओं से राहत  मिलेगी, लेकिन वह पूरी तरह से समाप्त नहीं होंगी। मेष राशि के जातकों को इस माह भाग्य या किसी व्यक्ति विशेष के भरोसे अपने कार्य को नहीं छोड़ देना चाहिए बल्कि स्वयं परिश्रम और प्रयास के जरिए उसे पूर्ण करना होगा।

अक्तूबर महीने की शुरुआत में नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में उनके परिश्रम और प्रयास के मुकाबले कम क्रेडिट मिलेगा। जिससे उनके मन में हताशा आ सकती है। इस माह आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपकी बड़ी समस्या का कारण बन सकती है। इसलिए करियर हो या कारोबार उसमें बगैर हताश-निराश हुए पूरे मनोयोग से समय पर कार्य करने का प्रयास करें। माह के मध्य में करियर-कारोबार से जुड़ी लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा संभव है। इस दौरान आपको व्यवसाय आदि में अच्छे फल प्राप्त हो सकते हैं।

नौकरीपेशा लोगों की आय के नये स्रोत बनेंगे। इस दौरान आप अपनी समझ-बूझ से बाजार में फंसे हुए धन को निकालने में कामयाब हो जाएंगे। छात्र वर्ग के लिए माह के उत्तरार्ध का समय शुभ परिणामों को लिए रहेगा। प्रेम संबंध में इस माह आपको कुछेक परेशानियां झेलनी पड़ सकती है। लव पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर अनबन होने की आशंका बनी रहेगी। परिवार के सदस्यों के साथ भी संवाद की कमी के चलते मतभेद बने रहेंगे।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना थोड़ा खर्चीला रह सकता है। माह के पूर्वार्ध में आप सुख-सुविधा से जुड़े सामान अथवा घर की मरम्मत आदि पर बड़ी धन राशि खर्च कर सकते हैं। जिससे आपकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। यदि आप इस माह बचत की प्रवृत्ति को अपनाते हैं तो धन संबंधी समस्याएं काफी हद तक दूर हो जाएंगी अन्यथा माह के अंत तक किसी से उधार लेना पड़ सकता है।

अक्तूबर महीने के पूर्वार्ध में जमीन-जायदाद अथवा कोर्ट-कचहरी मामले को लेकर आपको जरा ज्यादा भागदौड़ करनी पड़ सकती है। हालांकि आपके द्वारा किया गया परिश्रम और प्रयास रंग लाएगा और चीजें आपके पक्ष में जाएंगी। माह के मध्य में नौकरीपेशा लोगों की कार्यक्षेत्र में अपने सहकर्मियों के साथ कंपटीशन बढ़ सकता है। इस दौरान आपके विरोधियों से सतर्क रहें क्योंकि वे आपकी छवि को बिगाड़ने के लिए साजिश रच सकते हैं।

लक्ष्यों की प्राप्ति और अपनी साख को बचाए रखने के लिए इस समय में आपको कार्यालीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। व्यवसाय की दृष्टि से यह समय आपके लिए सामान्य रहेगा। साझेदारों-सप्लायरों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे। माह के उत्तरार्ध में किसी पारिवारिक यात्रा के योग बन रहे हैं। यात्रा के दौरान अपने सामान और सेहत का विशेष ख्याल रखें। प्रेम संबंध एवं पारिवारिक सुख की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय पूर्वार्ध के मुकाबले ज्यादा बेहतर रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के श्रीयंत्र की पूजा एवं श्री सूक्त का पाठ करें।

4 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना जीवन की कठिनाइयों को दूर करते हुए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला कहा जाएगा। माह की शुरुआत किसी बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार से होगी। इस महीने आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे। यदि आप बेरोजगार हैं तो आपको नौकरी के अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं। यदि आप पहले से कहीं पर कार्यरत हैं तो आपकी पदोन्नति के योग बनेंगे। यदि आप नौकरी में बदलाव के लिए प्रयासरत थे तो आपको अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं।

कार्यक्षेत्र में आपके काम की प्रशंसा होगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में खासा लाभ होगा। व्यवसायी वर्ग पिछली समस्याओं से मुक्त होकर नई योजनाओं को क्रियान्वित करने की दिशा में कार्य करेंगे। व्यवसाय से जुड़ी यात्राएं सुखद एवं सफल साबित होंगी। सेहत की दृष्टि से माह के मध्य में सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। मिथुन राशि के जातकों का इस माह प्रभावी लोगों से संपर्क बढ़ेगा, जिनकी मदद से आपको लाभप्रद योजनाओं से भी जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। छात्र वर्ग को उनके परिश्रम और प्रयास का पूरा फल प्राप्त होगा।

उच्च शिक्षा की दिशा में किये गये प्रयास सफल होंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से अक्तूबर का महीना सामान्य रहने वाला है। खट्टी-मीठी तकरार के साथ प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। लव पार्टनर के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। पारिवारिक जीवन खुशहाल बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
कर्क
कर्क राशि के जातको के लिए अक्तूबर का महीना सामान्य फलदायी कहा जाएगा। इस माह आपको चीजें कभी बनती तो कभी बिगड़ती नजर आएंगी। कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह अपने करियर-कारोबार में गति को बनाए रखने के लिए खूब परिश्रम और प्रयास करने होंगे। माह के पूर्वार्ध में कार्यस्थल से जुड़ी दिक्कतों के चलते आप अपनी नौकरी में बदलाव तक का प्लान बना सकते हैं। हालांकि ऐसा कोई भी फैसला आवेश या फिर भावना में बहकर लेने की गलती न करें। व्यवसाय से जुड़े लोगों को माह की शुरुआत से ही कारोबार के सिलसिले में अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है।

कठिन परिश्रम के बाद भी सामान्य लाभ होने से मन हताश-निराश रहेगा। इस माह आपको अपने शुभचिंतकों और भाई-बंधुओं का सहयोग अपेक्षाकृत कम मिल पाएगा। माह के मध्य में आपके भीतर आलस्य की अधिकता रहेगी। इस दौरान घरेलू मामलों को लेकर भी आपका मन परेशान रहेगा। कर्क राशि के जातकों को अपने वरिष्ठ लोगों की सलाह की अनदेखी करने से बचना चाहिए। माह के उत्तरार्ध में अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं लेकिन आप इसे मैनेज कर लेंगे। इस महीने गृहस्थ जीवन को सुखमय बनाने के लिए आपको अपनी वाणी और व्यवहार में विनम्रता बनाए रखना होगा। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। लव पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें और उसके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करें।

उपाय: प्रतिदिन पारद शिवलिंग की पूजा एवं शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना गुडलक लिए हुए है। इस माह आपको जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। जिसका लाभ उठाने के लिए आपको समय पर प्रयास करना होगा। माह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा पर निकलना पड़ सकता है। इस दौरान नौकरीपेशा वर्ग को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। उच्च अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग आपको समय-समय पर मिलता रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपके कामकाज और निर्णयों की प्रशंसा होगी। यदि व्यवसाय से जुड़े लोगों की बात करें तो माह के पूर्वार्ध का समय उनके लिए मध्यम फलकारी कहा जाएगा।

इस दौरान उन्हें बहुत सोच-समझकर व्यापारिक निर्णय लेने होंगे। यदि आप पार्टनरशिप में व्यवसाय करते हैं तो उसके साथ तालमेल बिठाते हुए आगे बढ़ें क्योंकि माह के मध्य तक चीजें पूरी तरह आपके नियंत्रण में रहेंगी। माह के उत्तरार्ध में आपके अटके हुए कार्य पूरे होंगे। इस दौरान खुशियां आपके जीवन में दस्तक देंगी और धन संबंधी समस्याएं काफी हद तक दूर हो जाएंगी। इस माह आपको परिवार के सदस्यों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। लव पार्टनर के साथ भी आपके रिश्ते मजबूत होंगे। आपसी विश्वास और नजदीकियां बढ़ेंगीं। संतान पक्ष से जुड़ी चिंताएं दूर होंगी। इस माह समाज सेवा एवं राजनीति से जुड़े कार्य करने वालों की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। रिश्तेदारों एवं मित्रों के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को जल देकर सूर्याष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना औसत फलदायी कहा जाएगा। इस माह आपको जोश में आकर होश खोने से बचना होगा। किसी भी कार्य में आपका अति आत्मविश्वास आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है, ऐसे में लोगों के साथ बेहतर तालमेल बिठाते हुए सूझबूझ के साथ अपने कार्यों को अंजाम देने का प्रयास करें। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो माह की शुरुआत में आपका कारोबार थोड़ी सुस्त गति से आगे बढ़ेगा लेकिन मध्य तक चीजें एक बार फिर से पटरी पर आ जाएंगी। इस दौरान आपको उत्तम लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। हालांकि किसी भी कारोबारी डील को जल्दबाजी में करने से बचें।

माह के मध्य का समय नौकरीपेशा वर्ग के लिए थोड़ा राहत भरा कहा जाएगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपको उच्चाधिकारी एवं अधीनस्थ लोगों का पूरा सहयोग समर्थन मिलेगा। कार्यालय में आपके द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा होगी। माह के उत्तरार्ध में एक बार फिर चीजें आपके विपरीत हो सकती हैं। इस दौरान व्यवसायी वर्ग कारोबार में आई अस्थायी मन्दी को लेकर चिंतित रह सकता है। विद्यार्थी वर्ग का अध्ययन बाधित हो सकता है। परीक्षा-प्रतियोगिता में मनचाहे परिणाम के लिए उन्हें अध्ययन में एकाग्रता बनाए रखते हुए सामान्य से कहीं ज्यादा परिश्रम और प्रयास करने होंगे। जीवन के कठिन समय में आपको अपनों का पूरा साथ मिलेगा। आपका लव पार्टनर काफी मददगार साबित होगा। दांपत्य जीवन में प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन गणपति को दूर्वा चढ़ाकर पूजा एवं गणेश चालीसा का पाठ करें।

8 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना अत्यंत ही शुभ फलदायक रहने वाला है। इस माह आपको कदम-कदम पर सुख-सौभाग्य का साथ मिलेगा। माह की शुरुआत में सेहत और संबंधों से जुड़ी दिक्कत दूर होगी। यदि आप कुछ समय से किसी रोग या चोट आदि से पीड़ित चल रहे थे तो आपको स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। माह के पूर्वार्ध का समय करियर-कारोबार की दृष्टि से अत्यंत ही शुभ कहा जाएगा। इस दौरान आपको कार्य विशेष में मनचाही सफलता या फिर अनुकूलता बने रहने से मन प्रसन्न रहेगा।

माह के दूसरे सप्ताह के आमदनी को बढ़ाने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। व्यवसायी वर्ग बाजार में आई तेजी का लाभ उठाने में कामयाब होंगे। किसी बड़ी व्यावसायिक डील से आपकी मार्केट में साख मजबूत होगी। पुराने निवेश से भी लाभ मिलने की संभावना बनेगी। नौकरीपेशा लोगों के लिए माह के मध्य का समय गुडलक लिए रहने वाला है। इस दौरान उनकी पदोन्नति और आय वृद्धि के योग बनेंगे। कार्यक्षेत्र में उन्हें अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

माह के उत्तरार्ध में सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों से संपर्क-सहयोग बढ़ेगा और आपके कई जरूरी काम समय पर पूरे हो सकते हैं। घर-परिवार के सदस्यों की तरफ से सुख-सहयोग की प्राप्ति होगी। आत्मीय लोगों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। किसी प्रिय सदस्य की सफलता से मन हर्षित रहेगा। तुला राशि के जातकों को इस माह पिता की तरफ से विशेष स्नेह, सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। प्रेम प्रसंग से जुड़ी चिंताएं दूर होंगी।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा एवं रुद्राष्टकं का पाठ करें।

9 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना औसत फलदायी कहा जाएगा। इस माह की शुरुआत में आप घरेलू दिक्कतों को लेकर मानसिक रूप से परेशान रह सकते हैं।  जिसका प्रभाव आपके करियर और कारोबार पर भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान जमीन-जायदाद और कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों को सुलझाने के लिए आपको काफी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। हालांकि मुश्किल भरे इस समय में आपके शुभचिंतक काफी मददगार साबित होंगे। संतान पक्ष की तरफ से भी आपको विशेष सुख और सहयोग की प्राप्ति होगी।

माह के दूसरे सप्ताह में आपको सेहत और संबंध दोनों पर विशेष ध्यान देना होगा। इस दौरान किसी पुरानी बीमारी के दोबारा से उभरने अथवा चोट आदि लगने से शारीरिक एवं मानसिक कष्ट मिलने की आशंका बनी रहेगी। वृश्चिक राशि के जातकों को सेहत से जुड़ी किसी भी समस्या में लापरवाही नहीं बरतना चाहिए और समय-समय पर  चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लेते रहना होगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को साझेदारों एवं सप्लायरों से मधुर सम्बन्ध बनाने की जरूरत रहेगी।

पारिवारिक दृष्टि से अक्तूबर का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहेगा। इस माह आपको कभी घर-परिवार से सुख-सहयोग की प्राप्ति होगी तो कभी परिवार के सदस्यों के कारण मन में तनाव बना रहेगा। माह के उत्तरार्ध में किसी प्रिय व्यक्ति के साथ वाद-विवाद होने की आशंका रहेगी। रिश्तों को बेहतर बनाए रखने के लिए इस माह अपने क्रोध और वाणी पर नियंत्रण रखें।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा गुड़-चने का भोग लगाकर करें तथा बजरंग बाण का पाठ करें।

10 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना बीते महीने की अपेक्षा कहीं ज्यादा शुभ और फलदायक कहा जाएगा। इस माह आपको करियर-कारोबार को आगे बढ़ाने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। इस संबंध में की गई यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी। इस माह आपको भूमि, भवन और वाहन सुख की प्राप्ति होगी। यदि आप किसी नये काम की शुरुआत करने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे तो आपकी यह कामना इस माह के अंत तक पूरी हो सकती है। अक्तूबर महीने की शुरुआत में आपको पूर्व में की गई मेहनत और प्रयास का फल प्राप्त होगा। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में विशेष लाभ होगा। उनके संचित धन में वृद्धि होगी।

हालांकि माह के मध्य में आप सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर खुले हाथ खर्च भी करेंगे। इस दौरान आप अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराने में कामयाब होंगे। कार्यक्षेत्र में आपके काम का डंका बोलेगा। छात्र वर्ग को इस माह उनके परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। परीक्षा-प्रतियोगिता में उन्हें मनचाही सफलता मिलेगी। उच्च शिक्षा के लिए किये जा रहे प्रयास सफल होंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह थोड़ा उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। इस माह आप अपने आत्मीयजनों के लिए कम समय निकाल पाएंगे। माह के मध्य में किसी बात को लेकर परिजनों के साथ मतभेद हो सकता है। प्रेम संबंध में गलतफहमियां पनप सकती है। आपके रिश्ते में आपसी विश्वास की कमी नजर आएगी और आप अपने प्रेम या बात को सही तरीके से प्रदर्शित नहीं कर पाएंगे।

उपाय: प्रतिदिन केसर या हल्दी का तिलक लगाएं और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

11 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना बड़े बदलाव को लिए रहने वाला है। इनमें से कुछ आपके लिए सकारात्मक तो कुछ नकारात्मक साबित हो सकते हैं। अक्तूबर महीने की शुरुआत में आपको अपने कामकाज में खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान भूलकर भी अपने काम को किसी के भरोसे छोड़ने की गलती न करें। सेहत और संबंध को लेकर भी माह के पूर्वार्ध में सतर्क रहें। इस दौरान परिवार के किसी सदस्य से जुड़ी समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेगी। इस माह आपको आर्थिक दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए माह की शुरुआत से धन का प्रबंधन करके चलें। करियर-कारोबार की दृष्टि से माह का दूसरा सप्ताह सामान्य फलदायक रहेगा तो वहीं माह के मध्य में आपको छोटे-छोटे कार्यों को भी पूरा करने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करने होंगे।

इस दौरान किसी निकट सहयोगी की मदद से आपके अधूरे कार्य अंतत: पूरे होंगे और आपको निर्वाह योग्य धन की प्राप्ति होगी। करियर-कारोबार की दृष्टि से उत्तरार्ध का समय बड़े बदलाव लिए रहने वाला है। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों का तबादला या फिर कार्यक्षेत्र में उनकी जिम्मेदारियां बदल सकती हैं। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस दौरान जोखिम भरे निवेश से बचना होगा। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए इस माह आपको सोच-समझकर फैसले करने होंगे। माह के मध्य में किसी बात को लेकर पारिवारिक शांति भंग होने की आशंका है। माता की खराब सेहत भी आपकी चिंता का विषय बन सकती है। प्रेम प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं।

उपाय: प्रतिदिन भगवान हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।

12 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद कहा जाएगा। इस माह आपको किस्मत का पूरा साथ मिलेगा। इस माह नौकरीपेशा लोगों की पदोन्नति के योग बनेंगे। कार्यक्षेत्र में आपके कामकाज की तारीफ होगी। सौभाग्य का साथ मिलने से आपके लंबे समय से अटके कार्यों में प्रगति होगी। माह के पहले सप्ताह में किसी बड़ी समस्या का समाधान निकलने से आप राहत की सांस लेंगे। यह समय आर्थिक दृष्टि से उत्तम और लाभकारी कहा जाएगा। इस दौरान आपको कारोबार में मनचाहा लाभ होगा। व्यवसाय से जुड़ी यात्राएं सुखद एवं सफल साबित होंगी। इस दौरान आकस्मिक धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। बाजार में फंसा धन या फिर पूर्व में किए गए निवेश से खासा लाभ मिल सकता है।

हालांकि माह के मध्य का समय सेहत की दृष्टि से कुछ विपरीत कहा जाएगा। इस दौरान आप मौसमी बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। इस दौरान आपको स्वयं के साथ अपने जीवनसाथी के स्वास्थ्य का भी विशेष ख्याल रखने की आवश्यकता रहेगी। माह के उत्तरार्ध में कुंभ राशि के जातकों का मन धार्मिक-आध्यात्मिक कार्यों में खूब रमेगा। इस दौरान अचानक से तीर्थाटन का प्रोग्राम बन सकता है। घर में धार्मिक-मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। रिश्ते-नाते सामान्य बने रहेंगे। परिवार के सदस्यों की तरफ से सुख-सहयोग की प्राप्ति होगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। पारस्परिक प्रेम और विश्वास में वृद्धि होगी। संतान पक्ष की प्रगति से मन प्रसन्न रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा एवं शिव चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
मासिक राशिफल - फोटो : amarujala
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना मिश्रित फलदायक कहा जाएगा। इस मास चीजें कभी आपके मन मुताबिक बनती हुई तो कभी अचानक से बिगड़ती हुई नजर आएंगी। ऐसे में मीन राशि के जातकों को माह की शुरुआत से ही अपनी ऊर्जा, समय और कार्य का प्रबंधन करके चलना उचित रहेगा। माह की शुरुआत में आपको कारोबारी मामलों पूर्व की भांति सफलता मिलती रहेगी लेकिन माह के दूसरे सप्ताह में आपको मार्केट में अपनी साख को बनाए रखने और मनचाहा लाभ पाने के लिए अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को इस मास अपने कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर चलने की जरूरत रहेगी। मीन राशि के जातकों को इस मास किसी भी कार्य में शॉर्टकट लेने या फिर नियमों के उल्लंघन करने से बचना चाहिए अन्यथा उन्हें बेवजह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती है।

माह के उत्तरार्ध में परिवार के किसी सदस्य से जुड़ी परेशानी आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेगी। इस दौरान आपको अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखते हुए लोगों के साथ विनम्रता से पेश आना होगा। आर्थिक दृष्टि से यह समय उतार-चढ़ाव भरा कहा जाएगा। इस दौरान कुछेक बड़े खर्च आने से आपका बना-बनाया बजट गड़बड़ा सकता है। रिश्ते-नातों को बेहतर बनाने के लिए मीन राशि के जातकों को इस माह विशेष प्रयास करने होंगे। माह के पूर्वार्ध में किसी बात को लेकर पारिवारिक सुख-शांति भंग होने की आशंका रहेगी। किसी भी पारिवारिक मसले को धैर्य और विवेक से सुलझाएं। प्रेम प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा एवं नारायण कवच का पाठ करें।

बृहस्पति नक्षत्र गोचर 2026: अश्लेषा नक्षत्र के चौथे पद में गुरु का प्रवेश, इन 6 राशियों को होगा लाभ
 
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।   
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें