फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

July Monthly Horoscope: ग्रहों की चाल के साथ क्या बदलेंगे आपके सितारे? यहां पढ़ें जुलाई का मासिक राशिफल

Tue, 01 Jul 2025 02:14 PM IST
श्वेता सिंह ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ग्रहों की चाल जुलाई में नया मोड़ ले रही है। बृहस्पति का उदय, शनि का वक्री होना, सूर्य और बुध के गोचर ये सभी परिवर्तन राशियों पर असर डालेंगे। किसी के लिए तरक्की के द्वार खुलेंगे तो किसी को धैर्य की कसौटी से गुजरना होगा। आइए जानते हैं, जुलाई 2025 में आपकी राशि के सितारे क्या संकेत दे रहे हैं।

जुलाई 2025: प्रमुख संकेत
  • जिन राशियों को सितारों से विशेष सहयोग मिलेगा:  वृषभ, कर्क, कुंभ, मीन  
  • जिन्हें सतर्कता बरतनी चाहिए: मेष, मिथुन, सिंह, मकर  
  • प्रेम संबंधों के लिए श्रेष्ठ समय: तुला, वृश्चिक, मीन  
  • करियर और व्यवसाय में प्रगति की प्रबल संभावना: वृषभ, मिथुन, कन्या, धनु
विज्ञापन
1 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : amar ujala
July Masik Rashifal: जुलाई का महीना वर्ष का एक ऐसा समय है जब आकाश में ग्रहों की गति कुछ विशेष संकेत देती है। इस माह में चार प्रमुख ग्रह गुरु, शनि, सूर्य और बुध  अपनी स्थिति और चाल में परिवर्तन करेंगे, जो संपूर्ण बारह राशियों पर गहरा प्रभाव डालेंगे। माह की शुरुआत में ही देवगुरु बृहस्पति का मिथुन राशि में उदय होना (9 जुलाई) ज्ञान, बुद्धि और संचार के क्षेत्र में नई ऊर्जा देगा। 13 जुलाई को मीन राशि में शनि के वक्री होने से कर्मों की परीक्षा का समय आ सकता है। 16 जुलाई को सूर्य का कर्क राशि में गोचर पारिवारिक और भावनात्मक पक्ष को उजागर करेगा, और 18 जुलाई को बुध का वक्री होना निर्णयों और संप्रेषण में सावधानी की मांग करेगा।
Shukra Gochar 2025: आज शुक्र करेंगे वृषभ राशि में गोचर, इन सात राशि वालों के जीवन में आएगी समृद्धि और ऐश्वर्य
इन ज्योतिषीय घटनाओं का प्रभाव प्रत्येक राशि पर पड़ेगा। कुछ राशियां इस माह नई ऊंचाइयां छू सकती हैं। नौकरी में तरक्की, व्यवसाय में लाभ और शिक्षा में सफलता के योग बनेंगे। वहीं कुछ जातकों को संयम और धैर्य के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता होगी। इस मासिक राशिफल में हम जानेंगे कि ग्रहों की इन चालों के बीच आपकी राशि के लिए जुलाई का महीना क्या लेकर आया है। 
Ketu Gochar: जुलाई में केतु करेंगे नक्षत्र परिवर्तन, 3 राशियों की होगी आर्थिक स्थिति मजबूत
विज्ञापन

2 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मेष राशि
(अग्नि तत्व, स्वामी: मंगल)
उत्साही, तेज, लीडरशिप वाले पर स्वभाव में जल्दी प्रतिक्रिया करने वाले। मंगल साहस, ऊर्जा और क्रोध का प्रतीक है।

मेष राशि के जातकों के लिए जुलाई का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। ऐसे में आपको जुलाई की शुरुआत से समय, धन और ऊर्जा का सही तरीके से प्रबंधन करके चलना होगा। माह की शुरुआत में आपको परिश्रम के मुकाबले कुछ कम फल की प्राप्ति होगी। इस दौरान करियर-कारोबार की प्रगति को लेकर आपका मन चिंतित रहेगा। माह के दूसरे सप्ताह में भी आपको भाग्य का अपेक्षित सहयोग नहीं प्राप्त हो पाएगा। इस दौरान आप व्यर्थ की चिंताओं से घिरे रहेंगे। दैनिक कार्यों में अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। विरोधी सक्रिय रहेंगे।

माह के मध्य में आपकी समस्याओं में कुछ कमी देखने को मिल सकती है, लेकिन वह भी आंशिक रहेगी। इस दौरान आपको कामकाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने से बचना होगा। आर्थिक दृष्टि से यह समय आपके लिए राहत भरा रह सकता है। व्यवसाय से जुड़े लोगों का कामकाज इस दौरान तेजी से आगे बढ़ेगा और मनचाहा लाभ भी प्राप्त होगा। नौकरीपेशा लोगों की आय के नये साधन बनेंगे। हालांकि इस दौरान कामकाज की व्यस्तता और दिनचर्या बिगड़ने के कारण आपके भीतर शारीरिक एवं मानसिक थकान बनी रहेगी।

जुलाई माह के उत्तरार्ध में आपको एक बार फिर से कुछेक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान परिवार में किसी बुजुर्ग की सेहत और भूमि-भवन से जुड़े मामले आपकी चिंता का कारण बन सकते हैं। मेष राशि के जातकों को जुलाई महीने में अपने संबंधों को मधुर और प्रगाढ़ बनाए रखने के लिए विवाद की बजाय संवाद का सहारा लेना होगा। पूरे महीने घर और बाहर लोगों के साथ तालमेल बनाकर चलना श्रेयस्कर रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमत उपासना और बजरंग बाण का पाठ करें। मंगलवार के दिन हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं।
विज्ञापन

3 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
वृषभ राशि
(पृथ्वी तत्व, स्वामी: शुक्र)
स्थिर, विलासप्रिय और व्यवहारिक। शुक्र भौतिक सुख, प्रेम और कला का कारक है।

वृष राशि के जातकों के लिए जुलाई के मध्य का कुछ समय यदि छोड़ दें तो पूरा महीना शुभता और सौभाग्य को लिए हुए है। इस माह आपके सपने साकार होते हुए नजर आएंगे। जिन अवसरों को पाने के लिए आप लंबे समय से राह तक रहे थे, इस माह वे खुद आपकी झोली में आ गिरेंगे। माह की शुरुआत में करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्राएं हो सकती हैं। यात्रा सुखद एवं लाभप्रद साबित होगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों का जबरदस्त दौर प्रारंभ होगा। मार्केट में उनकी साख बढ़ेगी। इस माह आप भविष्य से जुड़े कई बड़े फैसले ले सकते हैं। छात्रों को उनके परिश्रम का पूरा फल प्राप्त होगा। करियर-कारोबार के साथ निजी जीवन में आ रही बाधाएं दूर होंगी। घर और बाहर दोनों जगह लोगों से सुख-सहयोग प्राप्त होगा।

माह के मध्य में आपके द्वारा किए जाने वाले प्रयासों के परिणाम में कुछ कमीपेशी देखने को मिल सकती है। इस दौरान कारोबार में अपेक्षाकृत कुछ कम लाभ होगा। नौकरीपेशा लोगों पर कार्यक्षेत्र में कामकाज का अतिरिक्त बोझ बना रहेगा, लेकिन यह स्थिति लंबे समय तक नहीं रहेगी और माह के उत्तरार्ध तक सभी चीजें एक बार फिर पटरी पर आ जाएंगी। इस दौरान आपको करियर और कारोबार में तेजी से प्रगति होती नजर आएगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह आपके लिए शुभ रहने वाला है। घर-परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा। प्रेम संबंध में अनुकूलता बनी रहेगी। सेहत सामान्य रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन श्री लक्ष्मीनारायण भगवान की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

4 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मिथुन राशि
(वायु तत्व, स्वामी: बुध)
चंचल, बुद्धिमान, संवादप्रिय। बुध तर्क, संचार और व्यापार का ग्रह है।

मिथुन राशि के जातकों के लिए जुलाई महीने का पूर्वार्ध, उत्तरार्ध के मुकाबले कहीं ज्यादा शुभता और सौभाग्य लिए रहने वाला है। ऐसे में आपको अपने करियर-कारोबार से जुड़े बड़े निर्णय और महत्वपूर्ण कार्यों को इसी दौरान करने चाहिए। यदि आप बेरोजगार हैं तो इस दौरान प्रयास करने पर रोजी-रोजगार से जुड़ी समस्या दूर हो सकती है। इस दौरान घर और बाहर दोनों जगह आत्मीय लोगों से सुख-सहयोग प्राप्त होगा। मिथुन राशि के जातकों के लिए जुलाई माह का दूसरा सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। यदि आप बीते कुछ समय से किसी समस्या को लेकर काफी परेशान चल रहे थे तो इस दौरान उसका हल निकल आएगा। नौकरीपेशा लोगों की मनचाही जगह पर नियुक्ति या फिर तबादले की कामना पूरी हो सकती है।

कारोबार में चली आ रही मंदी दूर होगी। अटके हुए धन की प्राप्ति संभव है। इस दौरान आप किसी बड़ी योजना में निवेश कर सकते हैं, हालांकि ऐसा करते समय अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लें। माह के मध्य से लेकर उत्तरार्ध तक आपके जीवन में कुछेक बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान आपको भावनाओं में बहने की बजाय विवेक से निर्णय लेने की आवश्यकता रहेगी। मिथुन राशि के जातकों को इस दौरान सेहत और धन से जुड़ी समस्याओं से जूझना पड़ सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से भी जुलाई के महीने का उत्तरार्ध थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखें।

उपाय: प्रतिदिन किचन में बनी पहली रोटी गाय को खिलाएं और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करते हुए श्रीकृष्णाष्टकं का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कर्क राशि
(जल तत्व, स्वामी: चंद्रमा)

संवेदनशील, पोषण देने वाले, घरेलू। चंद्रमा भावनाओं और मन का कारक है।

कर्क राशि के जातकों के लिए जुलाई माह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस महीने की शुरुआत से ही आपको कार्यों में कुछेक बाधाएं देखने को मिल सकती हैं। मनचाहे तरीके से कार्य न पूरे होने और विरोधियों द्वारा रचे जाने वाले षड्यंत्र आदि को लेकर आपका मन खिन्न रह सकता है। माह के पूर्वार्ध के समय में आपको छोटी-छोटी बातों पर क्रोध आ सकता है। ऐसे में इस दौरान अपने व्यवहार पर बहुत ज्यादा नियंत्रण करने की आवश्यकता रहेगी, अन्यथा लोगों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। माह के दूसरे सप्ताह में घर की किसी महिला की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को मनचाहे परिणाम के लिए सामान्य से अधिक परिश्रम और प्रयास की आवश्यकता रहेगी।

माह के मध्य में कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी आप पर झूठे आरोप लगाने अथवा कार्यों में विघ्न डालने की कोशिश कर सकते हैं। इस दौरान किसी भी कार्य में लापरवाही आपके लिए जी का जंजाल साबित हो सकती है। हालांकि इस दौरान आपके शुभचिंतक आपकी समस्याओं का समाधान खोजने में मददगार साबित होंगे। माह के तीसरे सप्ताह में कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में राहत मिल सकती है। इस दौरान आपको सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों का सहयोग प्राप्त होगा। कर्क राशि के जातकों को इस माह अपनी सेहत और संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान देना होगा। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं।

उपाय: प्रतिदिन शिवलिंग पर दूध एवं जल चढ़ाएं तथा शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
daily rashifal - फोटो : daily rashifal
सिंह राशि
(अग्नि तत्व, स्वामी: सूर्य)

आत्मविश्वासी, प्रभावशाली, नेतृत्वकर्ता। सूर्य आत्मबल और प्रतिष्ठा का प्रतीक है।

सिंह राशि के जातकों के लिए जुलाई का महीना मिलाजुला रहने वाला है। माह का पूर्वार्द्ध आपके लिए अनुकूलता लिए रहने वाला है। इस दौरान आपके सोचे हुए अधिकांश कार्य समय पर पूरे होते हुए नजर आएंगे। कार्यक्षेत्र में सहयोगियों के साथ कुछेक मतभेद अथवा असहमति के बावजूद अंततः चीजें आपके पक्ष में जाएंगी। करियर की तरह कारोबार के लिए भी जुलाई महीने का पूर्वार्ध आपके लिए अत्यंत ही शुभ एवं लाभदायक रहने वाला है। इस दौरान आपकी दैनिक आय बढ़ेगी। यदि आप विदेश से जुड़े कार्य करते हैं या फिर विदेश में करियर-कारोबार के लिए प्रयासरत हैं तो आपको इस दिशा में सकारात्मक फलों की प्राप्ति होगी। माह के मध्य तक विदेश यात्रा के योग भी बन सकते हैं।

माह के पूर्वार्ध में जहां आपको विभिन्न स्रोतों से आय होगी, वहीं इस दौरान आप तमाम चीजों पर खुले हाथ से जमकर खर्च करेंगे। इस दौरान आपको भूमि-भवन अथवा वाहन सुख की प्राप्ति संभव है। माह के मध्य में आपकी परिस्थितियों में अचानक बड़ा बदलाव आ सकता है। इस दौरान लोग आपकी बातों का गलत अर्थ निकाल सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर के साथ तालमेल बिठाने में दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान आपको करियर-कारोबार से जुड़ा कोई भी बड़ा निर्णय भावनाओं में बहकर लेने से बचना होगा, अन्यथा बाद में पछतावा करना पड़ सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से भी जुलाई माह का उत्तरार्ध थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान कुटुंब में किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है।

उपाय: प्रतिदिन भगवान सूर्यदेव को जल चढ़ाएं और आदित्य हृदय स्तोत्र का तीन बार पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कन्या राशि 
(पृथ्वी तत्व, स्वामी: बुध)

विश्लेषणात्मक, जिम्मेदार, व्यवहारिक। बुध व्यवस्थित सोच और संवाद का कारक है।

कन्या राशि के जातकों को जुलाई के महीने के पूर्वार्ध में भाग्य से ज्यादा अपने कर्म पर भरोसा करना होगा। यदि आप ऐसा करते हुए अपनी ऊर्जा, समय आदि का सदुपयोग कर पाते हैं तो आप न सिर्फ तमाम तरह की परेशानियों से उबरने में कामयाब हो जाएंगे, बल्कि कार्य विशेष में मनचाही सफलता भी हासिल करेंगे। माह के पहले सप्ताह में आपको अपने कार्यों को लेकर तनाव लेने की बजाय उसे सुनियोजित तरीके से करने का प्रयास करना होगा। इस दौरान आप सफलता के लिए न सिर्फ शॉर्टकट अपना सकते हैं, बल्कि रहस्यमयी गतिविधियों की तरफ भी मुड़ सकते हैं।

माह के दूसरे सप्ताह के अचानक से कुछेक बड़े खर्चों के आने से आपका बजट गड़बड़ा सकता है। इस दौरान लव पार्टनर अथवा लाइफ पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर रिश्तों में खटास आ सकती है। ऐसे में आपको अपने मन-मिज़ाज पर काबू पाते हुए भावनात्मक संतुलन साधने की बहुत ज्यादा आवश्यकता रहेगी। कन्या राशि के जातकों को माह के मध्य में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। इस दौरान आपकी मुलाकात किसी प्रभावी व्यक्ति से संभव है, जिसकी मदद से भविष्य में लाभप्रद योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। माह के मध्य से उत्तरार्ध तक का समय आपके लिए पूरी तरह से अनुकूल रहेगा। इस दौरान घर और बाहर दोनों जगह आपको लोगों का सहयोग और समर्थन मिलेगा। लव पार्टनर के साथ उपजी गलतफहमियां दूर होंगी। वैवाहिक जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी को दूर्वा चढ़ाकर "गणपति सहस्त्रनाम" का पाठ करें।

8 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
तुला राशि 
(वायु तत्व, स्वामी: शुक्र)

संतुलनप्रिय, कलाप्रेमी, सहयोगी। शुक्र प्रेम, सौंदर्य और संबंधों का स्वामी।

तुला राशि के जातकों के लिए जुलाई माह के पूर्वार्ध का थोड़ा समय यदि छोड़ दिया जाए, तो पूरा महीना सुख-समृद्धि लिए रहने वाला है। माह की शुरुआत में तुला राशि के जातकों को छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने के लिए अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान आपको अपने विरोधियों से बहुत ज्यादा सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। यदि बीते कुछ समय से किसी समस्या को लेकर परेशान चल रहे थे तो माह के शुरुआती दो हफ्तों तक इससे राहत मिलने के आसार नहीं नजर आ रहे हैं। ऐसे में इस दौरान धैर्य और विवेक का इस्तेमाल करते हुए समस्याओं का समाधान खोजने का प्रयास करें। माह के दूसरे सप्ताह में घरेलू विवाद के चलते आपका मन व्यथित रहेगा। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों पर कामकाज का अतिरिक्त बोझ बना रहेगा। विरोधी आपकी मान-प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए षड्यंत्र रच सकते हैं।

हालांकि आप अपने विवेक से उन सभी को अंततः परास्त करने में कामयाब हो जाएंगे। व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में आने वाली दिक्कतों से विचलित नहीं होना चाहिए क्योंकि माह के मध्य से कारोबार में सकारात्मक बदलाव दिखने शुरू हो जाएंगे। माह के उत्तरार्ध का समय करियर-कारोबार की दृष्टि से अत्यंत ही शुभ और लाभदायी रहने वाला है। इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। माता-पिता की तरफ से विशेष समर्थन और सहयोग प्राप्त होगा। सेहत सामान्य रहेगी। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। छात्रों को जुलाई माह के अंत में सुखद समाचार की प्राप्ति संभव है।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की सफेद चंदन से पूजा एवं चालीसा का पाठ करें।

9 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक राशि
(जल तत्व, स्वामी: मंगल)

रहस्यमयी, गहरे विचारों वाले, तीव्र इच्छा शक्ति वाले। मंगल पराक्रम और जुनून का कारक।

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए जुलाई मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस पूरे माह आपके जीवन में सुख-दुख धूप और छांव की तरह आते-जाते रहेंगे। कभी चीजें आपके मनमुताबिक होंगी तो कभी आपको खुद से समझौता करना पड़ेगा। वृश्चिक राशि के जातकों को पूरे माह अपने खानपान, वाणी और व्यवहार आदि पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता रहेगी, अन्यथा सेहत और संबंध दोनों ही बिगड़ सकते हैं। माह के पूर्वार्ध में कुछेक चीजों पर अनावश्यक खर्च हो सकता है, जिसके चलते आपकी जमा-पूंजी प्रभावित हो सकती है। कुल मिलाकर इस दौरान आपकी आय के मुकाबले व्यय की अधिकता रहेगी।

माह के दूसरे सप्ताह में आपको किसी नये कार्य की शुरुआत करते समय अथवा किसी कार्ययोजना से जुड़ा बड़ा निर्णय लेने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। इस दौरान असमंजस अथवा जल्दबाजी में कोई गलत निर्णय लेने की गलती न करें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है। यदि आप किसी विशेष योजना पर कार्य कर रहे हैं, तो उसके पूरे होने से पहले उसका महिमामंडन करने से बचें। माह के उत्तरार्ध में आपको कामकाज से जुड़ी भले ही कुछ मुश्किलें आएं, लेकिन अंततः चीजें आपके ही पक्ष में जाएंगी। इस दौरान घर और बाहर दोनों जगह आत्मीय लोगों से सहयोग और समर्थन मिलने पर आप महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक कर पाएंगे। सेहत और संबंध की दृष्टि से भी यह समय अत्यंत ही सुखद रहने वाला है। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी। लव पार्टनर के साथ अच्छी ट्यूनिंग बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।

10 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
धनु राशि
(अग्नि तत्व, स्वामी: बृहस्पति)

आध्यात्मिक, खुला सोचने वाले, न्यायप्रिय। गुरु ज्ञान, धर्म और विकास का प्रतीक है।

धनु राशि के जातकों के लिए जुलाई महीने की शुरुआत थोड़ी उठापटक भरी रह सकती है। इस दौरान कामकाज में अनावश्यक बाधाएं आने के कारण मन हताश रहेगा। सोचे हुए कार्यों के समय पर न पूरे होने से आत्मविश्वास में कमी देखने को मिलेगी। हालांकि यह स्थिति लंबे समय तक नहीं रहेगी और दूसरे सप्ताह से तमाम तरह की समस्याओं का समाधान निकलता हुआ दिखेगा। इस दौरान आपके संबंध प्रभावी लोगों के साथ बनेंगे, जिनके साथ लाभदायी योजना से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होगा। यदि आप कार्यालय में पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं, तो आपकी यह इच्छा माह के अंत तक पूरी हो सकती है। इस माह आपको भूमि-भवन आदि का सुख प्राप्त होगा। पैतृक संपत्ति की प्राप्ति में आ रही अड़चनें जुलाई माह के मध्य तक दूर हो सकती हैं। इस दौरान आपकी आय में वृद्धि के योग बनेंगे।

यदि आप व्यवसाय करते हैं तो इस दौरान कारोबार के सिलसिले में की जाने वाली यात्राएं अत्यंत ही फलदायी साबित होंगी। पूर्व में किए गये निवेश से धन लाभ की प्राप्ति भी संभव है। माह के उत्तरार्ध का समय एक बार फिर आपके लिए थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान आपको अपनी सेहत और अपने संबंधों पर फोकस करने की आवश्यकता रहेगी। आपकी एक छोटी सी बात पर वर्षों से चले आ रहे संबंध में दरार आ सकती है या फिर संबंध टूट सकते हैं। इस माह धनु राशि के जातक प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और अपने लव पार्टनर पर हावी होने से बचें।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और पूजा में श्री हरि की आराधना करते हुए नारायण कवच का पाठ करें।

11 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मकर राशि
(पृथ्वी तत्व, स्वामी: शनि)

परिश्रमी, अनुशासित, लक्ष्य केंद्रित। शनि कर्म, न्याय और सब्र का ग्रह है।

मकर राशि के जातकों के लिए जुलाई का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। महीने की शुरुआत में आप पाएंगे कि जितनी आय नहीं है, उससे कहीं ज्यादा खर्च आपके सामने आ रहे हैं। ऐसे में आपको आर्थिक संतुलन बनाए रखना थोड़ा मुश्किल साबित होगा। इस दौरान आपके अपने भी आपसे बेगार करवाने की कोशिश करेंगे। मकर राशि के जातकों को माह के पूर्वार्ध में नियम-कानून का उल्लंघन करने से बचना होगा, अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ अपमान झेलना पड़ सकता है। इस दौरान आलस्य से बचें और कागजी काम समय पर निबटाएं। यदि आप किसी नई चीज की शुरुआत करना चाह रहे हैं तो उसके लिए अनुकूल समय का इंतजार करना बेहतर रहेगा।

माह के पूर्वार्ध में किसी बात को लेकर कार्यक्षेत्र में अपने बॉस से अथवा घर में अपने पिता से अनबन हो सकती है। इस दौरान लोगों पर हावी होने की बजाय उनकी भावनाओं को समझें और बेहतर तालमेल बनाकर चलें। कुटुंब में आपसी प्रेम और सद्भाव बना रहे, इसके लिए पारिवारिक मसलों को विवाद की बजाय संवाद से सुलझाने का प्रयास करें। माह के मध्य में मौसमी बीमारी अथवा किसी पुराने रोग के उभरने पर लापरवाही न बरतें, अन्यथा शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ सकती है। इस दौरान भाई-बहनों के साथ किसी बात को लेकर अनबन होने की आशंका बनी रहेगी। माह के उत्तरार्ध में करीबी लोगों द्वारा समय पर साथ न देने के कारण मन दुखी रहेगा। कठिनाई भरे इस समय में लोगों से किसी प्रकार की बुराई मोल लेने की बजाय परिस्थितियों से तालमेल बिठाना ही उचित रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन बेलपत्र अथवा शमी पत्र चढ़ाकर देवों के देव महादेव की पूजा एवं लिंगाष्टकं का पाठ करें।

12 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कुंभ राशि
(वायु तत्व, स्वामी: शनि)

स्वतंत्र विचारों वाले, सुधारवादी, मानवतावादी। शनि जिम्मेदारी और परिपक्वता का प्रतीक।

कुंभ राशि के जातकों के लिए जुलाई महीने में मध्य का कुछ समय यदि छोड़ दिया जाए, तो पूरा माह शुभता और सौभाग्य लिए रहने वाला है। इस माह आप जिस कार्य का बीड़ा उठाएंगे, उसे समय पर बेहतर तरीके से करते हुए अंततः मनचाहे रूप में पूरा करने में कामयाब हो जाएंगे। कार्यक्षेत्र में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। सीनियर आप पर पूरी तरह से मेहरबान नजर आएंगे। माह की शुरुआत से ही आपको कारोबार में लाभ होगा और दैनिक आय बढ़ेगी। इस दौरान आपकी आय के नये स्रोत बनेंगे और आप योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को अंजाम देंगे।

माह के दूसरे सप्ताह में आप धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों में व्यस्त रह सकते हैं। इस दौरान अचानक से तीर्थाटन के भी योग बनेंगे। इस अवधि में प्रत्येक कार्य मन मुताबिक होने से आपका जोश एवं पराक्रम बढ़ा रहेगा। माह के मध्य में अचानक से करियर-कारोबार में कुछेक बाधाएं आ सकती हैं। इस दौरान आपकी आय में अचानक से गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि कठिन परिश्रम और प्रयास के जरिए आप खुद को इस स्थिति से उबार लेंगे और जुलाई महीने के तीसरे हफ्ते तक करियर-कारोबार पटरी पर आ जाएगा। माह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को उच्चाधिकारियों से प्रशंसा-पुरस्कार मिलने के योग बनेंगे। इस दौरान आप अपने कारोबार को विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। कारोबारी मामले में संतोषजनक प्रगति से मन हर्षित रहेगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा माह आपके लिए अनुकूल है। परिजनों एवं इष्ट-मित्रों आदि के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे। लव पार्टनर अथवा लाइफ पार्टनर के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
जुलाई मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मीन राशि
 (जल तत्व, स्वामी: बृहस्पति)

दयालु, भावनात्मक, रचनात्मक। गुरु करुणा, उच्च सोच और विस्तार का स्वामी।

मीन राशि के जातकों के लिए जुलाई का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। जुलाई माह के पूर्वार्ध में आपको दूसरे के मामले में टांग अड़ाने की बजाय खुद के लक्ष्यों पर फोकस करने की आवश्यकता रहेगी यदि आप इस दौरान लोगों के साथ उलझने की बजाय अपने काम को समयबद्ध तरीके से करने का प्रयास करेंगे, तो आपको निश्चित रूप से मनचाही सफलता मिलेगी। माह का पूर्वार्ध कुछ मुश्किलों भरा रह सकता है। इस दौरान अचानक कुछेक बड़े खर्च आ जाने से आपका बना-बनाया बजट गड़बड़ा सकता है। जुलाई महीने के दूसरे सप्ताह में घर की किसी बुजुर्ग महिला की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। इस दौरान कार्यक्षेत्र में भी कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ जाने के कारण आपको अधिक परिश्रम और प्रयास करना पड़ सकता है।

यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं, तो माह के मध्य तक मंदी का सामना करने के बाद उत्तरार्ध में इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों की मदद से कारोबार को आगे बढ़ाने में आप कामयाब होंगे। यदि आप कोर्ट-कचहरी से जुड़े किसी मामले को लेकर परेशान चल रहे थे, तो उसमें आपको राहत मिल सकती है। यह समय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए भी अनुकूल रहने वाला है। उच्च शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास सफल होंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह सामान्य रहने वाला है। माह की शुरुआत में आपका मन सामाजिक कार्यों में खूब रमेगा। भाई-बहनों के साथ आपके संबंध आमतौर पर अच्छे रहेंगे। विवाहित लोगों का जीवन सुखमय बना रहेगा। महीने के उत्तरार्ध में जीवनसाथी के साथ किसी पर्यटन स्थल पर जाकर हंसी-खुशी समय बिताने का अवसर प्राप्त होगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में चालीसा का सात बार पाठ करें। शनिवार के दिन आटे का चौमुखा दीया बनाकर सरसों का तेल डालकर जलाएं।



डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें