फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

February Monthly Horoscope: सभी 12 राशियों के लिए फरवरी का महीना कैसा रहेगा, पढ़ें मासिक राशिफल

Thu, 01 Feb 2024 07:37 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 12
फरवरी माह का मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मेष 
मेष राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना परिश्रम का पूरा फल दिलाने वाला साबित होगा। इस महीने आप जिस भी दिशा में पूरे लगन से काम करेंगे आपको उसमें आपको मनोकूल परिणाम प्राप्त होंगे। फरवरी महीने के प्रारंभ में आपको कार्यक्षेत्र में कुछेक समस्याएं आ सकती हैं लेकिन आप अपनी बुद्धि और विवेक के बल पर उनका समाधान खोजने और अपना बेस्ट देने में कामयाब होंगे। इस दौरान आपके जूनियर आपके साथ पूरा सहयोग करते हुए नजर आएंगे।

माह के प्रारंभ में आपको अपने करियर-कारोबार के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा सुखद एवं शुभ फल देने वाली साबित होगी। माह का दूसरा सप्ताह विदेश से जुड़े कार्य करने और विदेश में उच्च शिक्षा के लिए प्रयासरत लोगों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस दौरान पूर्व में किए गये निवेश से फायदा होगा तो वहीं नौकरीपेशा लोगों का कद और पद बढ़ेगा। विभिन्न स्रोतों से कमाई होने पर आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

फरवरी माह के मध्य का समय मिलाजुला रहने वाला है। इस दौरान आपको व्यवसाय से जुड़े लोगों को थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आपको हड्डी से जुड़े रोग या चोट लगने की आशंका बनी रहेगी। करियर-कारोबार के लिए माह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा अच्छे परिणाम देने वाला साबित होगा। इस दौरान धन की आवक बढ़ेगी। कारोबार में विस्तार होगा। रोजी-रोजगार की मनोकामना पूरी होगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह कभी गरम तो कभी नरम रहने वाला है।

माह के प्रारंभ में आपके अपने आत्मीयजनों के साथ किसी गलतफहमी के चलते संबंध बिगड़ सकते हैं, लेकिन यह गलतफहमी दूसरे हफ्ते तक दूर हो जाएगी और एक बार फिर आपके रिश्ते पटरी पर आ जाएंगे। माह के मध्य में आपका अपने लव पार्टनर के साथ रिश्ता बेहद मजबूत होता नजर आएगा। इस दौरान लव पार्टनर के साथ आप सुखद समय व्यतीत करेंगे। सुख-साधन में वृद्धि के कारण घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। जीवनसाथी के साथ रिश्ते मधुर बने रहेंगे और वह आपका पूरा ख्याल रखेगा। 

उपायः प्रतिदिन देवी दुर्गा एवं श्रीयंत्र की पूजा करें तथा श्रीसूक्त का पाठ करें। 
विज्ञापन

2 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना कभी घी घना तो कभी सूखा चना जैसा रहने वाला है। इस माह आप किसी भी कार्य में जितने मन से प्रयास और परिश्रम करेंगे आपको उतना ही फल प्राप्त होगा। ऐसे में इस माह आपको मिले हुए अवसर को खोए बगैर उसके लिए पूरी जी जान लगा देनी चाहिए। यदि आप परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हैं या फिर आपको रोजी-रोजगार की तलाश है तो आपको माह के पूर्वार्ध में प्रयास करने पर मनचाही सफलता प्राप्त हो सकती है। इस दौरान आपको आलस्य और अभिमान से बचना होगा।

माह के पूर्वार्ध में आपको अपने शुभचिंतकों और वरिष्ठों की बात को अनसुना करने से बचना चाहिए। इस दौरान बड़े फैसलों को बहुत सोच-समझकर लेना चाहिए क्योंकि इस दौरान लिया गया निर्णय भविष्य में आपकी हानि या लाभ का बड़ा कारण बनेगा। माह के मध्य में आपके सितारे एक बार फिर बुलंदी पर नजर आएंगे। इस दौरान आपको कार्यक्षेत्र में अपने वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों का सहयोग प्राप्त होगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में खूब लाभ भी होगा लेकिन आय के मुकाबले खर्च की अधिकता बनी रहेगी।

इस दौरान आप अपनी सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर खूब पैसा खर्च करेंगे। भूमि-भवन के क्रय विक्रय की कामना भी पूरी हो सकती है। यदि आप पार्टनरशिप में व्यवसाय करते हैं तो महीने के उत्तरार्ध में साझेदार के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना थोड़ा मध्यम रहने वाला है। इस माह आपको अपने माता-पिता की सेहत पर विशेष ध्यान देना होगा। खट्टी-मीठी तकरार के साथ आपकी लव लाइफ चलती रहेगी। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। 

उपायः स्फटिक से बने शिवलिंग की प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा एवं शिव चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
मिथुन 
मिथुन राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने के पहले सप्ताह में अपने संबंध और सेहत दोनों पर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान स्वजनों के साथ किसी बात को लेकर वाद-विवाद होने की आशंका है। मिथुन राशि के जातकों को इस दौरान कार्यक्षेत्र में अपने विरोधियों से खूब सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। कार्यक्षेत्र में व्यक्ति विशेष के कारण आपको बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान खर्च की अधिकता बनी रहने के कारण आप पर मानसिक के साथ आर्थिक दबाव भी बना रहेगा। यदि आप पेशेवर जीवन में सूझबूझ के साथ काम करते हैं तो आप माह के मध्य तक तमाम तरह की चुनौतियों को आसानी से पार करते हुए अपना लोहा मनवा सकते हैं।

इस माह आपको अपनी ऊर्जा और धन का प्रबंधन करके चलना उचित रहेगा। जो लोग रोजी-रोजगार के लिए भटक रहे हैं, उन्हें माह के मध्य तक कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। यह समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए भी अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। फरवरी माह के उत्तरार्ध तक आपकी परिस्थितियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान आपके साथी-संगी आपकी भरपूर मदद करते नजर आएंगे। कारोबार में खूब मुनाफा होगा।

नौकरीपेशा लोगों की आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे। रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए मिथुन राशि के जातकों को इस माह बेहद संभल कर बात-व्यवहार करने की आवश्यकता बनी रहेगी। माह की शुरुआत में आपकी बात से बात बनेगी और आपकी बात से ही बात बिगड़ेगी। ऐसे में किसी भी रिश्ते को बनाए रखने के लिए विवाद की बजाय संवाद का सहारा लें। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और उतावलेपन से बचें। 

उपायः प्रतिदिन भगवान श्री गणेश जी की दूर्वा चढ़ाकर उनकी चालीसा का पाठ करें। बुधवार के दिन किन्नर को हरे रंग के वस्त्र और श्रृंगार की सामग्री दान करें।

4 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
कर्क 
कर्क राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना मिलाजुला रहने वाला है। इस माह इस राशि के जातकों को अपनी सेहत, संबंध और करियर तीनों पर पूरी तरह से फोकस करना होगा। फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह को यदि छोड़ दें तो पूरे महीने आपके सामने कामकाज, घर-परिवार और कारोबार आदि को लेकर कोई न कोई चुनौती बनी रहेगी। माह के प्रारंभ में कार्यक्षेत्र में आपको अपनी साख बचाने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा। इस दौरान आपको दूसरों के भरोसे रहने की बजाय अपने बुद्धि और विवेक से कार्य करने होंगे।

फरवरी महीने के पूर्वार्ध में आपका अनचाही जगह पर तबादला अथवा नौकरी में बदलाव संभव है। कार्यक्षेत्र में मनोकूल परिणाम न मिलने के कारण इस दौरान आप खुद को असंतुष्ट पा सकते हैं। स्थिति और ज्यादा न बिगड़ने पाए इसके लिए आपको अपने क्रोध पर काबू पाते हुए सभी समस्याओं का धैर्यपूर्वक समाधान खोजना चाहिए। व्यवसाय की दृष्टि से फरवरी का महीना उतार-चढ़ाव लिए रहेगा। माह के मध्य में जहां आपको अपने कपंटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है तो वहीं माह के उत्तरार्ध में आपका कारोबार एक बार फिर से पटरी पर आता हुआ दिखाई देगा।

इस दौरान विदेश से जुड़े काम करने वाले तथा थोक व्यापारियों को अधिक लाभ होने के आसार बनेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना सामान्य रहने वाला है। सगे-संबंधियों के साथ बेहतर रिश्ते के लिए आपको अहंकार छोड़कर आत्मीयता का सहारा लेना होगा। इसी प्रकार लव लाइफ को बेहतर बनाने के लिए आपको अपने पार्टनर की भावनाओं की कद्र करना होगा। जीवनसाथी के साथ खट्टी-मीठी तकरार के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे। माह के उत्तरार्ध में परिवार संग किसी पर्यटन अथवा धार्मिक स्थल की यात्रा के योग बनेंगे। सेहत की दृष्टि से आपको इस माह संक्रमण वाली बीमारियों के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता रहेगी। विशेष रूप से सफर के दौरान अपनी सेहत और सामान पर ध्यान देना होगा। 

उपायः प्रतिदिन भगवान शिवलिंग पर जल चढ़ाकर शिव चालीसा का पाठ करें तथा किचन में बनी पहली रोटी गाय के लिए निकालें।
विज्ञापन

5 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना मिलाजुला रहने वाला है। फरवरी महीने के पूर्वार्ध में आप पर कामकाज का बोझ बढ़ सकता है। इस दौरान कार्यक्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों के साथ घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने को लेकर मानसिक तनाव बना रहेगा। जीवन से जुड़ी तमाम तरह की मुश्किलों से उबरने के लिए आपको फरवरी महीने के पूर्वार्ध में बहुत संयम से काम लेना होगा। इस दौरान आपको खुद को बेहतर साबित करने के लिए कठिन परिश्रम और अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। 

सिंह राशि के जातकों को फरवरी महीने के पूर्वार्ध में सभी को मिलाजुलाकर चलना उचित रहेगा। फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह में आपको अपने सहकर्मियों के साथ बड़ी दिक्कत झेलनी पड़ सकती है। इस दौरान आपके शुभचिंतक भी आपका साथ नहीं दे पाएंगे। हालांकि फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह में कार्यक्षेत्र से जुड़ी बड़ी परेशानियों से आपको काफी हद तक निजात मिल जाएगी। कारोबार की दृष्टि से भी फरवरी महीने का उत्तरार्ध का समय आपके लिए अत्यंत ही शुभ एवं लाभप्रद रहने वाला है।

इस दौरान व्यवसाय के सिलसिले में की जाने वाली यात्राएं और निर्णय लाभकारी साबित होंगे। इस दौरान आप बड़ा लाभ कमाने के लिए अपनी रणनीतियों में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह महीना उतार-चढ़ाव लिए रह सकता है। इस माह आपको स्वजनों के साथ संबंध को मधुर बनाने के लिए बात-व्यवहार करते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी और आपको दूसरों के साथ वो व्यवहार करने से बचना चाहिए जो आपको स्वयं के लिए पसंद नहीं है। प्रेम संबंध को बेहतर बनाने के लिए आपको आपसी समझ और विश्वास को बढ़ाने का प्रयास करना होगा। फरवरी माह के मध्य में सिंह राशि के जातकों को संबंध के साथ सेहत के मोर्चें पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता रहेगी। 

उपायः प्रतिदिन सूर्य भगवान को जल देकर आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। 
विज्ञापन

6 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने का पूर्वार्ध करियर, कारोबार और संबंध की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में कामकाज का अतिरिक्त बोझ बना रहेगा। विरोधी षडयंत्र रचते हुए नजर आएंगे। व्यवसाय में भी उतार-चढ़ाव की स्थिति से जूझना पड़ सकता है। साझेदारी में व्यवसाय करने वालों को धन का लेन-देन करते समय खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी। फरवरी माह के पूर्वार्ध में संतान पक्ष से जुड़ी कोई समस्या आपकी चिंता का बड़ा कारण बनेगी। इस दौरान भूलकर भी कोई ऐसा काम न करें जिससे आपके मान-प्रतिष्ठा को चोट पहुंचे। बेरोजगार लोगों को रोजी-रोजगार की चिंता सताएगी और उन्हें मनचाहा काम पाने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।

माह के दूसरे सप्ताह में नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में विरोधियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि माह के मध्य में एक बार फिर से स्थिति आपके कंट्रोल में आती हुई नजर आएगी। इस दौरान आप पर आपके सीनियर की पूरी कृपा बरसेगी और आप उनकी मदद से खुद को बेहतर साबित करने में कामयाब हो जाएंगे। माह के उत्तरार्ध में आय के अतिरिक्त स्रोत बनेंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति थोड़ी मजबूत होगी। व्यवसाय की दृष्टि से भी माह का उत्तरार्ध अत्यंत ही शुभ एवं लाभप्रद साबित होने वाला है। इस दौरान कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद एवं सफल साबित होंगी।

फरवरी माह के पूर्वार्ध का कुछ समय छोड़ दें तो रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा माह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। इस माह आप अपने संबंधों को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत नजर आएंगे। आपकी लव लाइफ बेहद शानदार रहेगी और जीवन के कठिन समय में आपका लव पार्टनर आपका संबल बनेगा। माह के पूर्वार्ध में जीवनसाथी की सेहत थोड़ी चिंता का विषय बन सकती है। हालांकि आपको खुद भी अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बनी रहेगी। 

उपायः प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा और चालीसा का पाठ करें।  
विज्ञापन

7 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए फरवरी के मध्य का कुछ समय छोड़ दें तो पूरा महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस माह आपके सोचे हुए काम समय पर पूरे होते हुए नजर आएंगे। आप जिस काम का बीड़ा अपने हाथ में उठाएंगे आपको उसमें मनचाही सफलता प्राप्त होगी। करियर-कारोबार की दृष्टि से इस माह आपको कोई बड़ी सफलता हासिल हो सकती है। यदि आप विदेश में उच्च शिक्षा या कारोबार के लिए प्रयासरत थे तो आपकी यह मुराद महीने के पूर्वार्ध में पूरी हो सकती है।

इस महीने आपके प्रभाव में काफी वृद्धि होगी। तुला राशि के जातकों को इस माह व्यवसाय में जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए तथा धन को कमाने के साथ-साथ उसे संचित करने की कला सीखनी होगी क्योंकि माह के अंत में आपको आय-व्यय में काफी असंतुलन देखने को मिलेगा। यदि आप लंबे समय से नौकरी में बदलाव की सोच रहे थे तो आपको माह के दूसरे सप्ताह में इसके लिए अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं। हालांकि ऐसा करने से पहले आपको खूब सोच-विचार कर लेना चाहिए।

माह के मध्य में आपको संतान से जुड़ी कोई बड़ी खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। संतान से जुड़ी कोई बड़ी चिंता दूर होने पर आप राहत की सांस लेंगे। इस माह आपकी लव लाइफ बेहद शानदार रहने वाली है। लव पार्टनर के साथ बेहतर तालमेल बना रहेगा। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा और ससुराल पक्ष की ओर से विशेष सहयोग की प्राप्ति संभव है। 

उपायः प्रतिदिन श्री यंत्र की साधना तथा श्रीसूक्त का पाठ करें। शुक्रवार के दिन कन्या को सफेद मिठाई अथवा खीर खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त करें। 

8 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना बेहद काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। इस माह आपको जीवन से जुड़ी तमाम गलतियों से सबक लेते उसे दोबारा करने से बचना होगा। इस माह आपको अपने करियर-कारोबार को बेहतर बनाने और अपने मान-सम्मान को बचाए रखने के लिए परिस्थितियों के साथ समझौता करना पड़ सकता है। माह के प्रारंभ में भूमि-भवन से जुड़े विवाद आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकते हैं, जिसे बजाय कोर्ट-कचहरी ले जाने के बातचीत के माध्यम से सुलझाना बेहतर रहेगा।

नौकरीपेशा लोगों को फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह में कामकाज का अधिक दबाव झेलना पड़ सकता है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे, जिनसे आपको बहुत सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी। व्यवसाय की दृष्टि से यह महीना कुछ ज्यादा ही भागदौड़ वाला रहने वाला है। इस माह आपको कारोबार के सिलसिले में कई लंबी और छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस माह धन का लेनदेन करते समय खूब सावधानी बरतनी होगी। इस माह धन की आवक के मुकाबले व्यय की अधिकता ज्यादा रहने वाली है। आर्थिक संकट से बचने के लिए धन का प्रबंधन करके चलना बेहतर रहेगा।

माह के उत्तरार्ध में किसी को धन उधार देने या फिर किसी जोखिम भरी योजना में निवेश करने से बचें। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह मिलाजुला रहने वाला है। इस माह कभी आपके स्वजनों के साथ संबंध अनुकूल तो कभी प्रतिकूल देखने को मिलेंगे। माह के उत्तरार्ध में किसी व्यक्ति विशेष के साथ उपजी गलतफहमियां दूर हो जाएंगी। अपनी लव लाइफ को बेहतर बनाने के लिए आपको अपने पार्टनर पर शक करने की बजाय उसकी भावनाओं एवं मजबूरियों को समझने का प्रयास करना चाहिए। दांपत्य जीवन को सुखमय बनाने के लिए अपने लाइफ पार्टनर के लिए समय निकालें और उसके साथ खुल कर विचारों का आदान-प्रदान करें। 

उपायः प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा तथा बजरंग बाण का पाठ करें। 

9 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
धनु 
धनु राशि के जातकों के लिए फरवरी महीने का पूर्वार्ध करियर-कारोबार की दृष्टि से मिलाजुला रहने वाला है। इस दौरान आपको अपने कामकाज को लेकर पूरी तरह से गंभीर रहना होगा। इस दौरान एक छोटी सी गलती या लापरवाही के चलते आपके मान-प्रतिष्ठा में कमी और आर्थिक हानि हो सकती है। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो भूलकर भी जोखिम भरा निवेश न करें और धन का लेनदेन करते समय सावधानी बरतें। यह समय पार्टनरशिप में व्यवसाय करने वाले लोगों के लिए थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला है। हालांकि यह स्थिति लंबे समय तक नहीं बनी रहेगी और माह के मध्य के बाद कारोबार में अनुकूलता देखने को मिलेगी और आप मनचाहा लाभ प्राप्त करने में कामयाब हो जाएंगे। इस दौरान कारोबार में अच्छा मुनाफा कमाने के साथ आपकी बाजार में साख भी बढ़ेगी।

नौकरीपेशा लोगों को माह के उत्तरार्ध में मनचाहा प्रमोशन या पद की प्राप्ति हो सकती है। इस दौरान आपको किसी कार्य विशेष के लिए सम्मानित भी किया जा सकता है। फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में आपको जीवन में आगे बढ़ने के लिए सुनहरा अवसर  प्राप्त हो सकता है, जिसे भूलकर भी हाथ से न जाने दें अन्यथा बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। माह की प्रारंभ में किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के साथ वाद-विवाद होने की आशंका है।

इस दौरान आप अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखें अन्यथा बाद में आपको उसके लिए शर्मिंदा होना पड़ सकता है। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। कठिन समय में आपका जीवनसाथी आपके साथ साए की तरह बना रहेगा। प्रेम संबंध की दृष्टि से फरवरी महीने का उत्तरार्ध ज्यादा अनुकूल रहने वाला है। धनु राशि के जातकों को इस सप्ताह हड्डी तथा दांत से जुड़े रोग परेशान कर सकते हैं। इनसे संबंधित किसी भी परेशानी को इग्नोर न करें अन्यथा आपको अस्पताल के कई चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। 

उपायः प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा तथा भगवान विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।  

10 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
मकर 
मकर राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस माह आप यदि अपने काम को समय पर सही तरीके से करते हैं तो आपको मनचाही सफलता प्राप्त मिलेगी। समय और उर्जा का प्रबंधन करके चलने पर आपके कार्य में गति आएगी। माह के प्रारंभ में आप अपने करियर-कारोबार को लेकर बड़े निर्णय ले सकते हैं। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को अप्रत्याशित लाभ की प्राप्ति होगी। कारोबार में विस्तार की योजना सफल होगी। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों का सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा।

फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में आपके द्वारा पूर्व में किए गये कठिन परिश्रम और अच्छे प्रयासों के लिए सम्मानित किया जा सकता है। इस दौरान आपकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आपकी समाज में लोकप्रियता बढ़ेगी। व्यवसाय की दृष्टि से फरवरी माह का मध्य अत्यधिक शुभता और लाभ लिए रहने वाला है। इस दौरान व्यवसाय के सिलसिले में की जाने वाली यात्राएं कारोबार को बढ़ाने वाली साबित होंगी। संचित धन में वृद्धि होगी। माह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध में धीमी गति से ही सही लेकिन लाभ की प्राप्ति होती रहेगी। इस दौरान आप सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर भी खूब धन खर्च करेंगे।

रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना थोड़ा प्रतिकूल कहा जा सकता है। इस माह भूमि-भवन या फिर कहें पैतृक संपत्ति आदि को लेकर स्वजनों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। घर-परिवार से जुड़े किसी बड़े फैसले को लेते समय माता-पिता का सहयोग और समर्थन न मिल पाने के कारण मन खिन्न रहेगा। किसी तीसरे व्यक्ति के दखल के कारण आपकी लव लाइफ भी प्रभावित हो सकती है। माह के मध्य में गलतफहमी के चलते लव पार्टनर के साथ प्रेम और सामंजस्य में कमी देखने को मिल सकती है। घर के किसी बुजुर्ग की सेहत आपकी चिंता का कारण बन सकती है। 

उपायः प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें तथा शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे सरसों का दीया जलाएं।

11 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
कुंभ 
कुंभ राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना नई जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ाने तथा खर्च की अधिकता लिए रहने वाला है। फरवरी माह के प्रारंभ में आपको अपने घर की मरम्मत अथवा साज-सज्जा आदि के लिए बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ सकती है। इस दौरान धन की आवक के मुकाबले व्यय की अधिकता बनी रहेगी। हालांकि आपको इस माह अपनी उर्जा एवं धन दोनों का प्रबंधन करके चलने की आवश्यकता रहेगी अन्यथा माह के अंत में उधार मांगने की नौबत आ सकती है।

माह का दूसरा सप्ताह बेरोजगार लोगों के लिए गुडलक लेकर आएगा। इस दौरान उनकी रोजी-रोजगार की समस्या का समाधान निकल सकता है। इस दौरान आपको अपने करियर और कारोबार को आगे बढ़ाने के बड़े अवसर प्राप्त होंगे। सत्ता-सरकार से जुड़े किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से आप कोई बड़ा कार्य करने में कामयाब हो जाएंगे। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए इस दौरान लाभ कमाने के बड़े अवसर प्राप्त होंगे। माह के मध्य में कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं शुभ साबित होंगी। व्यवसाय में अच्छी प्रगति देखने को मिलेगी। यदि आप नौकरी में बदलाव या फिर विदेश में करियर बनाने के लिए प्रयासरत हैं तो आपको इस दौरान इस संबंध में शुभ समाचार प्राप्त होगा। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों की मेहनत रंग लाएगी और उन्हें मनचाहा परिणाम प्राप्त होगा।

फरवरी माह के उत्त्रार्ध में अपने विरोधियों से सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान वे आपको हानि पहुंचान के लिए षडयंत्र रच सकते हैं। रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना मिलाजुला रहने वाला है। इस माह आपको अपने संबंधों को बेहतर बनाने के लिए अपना अभिमान छोड़कर स्वयं पहल करनी होगी। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और उसका प्रदर्शन करने से बचें अन्यथा आपकी जगहंसाई या फिर कहें अपमान हो सकता है। खट्टी-मीठी तकरार के साथ वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। 

उपायः प्रतिदिन भगवान शिव की उपासना तथा शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें। शनिवार के दिन किसी सफाईकर्मी को काला कंबल अथवा चाय की पत्ती आदि का दान करें। 
विज्ञापन

12 of 12
rashifal 2024 - फोटो : अमर उजाला
मीन 
मीन राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना सफलता के नये द्वार खोलने वाला साबित हो सकता है यदि आप अपने कार्य को योजनाबद्ध तरीके से समय पर करने का प्रयास करते हैं। इस माह आपको अपने करियर और कारोबार को आगे बढ़ाने के कई अवसर प्राप्त होंगे। जो लोग विदेश में करियर अथवा कारोबार के लिए प्रयासरत हैं उन्हें माह के पहले सप्ताह में ही इससे संबंधित शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। फरवरी महीने के उत्तरार्ध के कुछ समय को यदि इग्नोर कर दिया जाए तो पूरा महीना नौकरीपेशा लोगों के लिए अनुकूल रहने वाला है। आपको कार्यक्षेत्र में अपने वरिष्ठ अधिकारियों का पूरा सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा। इस दौरान आपके इष्टमित्रों की मदद से कई अटके और अधूरे पड़े कार्य पूरे हो जाएंगे।

माह के मध्य में घर में धार्मिक-मांगलिक कार्य संपन्न हो सकता है। इस दौरान घर-परिवार के सदस्यों के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के खूब अवसर प्राप्त होंगे। व्यवसाय की दृष्टि से फरवरी का महीना आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। इस माह कारोबार के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्राएं हो सकती हैं। यात्रा सुखद एवं लाभप्रद साबित होगी। आय के नये स्रोत बनने से आपकी वित्तीय ताकत बढ़ेगी। इस दौरान संतानपक्ष की ओर से कोई सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है।

संतान की किसी बड़ी उपलब्धि से समाज में आपका मान सम्मान बढ़ेगा। रिश्ते-नाते की दृष्टि से फरवरी का महीना कूल-कूल रहने वाला है। इस माह आपके स्वजनों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे। परिजन के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के अवसर मिलेंगे। प्रेम संबंध में प्रगाढ़ता आएगी। प्रेम संबंध विवाह में  तब्दील हो सकते हैं। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। सेहत की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। ऐसे में इस दौरान अपने खान-पान और दिनचर्या का विशेष ख्याल रखें। 

उपायः प्रतिदिन भगवान सूर्य को जल तथा भगवान श्री विष्णु की पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें