फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Numerology Predictions 2023: अंक ज्योतिष राशिफल 2023 से जानें आपके लिए कैसा रहेगा साल 2023 ?

Sun, 01 Jan 2023 09:12 AM IST
विनोद शुक्ला ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

अंक ज्योतिष 2023

Numerology Predictions 2023 By Date Of Birth In Hindi:- अंक ज्योतिष शास्त्र, वैदिक ज्योतिष शास्त्र की तरह ज्योतिष की एक विद्या है। जिस तरह से किसी व्यक्ति की जन्म कुंडली का अध्ययन करके उस व्यक्ति के भविष्य के बारे में जानकारी दी जाती है उसी तरह से अंक ज्योतिष शास्त्र में गणित के अंकों का प्रयोग कर व्यक्ति के जीवन के कई पहलुओं का आंकलन करते हुए भविष्यवाणी की जाती है। अंक ज्योतिष में किसी जातक की जन्म तिथि के आधार पर उसका मूलांक निकाला जाता है और फिर उस मूलांक के आधार पर उससे भविष्यफल की गणना की जाती है। 

नए वर्ष 2023 का आगाज हो चुका है और सभी के मन में यह जानने की इच्छा होती है कि आखिरकार नया साल कौन-सा सौगात लेकर आने वाला है ? अंक ज्योतिष के माध्यम से हर एक व्यक्ति के मूलांक का आकलन करके उसके लिए आने वाले साल की भविष्यवाणी की जाती है। अंक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर मूलांक का कोई न कोई ग्रह स्वामी होता है और इसी आधार पर इन ग्रहों का प्रभाव उस पर पड़ता है। ज्योतिष शास्त्र में जिस तरह से किसी योग्य ज्योतिषी द्वारा व्यक्ति के जन्म के समय उसकी राशि और कुंडली में मौजूद ग्रह -नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार भविष्यफल निकाला जाता है। उसी तरह अंक शास्त्र में व्यक्ति की जन्म तिथि के अनुसार मूलांक और भाग्यांक निकालकर भविष्यफल की गणना की जाती है। अंक ज्योतिष 2023 आपके मूलांक के आधार पर कैसा रहेगा,जीवन में कौन-कौन से अहम बदलाव आने वाले हैं,आपका भाग्योदय कब होगा और सालभर में आपको कब-कब विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा? यह सब आप अंक ज्योतिष भविष्यफल 2023 में जान सकते हैं।

अंक ज्योतिषफल 2023 भविष्यफल
साल 2023, अंक ज्योतिष की गणना के अनुसार वर्ष 2023 का कुल योग(2+0+2+3=7) 7 है। अंक ज्योतिष के अनुसार 7 का अंक केतु का अंक माना गया है। ज्योतिष में केतु एक रहस्यमयी ग्रह है। यह कब अच्छा और कब बुरा फल प्रदान करता इसके बारे में आकलन करना बहुत ही मुश्किल होता है क्योंकि केतु विपरीत प्रकृति का माना जाता है। केतु के प्रभाव से व्यक्ति के अंदर आध्यात्मिक प्रभाव रहता है।

अंक ज्योतिषफल 2023 और मूलांक गणना
जिस प्रकार से ज्योतिष शास्त्र में जन्म के समय राशि और ग्रहों की स्थिति के आधार पर व्यक्ति का भविष्यफल जाना जाता है उसी प्रकार अंक ज्योतिषशास्त्र में व्यक्ति का भाग्यफल मूलांक के आधार पर निकाला जाता है। मूलांक व्यक्ति के जन्म की तारीख से मालूम होता है। उदाहरण के लिए अगर किसी का जन्म 05-11- 2022 को हुआ है तो उसका मूलांक 5 होगा। यहां पर सिर्फ मूलांक निकालने लिए जन्मतिथि को देखना है।  यहां पर जन्म की तारीख 05 है ऐसे में 05 का जोड़ (0+5=5) 5 आता है इसलिए मूलांक 5 होगा। वहीं भाग्यांक 13 होगा। (0+5+1+1+2+0+2+2=13)
विज्ञापन

2 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 1 का भविष्यफल 2023

जिनका मुख्य अंक 1/10/19/28 हैं, इनका जोड 1 अंक होता हैं,ऐसे लोग सूर्य के प्रभाव से जुड़े होते हैं। ऐसे जातकों के जीवन में नेतृत्व,अहम और ऊर्जा प्रधान रहती हैं। ये लोग अपने कार्य और रिश्तों को लेकर बहुत महत्वकांक्षी होते हैं। इस अंक के लोग किसी के नीचे काम करना पसंद नहीं करते हैं और अपने आप में ही बॉस होते हैं। आपके लिए 2023 वर्ष जिसका जोड़ 7 अंक हैं और स्वामी कलयुग के प्रधान ग्रह केतु हैं। जिस कारण यह वर्ष बहुत ही अहम और वहम भरा होगा,जिससे कोई भी निर्णय लेने में संघर्ष का सामना करना पड़ेगा।

पढ़ें- राशिफल 2023

Career 
1 अंक वालों के लिए वर्ष 2023 कार्य को लेकर चुनौतियों भरा होगा, इस वर्ष अधिक मेहनत के साथ व्यर्थ की भाग-दौड़ भी करनी पड़ेगी। 2023 वर्ष का जोड़ 7 अंक है, जिसका स्वामी केतु है,आपका अंक 1 सूर्य का है जिससे यह केतु का वर्ष आपके जीवन में ग्रहण लगाने आ रहा है, इसलिए व्यापार से जुड़े विषय पर कोई भी जल्दबाजी में और अहम में आकर शुरू न करें। इस वर्ष आपके नए-नए लोगों से कॉन्टेक्टस तो जुड़ेंगे,लेकिन आप जोश में आकर होश नहीं खोए और बहुत ही समझदारी से इस लाभ के अवसर से अपनी आय में बढ़ोतरी करें। नौकरी कर रहे लोगों के लिए वर्ष की शुरुआत में प्रमोशन के लिए सुनहरा अवसर लाएगा। नौकरी के क्षेत्र में जून और अगस्त के माह में बहुत सावधानी रखने की आवश्यकता रहेगी।

Finance
2023 का वर्ष अंक 1 के जातकों के लिए धन को लेकर आपकी इच्छाओं को पूरा करने आ रहा है। इस वर्ष आप घूमने और अपने मनोरंजन पर पैसा खर्च करेंगे और ये 7 अंक का वर्ष आपको घूमने से ही धन भी दिलाएगा। इस वर्ष रिसर्च और यात्राओं के माध्यम से धन का आगमन होगा। व्यापारियों के लिए और फाईनेंस के काम में भी लाभ मिलेगा। अगर आप रियेल-इस्टेट अथवा शेयर मार्किट में धन कमाना चाहते हैं तो जनवरी से जून का महीना बहुत ही बेहतर रहेगा।

Relationship
अंक 1 के जातकों के लिए यह वर्ष प्रेम और विवाह के लिए बहुत रोमांटिक जाने वाला है क्योंकि आपकी अपने साथी से सभी उम्मीद इस वर्ष पूरी होगी। आप अपने साथी के साथ घूमने और रोमांस में समय बिताएंगे। बस आप आप अपने परिवार के साथ प्रेम से ही चले,क्योंकि आपका अहम भरा स्वभाव आपके लिए नुकसान का कारण बन सकता है। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष उनके जीवन में नए साथी की दस्तक दे रहा है जो अविवाहित हैं उनका विवाह का सपना पूरा होगा। जो विवाहित है उनका गृहस्थ जीवन खुशनुमा रहेगा।

Health
अंक 1 के जातकों की सेहत के लिए यह साल मिलाजुला रहेगा। आप खाने-पीने का ध्यान रखें नहीं तो गले और छाती में समस्या हो सकती है। आपका अधिक घूमना इस वर्ष मानसिक परेशानी का कारण बन सकता है जिससे वह भी आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर आपको सिर या आंखों की कोई समस्या है तो उसका भी ध्यान रखें। इस वर्ष अप्रैल और अगस्त माह में किसी ऊंचाई और वाहन से दुर्घटना के आसार बन रहे हैं,बहुत ही आराम से रहें।
विज्ञापन

3 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 2 का भविष्यफल

जिनका जन्म 2,11,20 या 29 तारीख को होता है उनका मुख्य अंक 2 होता है। अंक 2 के स्वामी चंद्रमा ग्रह हैं जो सबसे सौम्य और संवेदनशील ग्रह हैं। ऐसा जातक भावुक व आकृषित होते हैं और उसमें काल्पनिक शक्ति गजब की होती है। ऐसे लोग शीघ्र ही दूसरों की बातों को दिल से लगा लेते हैं और अगर इनके पास कोई काम नहीं हो तो ये लोग बहुत बार नकारात्मकता के शिकार भी हो जाते हैं,जिससे अकेलापन महसूस करते हैं। 2023 वर्ष अंक 2 वालों के लिए जीवन में बेहतर रहेगा और आप अपने अकेलेपन और नकारात्मकता से बाहर आएंगे। अंक 2 के लिए यह 7 अंक का वर्ष मन के कारक चंद्रमा का साथ आध्यात्म के कारक केतु के साथ बन रहा है।

पढ़ें- राशिफल 2023

Career 
अंक 2 के लिए 2023 का वर्ष कार्यक्षेत्र में बहुत कुछ नया दिखाने आ रहा है,जिससे इस वर्ष आप रिसर्च के साथ अपने कार्य में नए अवसरों के साथ बहुत कुछ सीखेंगे। नया व्यवसाय करने वालों के लिए यह वर्ष सफलता और लाभ दोनों दिखा रहा है। इस वर्ष कार्य को लेकर अधिक भ्रमण करने का भी अवसर भी प्राप्त होगा। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष नौकरी में मनचाहे अवसर के साथ बहुत कुछ सिखा भी जाएगा। बस आप किसी भी वहम में आकर तनाव में नहीं घिरना और व्यावहारिक होकर काम करना है। यह अंक आपको मनचाही नौकरी के साथ प्रमोशन के भी अच्छे अवसर दिलाएगा।

Finance
अंक 2 के लिए 2023 में धन की स्थिति कुछ खर्चों से भरी रहेगी,लेकिन आपने अपने खर्चों पर लगाम नहीं लगाया तो आप मनमौजी बन जाएंगे और धन की बचत पर ध्यान ही नहीं जाएगा। इस वर्ष आप नया घर खरीदने का सोच रहे हैं,तो बेहतर रहेगा और आप अपने घर की साज-सज़्ज़ा में भी पैसा खर्च करेंगे। जून तक जमीन में निवेश के बारे में सोंचे और शेयर मार्किट में भी धन लगा सकते हैं। वर्ष के अंत में आपका वेतन बढ़ने से आपको लाभ की प्राप्ति होगी और आप अपने अधूरे कार्य भी पूरे कर पाएंगे।

Relationship
अंक 2 यानि चंद्रमा के जातकों के लिए वर्ष 2023 का वर्ष रहेगा। इमोशन से भरा रहेगा और आपका साथी सात अंक का साल आपको और भी इमोशनल बनेगा। इस वर्ष आप अपने जीवन साथी के साथ बहुत ही रोमानी पलों का आनंद लेंगे,आप दोनों की करीबी आपस में बढ़ेगी। अगर आप अकेले हैं तो वर्ष के शुरुआत में आपकी किसी से दोस्ती होगी और फिर यही दोस्ती प्रेम में बदल जाएगी। वैवाहिक लोगों के जीवन में भी आपसी भावानात्मक प्रेम होगा। इस वर्ष आप अपने जीवनसाथी से अधिक उम्मीद की वजह से गलतफहमी के शिकार हो सकते हैं,इसलिए व्यावहारिक बनें।

Health
अंक 2 के लिए 2023 वर्ष सेहत को लेकर बेहतर रहेगा, लेकिन आपको खाने-पीने में लापरवाही नहीं बरतनी है। समय पर योगा और ध्यान में समय लगाना होगा। अगर आपको वर्ष के शुरुआत में खांसी या कफ की समस्या आती हैं तो इस वर्ष सावधानी रखें। आप इस वर्ष खुद को अकेला समझेंगे,जिससे मानसिक तनाव हो सकता है। आपको अपना समय कार्य के साथ किसी रिसर्च में भी लगाना चाहिए, तभी आप खुद को हल्का महसूस कर पाएंगे।

4 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 3 का भविष्यफल

अगर आपका जन्म 3,12,21 या 30 तारीख को हुआ है तो आपका मूलांक 3 है। जिसके स्वामी गुरु ग्रह हैं और वर्तमान साल 2023 जिसका जोड़ 7 केतु ग्रह से जुड़ा है। आपका अंक 3 ज्ञान के कारक गुरु का हैं जिससे आप के पास नये-नये विचार आते हैं। आप लोग संवाद कला और जोश से भरपूर होते हैं। आपका को खेल-कूद और मनोरंज़न बहुत प्रेरित करता है, जिससे आप हमेशा सृजनशील रहते हैं। सात अंक का यह वर्ष आपको कुछ नया करने के लिए प्रेरित करेगा। इस वर्ष आपकी आध्यात्मिकता में भी रुचि बढ़ जाएगी।

पढ़ें- राशिफल 2023

Career
3 अंक के लिए 2023 वर्ष आपको नए सुझाव देने आ रहा है, जिससे आप अपने कार्य को नया रूप देने में कामयाब होंगे और आपको लाभ भी होगा। 2023 में आपका दिमाग, शोध और ज्ञान सब आपका साथ देंगे। साल के शुरुआत में ही आपको नई डील का ऑफर आएगा जिससे आपके व्यापार में बहुत लाभ भी मिलेगा। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष उनके स्किल्स की वजह से प्रमोशन देगा जिससे बॉस की नजरों में प्रशंसा होगी। इस साल आपके दिमाग में नये-नये विचार आएंगे। यह साल आपको नई नौकरी के अवसर भी देगा। साथ ही पहले से नौकरी कर रहे लोगों के लिए मनचाहा बदलाव भी देगा।

Finance
3 अंक के लिए 2023 का वर्ष धन को लेकर अच्छा जाने वाला है। आपके पास पैसा आएगा भी और पैसे की बचत भी करेंगे। इस वर्ष अगर आपको धन से जुड़ी कोई समस्या आएगी वह समय रहते दूर भी हो जाएगी। 2023 में अगर आपको कर्ज लेना पड़ेगा तो आप जून से पहले ही कोशिश करें। अगर आपका कहीं धन फंस भी गया है,तो आपका धन वापस आएगा। यह साल शेयर मार्किट और जमीन से जुड़ी किसी भी ड़ील के लिए बेहतर रहेगा और आपको लाभ की प्राप्ति होगी।

Relationship 
अंक 3 के लिए यह 2023 वर्ष रिश्तों के लिए बहुत ही बेहतर जाने वाला है अगर आप अकेले हैं तो 2023 में आपके जीवन में नया साथी आएगा। आप पहले से ही किसी से प्रेम करते हैं,तो आप उनके साथ रोमानी समय बिताएंगे, लेकिन आपका अहम आपके रिश्तें का शत्रु बन सकता है, बस आप इसका ध्यान रखना। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष उनके वैवाहिक रिश्तों में सुधार लाएगा आपका जीवनसाथी आपके साथ अपना वक्त बिताएगा और पुराने गिले-शिकवे इस वर्ष दूर होंगे।

Health
अंक 3 के लिए यह 2023 का वर्ष बेहतर जाने वाला है, इस साल आप अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत ही सावधान रहेंगे और अपना बहुत ही ध्यान रखेंगे। अगर आपको पहले से ही कोई पुरानी बीमारी परेशान कर रही थी तो आपको इस साल बेहतर इलाज मिलेगा। जिससे आप पहले से चुस्त-तंदरुस्त महसूस करेंगे। आप इस वर्ष आध्यात्मिकता में अधिक रुचि लेंगे जिससे आपका मानसिक कष्ट वैसे भी कम होगा।
विज्ञापन

5 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 4 का भविष्यफल

अगर आपका जन्म 4,13, 22 या 31 तारीख को हुआ है तो आपके अंक का मुख्य अंक 4 है,जिसके स्वामी कलयुग का प्रधान ग्रह राहु हैं। यह अंक बहुत चतुराई और कूटनीतिज्ञ भरा हैं,ऐसे लोग किसी से भी काम निकलवाने में माहिर होते हैं। यह लोग नियमों को कम ही मानते हैं और किसी भी नियम को तोड़ने के लिए तत्पर रहते हैं। यह 2023 वर्ष 7 अंक का है जिसका स्वामी केतु हैं,जिससे इस वर्ष आपका दिमाग कुछ अधिक भ्रम और वहम भरा रहेगा और आप मानसिक रूप से परेशानी महसूस करेंगे।
पढ़ें- राशिफल 2023
Career
अंक 4 के लिए 2023 का वर्ष व्यापार के लिए तो बहुत बेहतर जाएगा क्योंकि यह 2023 का 7 अंक आपको अपने कूटनीतिज्ञ दिमाग से सामने वालों को शीशे में उतारने में कामयाब करवाएगा। यह वर्ष नए कार्य में आपको नई रिसर्च के साथ नये-नये प्रोजेक्टस पर काम करने के अवसर के साथ उसमें आपको सफलता की प्राप्ति भी करवाएगा। जिससें आपकी नई पहचान बनेगी। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष प्रमोशन के लिए कम बेहतर रहेगा और अगर आप नौकरी बदलना चाहते हैं, तो बहुत ही सोच-समझकर चलें। वैसे भी आप इस वर्ष वहम की वजह से अपने कार्यस्थल में बहुत कुछ खो भी सकते हैं,इसलिए सावधानी रखनी होगी।

Finance 
अंक 4 के लिए वर्ष 2023 धन को लेकर कुछ खर्चों भरा रहेगा। इस बेवजह खर्चों से बचने के लिए आप सलाह के बिना आगे नहीं बढ़ें। अगर आप कुछ कर्ज लेना चाह रहे हैं तो सावधान रहे और बाहर से अधिक कर्ज़ लेकर किसी को बेवकूफ बनाने की कोशिश नहीं करें,नहीं तो आप कर्ज़ में उलझ जाएंगे और आपकी पहचान खराब होगी। यह वर्ष शेयर मार्किट और लॉटरी के लिए बहुत फायदेमंद रहेगा। यह वर्ष किसी ज़मीन में निवेश करने के लिए लाभदायक रहेगा।

Relationship
अंक 4 के लिए 2023 वर्ष रिश्तों में सावधानी रखने की मांग कर रहा है क्योंकि आपका वहम और अधिक उम्मीद इस वर्ष रिश्ते को लेकर आपके लिए नुकसान का कारण बन सकता है। आप जिससे प्रेम करते हैं वह आपके इस व्यव्हार की वज़ह से आपसे दूरी बना सकता है। इस वर्ष आप एक से ज्यादा रिश्ते बनाकर अपने पहले रिश्ते को भी खराब कर सकते हैं। वैवाहिक जीवन के लिए यह 2023 वर्ष बहुत इमोशनल भरा जाने वाला है क्योंकि वर्ष की शुरुआत में आपकी वज़ह से ही जीवनसाथी से दूरी बन सकती है ,फिर यही दूरी आपको इमोशनल करेगी और अकेलेपन का एहसास करवाएगी।

Health
अंक 4 के लिए 2023 का वर्ष सेहत में उतार-चढ़ाव लाएगा क्योंकि आप मानसिक रूप से खुद को कमज़ोर समझेंगे और अपने खाने-पीने का ध्यान नहीं रख पायेंगे और मौसम के बदलाव को भी सह नहीं पाएंगे। यही वजह आपको सेहत में परेशान करेगी। आपको अपने छाती और गले का बहुत ही ध्यान रखना चाहिए और नशीली चीजों से दूर रहना चाहिए। इस वर्ष में वाहन बहुत सावधानी से चलाए क्योंकि दुर्घटना का योग बन रहा हैं। वर्ष के अंत में पेट और गले में इंफेक्शन की समस्या हो तो लापरवाही नहीं करें।
विज्ञापन

6 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 5 का भविष्यफल

अगर आपका जन्म 5,14 या 23 तारीख को हुआ है तो आपका मुख्य अंक 5 है, जिसके स्वामी बुध हैं। इस वर्ष का स्वामी भी केतु ग्रह हैं क्योंकि 2023 का योग 7 है। आप बहुत ही समझदार और चालाक व्यक्तित्व के स्वामी हैं। किसी से कोई काम निकालवाना हो तो आप बखूबी जानते हैं। आप अपने काम को लेकर स्वार्थी भी हो जाते हैं। आपके अंक 5 में गज़ब का साहस, गतिशीलता और ऊर्जा है। 2023 वर्ष आपके कार्य में सफलता और आपकी पहचान का सूचक बनेगा जिससे आपके सभी रुके काम भी बनेंगे और आपके सपने पूरे होंगे।
पढ़ें- राशिफल 2023
Career
अंक 5 का स्वामी बुध ग्रह हैं और वर्तमान वर्ष 2023 का जोड़ 7 होने से इस साल व्यापारी लोगों को अपने व्यवसाय में लाभ और सफलता मिलेगी। यह वर्ष आपकी मेहनत और किस्मत दोनों आपका साथ दे रही हैं,जिससे आपको नए अवसरों के साथ कामयाबी मिलेगी। इस वर्ष आप कुछ नया व्यापार शुरू करना चाहते हैं तो आपको सफलता मिलेगी। यह वर्ष 2023 विदेशी कॉन्टेक्टस और बड़ी डील के लिए बहुत शुभ रहेगा। अगर आप नौकरी करते हैं तो वर्ष की शुरुआत में प्रमोशन के बहुत अच्छे योग बन रहे हैं और आप अपने बॉस की नजरों में प्रशंसा के काबिल बनेंगे,जो आपके लिए बेहतर भविष्य का संकेत भी बनेगा। अगर आपके पास नौकरी नहीं हैं तो यह वर्ष मनचाही सैलरी के साथ  नौकरी भी दिलाएगा।

Finance 
अंक 5 के लिए 2023 का वर्ष धन के लिए लाभकारी रहेगा। इस वर्ष वेतन की वृद्धि और आय में लाभ के संकेत बने हुए हैं। 2023 में आपका अपना घर बनने का सपना भी पूरा होगा। अगर आप किसी भी कार्य या निवेश के लिए कर्ज़ लेना चाहते हैं तो आपको समय पर मिल जाएगा। अगर आपको किसी से पुराना धन वापस चाहिए तो अप्रैल के बाद रुका धन भी वापस आएगा। शेयर मार्किट में लम्बे समय के लिए निवेश करना लाभकारी रहेगा। अगर आप ज़मीन में निवेश करना चाहते हैं तो अगस्त के बाद का समय बेहतर रहेगा। इस वर्ष आप अपने घूमने और मनोरंज़न में धन को खर्च करेंगे। किसी महिला की बातों में आकर अपना धन खर्च नहीं करे तो नुकसान के साथ बदनामी का भी योग बन सकता हैं।

Relationship 
अंक 5 के लिए 2023 का वर्ष प्रेम के रिश्तों में मिठास लाएगा और अगर आप अकेले हैं तो नये रिश्तों के लिए भी यह वर्ष बहुत ही शुभ रहेगा और आपका अकेलापन दूर होगा। इस वर्ष आप अपने परिवार और अपने कार्य में तालमेल बैठाने का भरपूर प्रयास करेंगे। वैवाहित लोगों के लिए यह साल की शुरुआत कुछ खुशखबरी के साथ शुरू होगी। आप अपने जीवनसाथी के साथ इस वर्ष बाहर घूमने जा सकते हैं। सितम्बर के बाद आपका ध्यान कहीं बाहर आकृषित हो सकता हैं,जिसके लिए आपको सावधान रहना चाहिए।

Health
अंक 5 के लिए 2023 का वर्ष सेहत के लिए पहले से बेहतर रहेगा। आपका स्वास्थ्य किसी मानसिक समस्या को लकर तनाव में आ सकता हैं,इसलिए किसी भी ऑवर थिंकिंग से दूर ही रहे। अगर कोई पुरानी बीमारी भी आपको परेशान करेगी तो आप लापरवाही न करें और समय रहते इलाज करवा ले,जिससे आप जल्दी ही बेहतर हो जाएंगे। अगर आपको त्वचा या नसों से जुड़ी कोई समस्या हैं,तो डॉक्टर से सलाह ले लें,जिससे समस्या का समाधान समय से ही हो जाएगा।
विज्ञापन

7 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 6 का भविष्यफल

जिनका जन्म 6,14 या 24 तारीख को हुआ है उनका मुख्य अंक 6 है,जिसके स्वामी शुक्र ग्रह हैं। यह सौम्य और आकृषित करने वाला ग्रह हैं। 6 अंक भौतिक सुख,सुंदरता और धन का कारक अंक हैं। आपका यह अंक पारिवारिक और प्रेम प्रधान है,जिससे आप सभी के साथ रहना और मिलकर काम करना पसंद करते हैं। आप जिससे प्रेम करते हैं,अगर वह एक बार आपका दिल दुखा दे तो आपको बहुत तकलीफ होती है। अंक 6 के लिए 2023 का केतु का यह वर्ष खुशियों से भरा आ रहा है, इस वर्ष आप किसी रिसर्च में कुछ विशेष हासिल कर सकते हैं। पढ़ें- राशिफल 2023

Career
अंक 6 के लिए 2023 का वर्ष रिसर्च और स्किल्स से भरा होगा और यह आपको व्यापार में बहुत कुछ नया सिखाएगा। व्यापारी लोगों के लिए 2023 का समय नये अवसरों के साथ आ रहा हैं और यह अवसर हाथ से निकलने नहीं देना, क्योंकि अचानक आपको नए ऑफर आएंगे। यह वर्ष नये व्यापार के लिए भी उत्तम रहेगा। नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह वर्ष प्रमोशन के लिए सकारात्मकता भरा रहेगा। 2023 में कार्य को लेकर यात्राएं भी होती रहेंगी,जिससे आपको लाभ भी मिलेंगे। अगर आप नौकरी बदलना चाहते हैं,तो आपको इस समय में बहुत ही सम्भलकर चलना होगा। आप जहां कार्य कर रहे हैं वहां अपने साथ काम कर रहे लोगो के साथ अधिक पर्सनल नहीं होना हैं,क्योंकि आपको पता ही नहीं चलेगा और वह आपके साथ कोई गेम खेल सकते हैं।

Finance
अंक 6 के लिए 2023 का वर्ष धन के लिए बेहतर रहेगा। आपका कोई भी काम धन को लेकर नहीं रुकेगा और आपके पिछले वर्ष के रुके सभी सपने इस वर्ष पूरे होंगे। इस वर्ष वेतन में वृद्धि से आपको लाभ होगा और अगर आप घर या वाहन लेने का सोच रहे हैं तो आपको धन से जुड़ी कोई कमी नहीं आएगी। यह वर्ष शेयर मार्किट के लिए बेहतर रहेगा और पुराना रुका धन भी जुलाई के बाद वापस आ सकता हैं। आप अपने भाई-बहनों की भी धन को लेकर मदद करेंगे। इस वर्ष अगर आपने किसी को इमोशन में आकर धन दिया तो वापस आने की कोई उम्मीद नहीं रखना।

Relationship
अंक 6 वाले अपने रिश्तों को लेकर वैसे भी बहुत संवेदनशील रहते हैं। इस वर्ष भी आपका व्यवहार ऐसा ही रहेगा। आपके परिवार में आप अपने रिश्तों को लेकर कुछ असहज़ सा महसूस करेंगे। आप जिस से प्रेम करते हैं,उनके साथ किसी कारणवश कम समय बिता पाएंगे। अगर आप अकेले हैं तो 2023 वर्ष में आप अकेले नहीं रहेंगे, वर्ष के शुरुआत में ही आपको मनचाहा साथी मिलेगा। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष पहले से बेहतर रहेगा,आप अपने जीवन साथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे और सभी पुराने गिले-शिकवे इस वर्ष समाप्त हो जाएंगे।

Health 
अंक 6 के लिए 2023 वर्ष सेहत के लिए मिला-जुला रहेगा। आप अपने कार्य के साथ-साथ अपनी सेहत का भी ध्यान रखे और अगर कुछ परेशानी आती हैं तो समय रहते डॉक्टर से सलाह अवश्य लें। अगर आपको पेट से जुड़ी कोई समस्या हैं तो लापरवाही न बरतें,अपने खाने पीने का ख्याल रखें। बाहर का खाना पीना कम से कम ले। सितम्बर के बाद किसी दुर्घटना की वज़ह से चोट लग सकती हैं,वाहन बहुत ही सावधानी से चलाये और गुस्से में घर से बाहर नहीं जाएं।

8 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 7 का भविष्यफल

जिनका जन्म अंक 7,16 और 25 है उनका मूलांक 7 है, जिसके स्वामी केतु ग्रह हैं। 7 अंक वाले दार्शनिक और चिंतक स्वाभाव के होते हैं। ऐसे लोग किसी न किसी तरह के शोध में ही लगे रहते हैं और ये जीवन में आध्यात्मिक खोज की तलाश में ही रहते हैं। इनके अंदर पूर्वाभास की अद्धभुत क्षमता होती है और इनके पास दिव्य शक्ति भी होती है। ऐसे लोग एक बार किसी साधना में लीन हो जाए तो बहुत ही गहरी खोज में निकल जाते हैं। 7 अंक के लिए 2023 वर्ष यानि 7 अंक का वर्ष जिसका स्वामी भी केतु ग्रह हैं,जो इस साल आपकी शोध के लिए बहुत ही नए अवसर देगा और आपके सभी सपने पूरे करेगा। पढ़ें- राशिफल 2023

Career 
अंक 7 के लिए 2023 वर्ष कार्य को लेकर नए अवसर लाएगा।  इस वर्ष आप अपने व्यापार में अपने दिमाग से सफलता की प्राप्ति करेंगे जिससे आपकी नई पहचान बनेगी और आपको लाभ भी होगा। यह साल बाहरी देश में भी यात्रा के साथ आपके कॉन्टेक्टस बनाने में आपकी मदद करेगा। नौकरी कर रहे लोगों के लिए इस वर्ष आपके स्किल्स की वज़ह से प्रमोशन के आसार बनाएगा। आप अपने नए शोध को बॉस के सामने लाने में सक्षम हो पाएंगे। जिनके पास नौकरी नहीं हैं,उन्हें मनचाही जगह नौकरी मिलेगी और जो लोग बदलाव के बारे में सोच रहे हैं,वह जून से पहले अच्छे अवसर देखकर नौकरी बदल लें। इस साल आप अपनी नौकरी के साथ कुछ फ्रीलांस का नया काम भी करेंगे।

Finance
अंक 7 के लिए 2023 वर्ष धन को लेकर अच्छा जाएगा। जो खर्चे भरा तो होगा साथ ही इनकम भी अच्छी होगी,जिससे खर्चे परेशान नहीं करेंगे। इस वर्ष आप अपने धन को सही जगह निवेश करने में सफलता हासिल करेंगे। अगर आप शेयर मार्किट में रुचि रखते हैं,तो यह वर्ष अच्छा लाभ देकर जाएगा,लेकिन आप जून के बाद किसी भी तरह के निवेश में सावधानी रखना। सितम्बर के बाद आपको किसी तरह धन का नुकसान हो सकता हैं,सावधानी रखना। यह वर्ष ज़मीन के निवेश के लिए भी बेहतर रहेगा और अपना घर लेने का सपना भी पूरा होगा।

Relationship 
अंक 7 के लिए 2023 वर्ष रिश्तों के मामले में मिठास भरा रहेगा। आपकी आदत है कि आप अपने काम के आगे किसी और को महत्व कम ही दे पाते हैं। आप जिससे प्रेम करते हैं उनके साथ अपने प्रेम का इज़हार बहुत ही रोमानी अंदाज़ में करेंगे। अगर आप अकेले हैं तो इस वर्ष 2023 में आप अकेले नहीं रहेंगे। आपके जीवन में मनचाहा साथी आएगा। वैवाहिक लोगों के लिए 2023 वर्ष पुराने गिले-शिकवे मिटाने आ रहा हैं। आप अपने जीवनसाथी के साथ भावनात्मक रिश्ते के साथ उनसे साहनुभूति भी रखेंगे,जिससे इस वर्ष आपके रिश्ते और प्रेम में निखार आएगा।

Health
अंक 7 के लिए 2023 वर्ष सेहत के हिसाब से बेहतर जाएगा और आप अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत ही सावधान रहेंगे। आप अपना ध्यान रखेंगे और खाने-पीने के परहेज़ के साथ योगा और ध्यान के लिए भी समय निकालेंगे। अगर आपको पहले से ही किसी तरह से त्वचा की परेशानी या नसों से जुड़ी समस्या हैं,तो आप समय से ही डॉक्टरी सलाह अवश्य ले लें। जिससे वर्ष के मध्य में आप लापरवाही से होने वाले नुकसान से बच सकते हैं। अगर आप सितम्बर के बाद कही बाहर जाने की योजना बनाते हैं तो वाहन बहुत सावधानी से चलाएं और अपने सेहत का भी ध्यान रखें।

9 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 8 का भविष्यफल

आपका जन्म अंक 8,17 या 26 को हुआ है तो आपका मुख्य अंक 8 है,जिसके स्वामी न्याय कारक शनि ग्रह हैं। ऐसे लोगों का जीवन अधिकतर संघर्ष भरा रहता है और ये लोग बहुत महत्वाकांक्षी होते हैं और अपनी कामयाबी और धन कमाने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं,जिसके लिए ये लोग अपने परिवार वालों को भी कम समय ही दे पाते हैं। अंक 8 के लिए 2023 का वर्ष बहुत ही मेहनत भरा जाने वाला है जिससे ये लोग अपनी मेहनत के साथ अच्छी सफलता की प्राप्ति भी करेंगे। 2023 का 7 अंक का वर्ष आपको कुछ नया सिखाने आ रहा है। पढ़ें- राशिफल 2023

Career
अंक 8 के लिए 2023 का वर्ष व्यापार में नए अवसरों के साथ कामयाबी भी ला रहा है। जिसमें इस वर्ष आपके अधूरे सपने पूरे होंगे और आप अपनी मेहनत से एक नई पहचान बनाएंगे। यह वर्ष नये व्यवसाय के लिए सुनहरे अवसरों के साथ लाभ के भी दरवाजे खोल रहा है। अगर आप बाहरी कंपनी के साथ अपने कॉन्टेक्टस बनाना चाहते हैं, तो यह वर्ष आपकी मदद करेगा और आपकी मनचाही डील को कामयाब बनाएगा। जो लोग नौकरी करते हैं,उनके लिए इस वर्ष मेहनत बहुत बढ़ जाएगी, क्योंकि आप अपने काम में अपनी पहचान बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे और आप बॉस और सीनियर की नजरों में भी आने लगेंगे। अगर आप नौकरी बदलना चाहते हैं,तो सितंबर से पहले बदल लें।

Finance
अंक 8 के लिए 2023 का वर्ष धन के लिए आपके सपने पूरे करने आ रहा है,लेकिन आप धन खर्च करने के साथ बचत की तरफ भी ध्यान देना होगा,नहीं तो इस वर्ष के अंत में जेब खाली हो जाएगी। अगर आप शेयर मार्किट में धन निवेश करना चाहते हैं,तो जून तक का समय बेहतर रहेगा और सितम्बर के बाद का समय बहुत संभलकर चलने वाला रहेगा। यह वर्ष जमीन के लेन-देन में सावधानी की मांग करेगा,इसलिए ध्यान रखें। इस साल किसी महिला मित्र के साथ काम करने से बचें और न ही धन देने का कोई वादा करें।

Relationship
अंक 8 के लिए 2023 का वर्ष रिश्तों के लिए बहुत ही सावधानी से चलना होगा क्योंकि आप अपने काम और धन कमाने में इतना व्यस्त हो जाएंगे,जिससे अपने प्रेमी और परिवार को अधिक समय ही नहीं दे पाएंगे। आप जिससे प्रेम करते हैं,उनकी भावनाओं को भी समझने की कोशिश करना और उनके साथ किसी तरह का छल नहीं करना। वैवाहित लोगों के लिए यह वर्ष कुछ खट्टा-मीठा रहेगा जिससे आपको अपने रिश्ते की अहमियत समझनी होगी तभी आप खुशहाल भरा जीवन यापन कर पाएंगे। इस वर्ष आप अपने साथी के साथ बाहर घूमने जाएंगे,जिससे पुराने गिले-शिकवे भी दूर होंगे।

Health
अंक 8 के लिए 2023 का वर्ष मानसिक तनाव के साथ शुरू हो सकता है,क्योंकि आप अपने काम में अधिक व्यस्त होने की वजह से अपनी सेहत ध्यान नहीं दे पाएंगे। अगर दोस्तों के साथ बाहर घूमने जाने की योजना बन रही हैं,तो अपने खाने-पीने का बहुत ध्यान रखे और पेट में इंफेक्शन होने से खुद को बचाकर रखे। जून के बाद अचानक सिर व आंखों में दर्द होने की वजह से काम में मन नहीं लगा पाएंगे,अगर ऐसा हो तो समय से ही इलाज करवा लें। वर्ष के अंत में किसी भी तरह की दुर्घटना से सावधान रहें और वाहन भी बहुत सावधानी से चलाएं।
विज्ञापन

10 of 10
Numerology 2023 - फोटो : अमर उजाला

Numerology 2023: मूलांक 9 का भविष्यफल

अंक 9,18 और 27 का जोड़ 9 है,जिसके स्वामी मंगल ग्रह हैं। यह ग्रह बहुत ही ऊर्जावान होते हैं। ऐसा जातक हमेशा आगे बढ़कर ऊंचाइयों को छुना चाहते हैं और अपनी सोच व मेहनत के बल पर सभी कठिनाइयों को पार करते हैं। ऐसे लोग हमेशा कुछ नया कर दिखाने में तत्पर रहते हैं। ऐसे लोग अपना प्यार पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं,क्योंकि ये लोग जानते हैं कि जैसे हम प्यार करते हैं सामने वाले से कैसे वैसे ही प्यार पाना हैं। अंक 9 के लिए 2023 का 7 अंक का वर्ष कार्य में बहुत संघर्ष के साथ सफलता दिखा रहा है। पढ़ें- राशिफल 2023

Career
अंक 9 के लिए 2023 का वर्ष जिसका जोड़ 7 अंक है और स्वामी ग्रह केतु हैं। अंक 9 वाले इस वर्ष अपने कार्य में संघर्ष होने से कुछ बेचेनी सी महसूस करेंगे और जल्दबाजी से अपना काम बिगाड़ भी सकते हैं। इस वर्ष आपको बहुत कुछ नया करने का अवसर भी प्राप्त होगा, इसलिए कार्य को लेकर कोई भी निर्णय आराम से लें। जिसमें ये वर्ष 2023 आपकी पूरी मदद भी करेगा। जुलाई से पहले नया और बडा प्रोजेक्ट मिलेगा, जिसमें कुछ कर दिखाने से आपका नाम और आय भी होगी। जो लोग नौकरी करते हैं,उनके लिए यह वर्ष नई नौकरी में मनचाही आय के साथ नए ऑफर लाएगा और जो लोग पहले से ही नौकरी करते हैं,उनके लिए जून से पहले प्रमोशन के अवसर प्राप्त होंगे। अगस्त के बाद अचानक बॉस से रिश्ते में कुछ खटास हो सकती है,जिसका कारण आपके साथ काम कर रहे लोग आपकी पीठ पीछे चल रही राजनीति भी कर सकते हैं,इसलिए कोई भी काम आराम से करें।

Finance
अंक 9 के लिए यह वर्ष 2023 धन के लेकर बेहतर ही रहेगा,लेकिन किसी की बातों में आकर किसी के साथ धन के लेन-देन की बात न करें, नहीं तो नुकसान आपका ही होगा। इस साल आपका धन आपके घूमने और वाहन पर भी खर्च होगा इसलिए ध्यान रखें। अगर आपको किसी से अपना पैसा लेना है, तो सितंबर के बाद का समय बेहतर रहेगा। जो लोग शेयर मार्किट में रुचि रखते हैं, उनके लिए यह वर्ष सफलता लेकर आ रहा हैं। जमीन में निवेश के लिए भी सितंबर तक का समय ही बेहतर रहेगा। इस वर्ष में कहीं से पुराना आने वाला निवेश या पिता से मिलने वाली सम्पत्ति से भी आपको फायदा होगा।

Relationship
अंक 9 के लिए यह 2023 का वर्ष बेहतर रहेगा क्योंकि आप वैसे ही अपने परिवार के लिए हमेशा कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। आप जिससे प्रेम करते हैं उनके साथ आपका समय रोमानी जाएगा और आप उनके साथ कहीं दूर कुछ दिन के लिए बाहर बिताने भी जाएंगे,जिससे आपका रिश्ता और भी मधुर होगा। अगर आप अकेले हैं तो आपको किसी पार्टी,एजुकेशन या अपने कार्य स्थल पर मनचाहा साथी मिलेगा। वैवाहिक लोगों के लिए यह वर्ष जीवनसाथी को समझने के साथ संबंधों को मधुर बनाने आ रहा है। इस वर्ष में आप अपने साथी के कार्य में भी हाथ बंटाएंगे और भावनात्मक उनका साथ भी देंगे।

Health 
अंक 9 के लिए यह वर्ष 2023 सेहत के हिसाब से अपने ऊपर ध्यान से चलने का होगा और आपको अपने गुस्से और खाने-पीने के साथ मौसम का भी ध्यान रखना होगा,क्योंकि इस वर्ष एक बार सेहत बिगड़ी तो परेशानी बढ़ जाएगी। अगर आपके सिर या खून से जुड़ी कोई परेशानी हो तो आपको बहुत ही सावधानी रखनी होगी,अगर ऐसी कोई समस्या हैं तो समय रहते इलाज करवा लें। आपके अपने ही अधिक क्रोध की वजह से आपका ब्लड़-प्रेशर बढ़ जाएगा और तबियत खराब हो सकती है। वर्ष के अंत में अचानक मानसिक तनाव के कारण कमजोरी और अकेलापन महसूस होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें