गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ दस दिवसीय गणेशोत्सव अनंत चतुर्दशी के दिन समाप्त होता है। 14 सितंबर को देशभर में भक्तों ने अपने घरों और पूजा पंडालों में भगवान गणेश की स्थापना की। कई जगहों पर गणपति की प्रतिमाओं का डेढ़ दिन, तीन दिन, पांच दिन या सात दिन बाद भी विसर्जन किया जाता है, जबकि अधिकांश बड़े पंडालों में गणेश प्रतिमा की विदाई अनंत चतुर्दशी के दिन होती है। इस दिन गणपति बप्पा को श्रद्धा और भावनाओं के साथ विदा किया जाता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर अनंत चतुर्दशी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा करने की परंपरा है। वर्ष 2026 में अनंत चतुर्दशी के दिन रवि योग का भी निर्माण हो रहा है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, रवि योग में किए गए शुभ कार्यों का विशेष फल प्राप्त होता है। ऐसे में आइए जानते हैं अनंत चतुर्दशी किस दिन है और गणेश विसर्जन के लिए शुभ मुहूर्त क्या रहने वाला है।