60वीं राष्ट्रीय विद्यालयी अंडर-17 बालक-बालिका वालीबाल टूर्नामेंट में बालक वर्ग के खिताब के लिए उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच मुकाबला होगा। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल तमिलनाडु और हरियाणा आमने-सामने होंगे।
तीसरे स्थान के लिए बालक वर्ग में उत्तराखंड और केरल के बीच मुकाबला होगा, जबकि बालिका वर्ग में कर्नाटक और महाराष्ट्र में टक्कर होगी।
पवेलियन ग्राउंड में शुक्रवार को बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल मैच में उत्तर प्रदेश ने मेजबान उत्तराखंड को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 25-22, 18-25, 20-25, 29-27, 20-18 से शिकस्त दी।
दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली ने केरल को 25-19, 25-16, 25-22 से हराकर खिताबी दौर में जगह बनाई। बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में हरियाणा ने महाराष्ट्र को 25-22, 25-21, 25-18 से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में तमिलनाडु ने कर्नाटक को 27-25, 22-25, 25-14, 25-20 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।