दक्षिण अफ्रीका के बाद न्यूजीलैंड से भी टेस्ट सीरीज हारने के बावजूद टीम इंडिया ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दूसरे पायदान पर कायम है।
हालांकि टीम इंडिया को रेटिंग अंक में नुकसान हुआ है। उसकी रेटिंग अंक घटकर 117 से 112 हो गई है और वह तीसरे स्थान पर स्थित ऑस्ट्रेलिया से सिर्फ एक रेटिंग अंक आगे है।
ऑस्ट्रेलिया के पास भारत को पछाड़ने का मौका है क्योंकि वह दक्षिण अफ्रीका के साथ चल रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। यदि ऑस्ट्रेलिया सीरीज ड्रा भी करा लेती है तो भारत से आगे पहुंच जाएगी।
नंबर वन के पास बदला चुकता करने का मौका
शीर्ष पायदान पर कायम दक्षिण अफ्रीका के पास अपना शीर्ष स्थान बचाने का सुनहरा मौका है, अगर अफ्रीकी टीम अपने अगले दो टेस्ट जीत जाती है तो वह न सिर्फ शीर्ष पर कायम रहेगी बल्कि ऑस्ट्रेलिया को रेटिंग अंक में नुकसान होगा और घटकर 110 अंक हो जाएंगे।
इस बीच न्यूजीलैंड पांच रेटिंग अंक हासिल कर वेस्ट इंडीज के बराबर (87) पहुंच गया है। न्यूजीलैंड सातवें और वेस्टइंडीज आठवें स्थान पर है। पाकिस्तान चौथे और श्रीलंका पांचवें स्थान पर स्थित है।
कीवी टीम को भारत के न्यूजीलैंड दौरे से रैंकिंग में खासा फायदा हुआ है। वनडे रैंकिंग में न्यूजीलैंड सातवें पायदान पर आ गया था।
पहली बार टॉप टेन में विराट कोहली
वनडे क्रिकेट में लाजवाब प्रदर्शन कर रहे विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में भी दुनिया के शीर्ष 10 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। वनडे में वह इस समय दूसरे पायदान पर हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में विराट कोहली आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के साथ पहली बार शीर्ष 10 बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं।
कोहली दो स्थान के सुधार के साथ अब नौंवे नंबर पर आ गए हैं और उनके 784 रेटिंग अंक हैं। टीम इंडिया के उपकप्तान ने सीरीज में 214 रन बनाए और वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर रहे। भारत की ओर से शिखर धवन ने सर्वाधिक 215 रन बनाए।
कोहली की तरह इस बल्लेबाज की भी बेस्ट रैंकिंग
दूसरी ओर, वेलिंग्टन टेस्ट में तिहरा शतक बनाने वाले न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम आठ स्थान की लंबी छलांग लगाकर 12वें पायदान पर पहुंच गए हैं। कोहली की तरह यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ मुकाम है। मैकुलम के अब 724 रेटिंग अंक हो गए हैं।
हालांकि मैकुलम को यह स्थान साझा करना पड़ेगा। वह ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के साथ संयुक्त 12वें स्थान पर हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज और कीवी कप्तान ने वेलिंग्टन टेस्ट में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 302 रन की बेहतरीन पारी खेली थी।
मैकुलम ने ऑकलैंड में खेले गए पहले टेस्ट में भी दोहरा शतक बनाया था। उन्होंने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 133.75 के औसत से सर्वाधिक 535 रन बनाए थे।
शीर्ष पायदान पर दक्षिण अफ्रीका का है कब्जा
तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भले ही दक्षिण अफ्रीका को करारी हार मिली हो लेकिन वह अब भी नंबर वन टीम बनी हुई है। साथ ही बल्लेबाजी और गेंदबाजी में भी उनकी टीम के खिलाड़ियों का कब्जा है।
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एबी डीविलियर्स टॉप पर हैं जबकि श्रीलंका के कुमार संगकारा दूसरे और वेस्टइंडीज के शिवनारायण चंद्रपाल तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन पहले स्थान पर अपना कब्जा कायम रखने में सफल रहे हैं। उनकी ही देश के वर्नोन फिलेंडर दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज रेयान हैरिस और मिचेल जॉनसन तीसरे तथा चौथे स्थान पर कायम हैं।