धर्मेंद्र पटवाल की किफायती गेंदबाजी और अरविंद सजवाण की संघर्षपूर्ण पारी के दम पर उत्तराखंड टाइगर ने प्रथम दि प्रेसीडेंस कप क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता टीम को ट्रॉफी और 31 हजार रुपए का पुरस्कार
फाइनल मुकाबले में हिमालयन क्रिकेट क्लब को 15 रन से शिकस्त दी। विजेता टीम को ट्रॉफी और 31 हजार रुपए का पुरस्कार मिला। उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए का पुरस्कार मिला।
कसिगा स्कूल मैदान में शनिवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबले में उत्तराखंट टाइगर के कप्तान अंशुल डांगी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। मृणाल और अमित ने पारी की शुरुआत की, लेकिन मृणाल 9 रन बनाकर पवेलियन लौट आए।
इसके बाद नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहने से उत्तराखंड टाइगर निर्धारित 15 ओवर में 97 रन ही बना सकी। मध्यक्रम में अरविंद ने 25, अंकित ने 17 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 11 रन अतिरिक्त मिले।
हिमालयन के विजय सिंह व राहुल ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हिमालयन की शुरुआत अच्छी रही और मात्र 3 ओवर में टीम ने 29 रन बनाकर इरादे भी जाहिर किए। मगर गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर उत्तराखंड टाइगर ने वापसी की और हिमालयन को 82 रन पर ही रोक लिया।
योगेंद्र ने 16, भृगुराज ने 14, जगदीश व विजय ने 13-13 रन बनाए। उत्तराखंड टाइगर के धर्मेंद्र पटवाल ने 3, गोपाल, अरविंद ने 1-1 विकेट लिया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डा.आरके जैन ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर अनिल गोयल, सुशील राठी, रमेश बत्ता, अनुज एस सिंह, उदयवीर सिंह पुंडीर, देवेंद्र सिंह नेगी, आयोजन सचिव जावेद बट्ट, अमित अग्रवाल, मुकेश शर्मा आदि मौजूद थे।