चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो चैंपियनशिप के पहले दिन अफगानिस्तान और तजाकिस्तान के नाम एक-एक स्वर्ण रहा। मेजबान भारत को दो कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
सीएम ने किया उद्घाटन
मसूरी डायवर्जन रोड स्थित पेसलवीड कॉलेज में उत्तराखंड स्पोर्ट्स ताईक्वांडो एसोसिएशन और ताईक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री हरीश रावत और खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने किया।
उद्घाटन मुकाबला 54 किलो भार वर्ग में भारत के सुबोध और तजाकिस्तान के सोहराब के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में सोहराब ने सुबोध को 15-0 से करारी शिकस्त दी। इसी भार वर्ग में अफगानिस्तान के काजी ने तजाकिस्तान के सोहराब को हराकर स्वर्ण जीता।
भारत को मिले दो कांस्य
सोहराब को रजत, भारत के सुबोध और नेपाल के चंद्रा को कांस्य पदक मिला। जूनियर वेंटम वेट (48-51 किग्रा भार वर्ग) में अफगानिस्तान के मेहंदी ने स्वर्ण, ईरान के हर्ष मेतुल्ला ने रजत, भारत के प्रदीप और नेपाल के मिटान ने कांस्य पदक जीता।
प्रतियोगिता में भारत, ईरान, नेपाल, अफगानिस्तान, तजाकिस्तान और मलेशिया के खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर ताईक्वांडो एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव जिमी आर जगत्यानी, उत्तराखंड स्पोर्ट्स ताईक्वांडो एसोसिएशन अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, सचिव जावेद खान और पेसलवीड कॉलेज अध्यक्ष प्रेम कश्यप आदि रहे।