आईपीएल का सातवां संस्करण अगले महीने जून की पहली तारीख को खत्म हो रहा है। और डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक चलने वाले इस टी-20 टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद टीम इंडिया को बांग्लादेश का दौरा करना होगा।
विज्ञापन
लेकिन इस दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करना चयनकर्ताओं के लिए आसान नहीं होगा। इस बार चयनकर्ताओं को एक कप्तान का चुनाव भी करना होगा जो वहां पर टीम को जीत दिला सके।
नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा विराट कोहली को इस दौरे के लिए टीम की कमान नहीं सौंपी जा रही है।
IPL के बाद बांग्लादेश जाएगी टीम इंडिया
भारत आईपीएल का सातवां संस्करण एक जून को समाप्त हो जाने के बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगा।
हालांकि इस दौरे में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के जाने की संभावना नहीं है। बांग्लादेश के दौरे से लौटने के बाद भारत 22 जून को इंग्लैंड के मुश्किल दौरे पर रवाना होगा।
टीम इंडिया उससे पहले बांग्लादेश के संक्षिप्त दौरे में 15, 17 और 19 जून को ढाका में 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।
बहुत व्यस्त है भारत का आगामी दौरा
इस दौरे पर टीम इंडिया की कप्तानी किसी नए खिलाड़ी के हाथ में होगी क्योंकि इस दौरे पर धोनी और कोहली टीम के साथ नहीं होंगे।
धोनी अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताना चाहते हैं। बीसीसीआई भी धोनी को विश्राम देना चाहता है क्योंकि टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरे से लेकर 2015 वर्ल्ड कप तक काफी व्यस्त सत्र है।
उपकप्तान और स्टायलिश बल्लेबाज विराट कोहली ने भी आगामी व्यस्त सत्र को देखते हुए बोर्ड को ब्रेक लेने की इच्छा जताई है।
रोहित या अश्विन को मिल सकती है कमान
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के छुट्टी पर जाने के कारण बांग्लादेश जाने वाली टीम इंडिया के लिए चयनकर्ताओं को एक नया कप्तान चुनना होगा।
क्योंकि पिछले कुछ सालों में इन दोनों क्रिकेटरों के अलावा वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर के अलावा सुरेश रैना ने टीम इंडिया की कप्तानी की थी, लेकिन तीनों को ही फरवरी-मार्च में बांग्लादेश में खेले गए एशिया कप में टीम में शामिल नहीं किया गया था।
ऐसे में इस बात की संभावना ज्यादा है कि बल्लेबाज रोहित शर्मा को टीम की कमान पहली बार सौंपी जाए। यह भी हो सकता है कि फिरकी गेंदबाज आर अश्विन को भी कप्तान बनाया जा सकता है।
कार्डिफ में होगी एशेज की शुरूआत
दूसरी ओर, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच अगले साल होने प्रतिष्ठित एशेज सीरीज का कार्यक्रम तय हो गया है। सीरीज का पहला मुकाबला आठ जुलाई से कार्डिफ के फिया गार्डंस मैदान में खेला जाएगा।
इससे पहले भी 2009 में कार्डिफ में एशेज का शुरुआती मैच खेला गया था। टेस्ट सीरीज के अन्य मैच ऐतिहासिक लॉर्ड्स, एजबेस्टन, ट्रेंटब्रिज और ओवल में खेले जाएंगे।
इंग्लैंड एशेज से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स और हेडिंग्ले में टेस्ट खेलने के अलावा पांच वनडे मैचों की सीरीज भी खेलेगा।
टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी
इंग्लैंड टेस्ट और वनडे सीरीज के अलावा ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ एक-एक टी-20 मैच में भी साझेदारी करेगा।
हालांकि इंग्लैंड ने अपनी धरती में पिछली 3 घरेलू एशेज सीरीज में जीत हासिल की है पर पिछली सीरीज में इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 0-5 से करारी हार भी झेलनी पड़ी थी।
एशेज सीरीज के इतिहास में पहली बार एक साल में दो बार सीरीज खेली गई थी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दावा किया है कि पूर्व पाकिस्तानी लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद अब पाकिस्तानी टीम से जुड़ गए हैं।
वह पाकिस्तान टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच होंगे। इस दिग्गज गेंदबाज ने अपने करियर में पाक के लिए 52 टेस्ट मैच खेले हैं। पीसीबी के अनुसार मुश्ताक को कोच नियुक्त करने वाली समिति की सिफारिश पर राष्ट्रीय टीम का स्पिन कोच बनाया गया है।
इससे पहले पिछले छह वर्षों से वह इंग्लैंड को अपनी सेवाएं दे रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली एशेज सीरीज में मिली हार के बाद उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा था।