ओपनर कुशल परेरा (61) और एंजेलो मैथ्यूज (43) की जोरदार पारियों के बाद कसी हुई गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-एक के एक मुकाबले में शनिवार
को दक्षिण अफ्रीका को 5 रन से हरा दिया।
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 165 रन बनाए। जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन ही बना सकी।
खराब शुरुआत से टीम को उबारने वाले कुशल परेरा को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। परेरा ने 40 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली थी।
मध्य क्रम की नाकामी से हारा दक्षिण अफ्रीका
श्रीलंका से मिले 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने सधी शुरुआत की और 10 ओवर में एक विकेट खोकर 75 रन बना लिए थे और उसे जीत के लिए अगले 10 ओवर में 91 रन चाहिए थे।
लेकिन शीर्ष क्रम के बाद मध्य क्रम टीम को उपयोगी योगदान नहीं दे सका। जेपी डुमनी ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। जबकि ओपनर क्विंटन डी कॉक (25), हाशिम अमला (23) और कप्तान एबी डीविलियर्स (24) ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने की कोशिश की लेकिन मध्य क्रम की नाकामी से टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
श्रीलंका की ओर से सचित्र सेनानायके ने 22 रन देकर दो विकेट झटके। चार गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।
पहले ओवर में लंका ने बनाए 17 रन
पहले बल्लेबाजी करने का फैसला श्रीलंका के लिए बेहद फायदेमंद साबित नहीं हुआ और दिलशान तिलकरत्ने (0) पहले ही ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हो गए।
इसके बाद महेला जयवर्धने (9) और कुमार संगकारा (14) भी सस्ते में चलते बने। हालांकि ओपनर कुशल परेरा (61 रन, 40 गेंद, 6 चौका और 3 छक्का) ने अपनी आतिशी पारी जारी रखी और कुछ अच्छे शॉट भी लगाए। परेरा के अलावा एंजेलो मैथ्यूज (43) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
पहले ओवर में 17 रन बनाने वाली श्रीलंका की टीम अपना आगे नहीं ले जा सकी। परेरा और मैथ्यूज के अलावा अन्य बल्लेबाज खास नहीं कर सके।
ताहिर ने झटके तीन विकेट
आज के मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन के खेलने पर संशय था लेकिन उन्होंने दो बल्लेबाजों को बोल्ड कर चलता किया।
स्टेन के अलावा फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर ने भी बेहद शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में महज 26 रन देकर तीन विकेट झटके।
मोर्न मोर्कल भी दो विकेट हासिल करने में सफल रहे।
श्रीलंका का पहले बल्लेबाजी का फैसला
इससे पहले एशियाई चैंपियन श्रीलंका ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।
दक्षिण अफ्रीका ने अभ्यास मैचों में बांग्लादेश-ए को पांच विकेट से और पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया था।
वहीं, पांचवीं बार एशिया कप जीतने वाली श्रीलंका की टीम ने अभ्यास मैचों में भारत को महज पांच रन से हराया था लेकिन उसे दूसरे अभ्यास मैच में 33 रन से शिकस्त मिली थी।